जिस अनुपस्थिति को माना अवकाश, उसी पर कर दिया बर्खास्त, 28 साल बाद हाईकोर्ट ने पलटा फैसला

Mukesh Sharma | Published:
​विभाग की दोहरी कार्रवाई पर हाईकोर्ट की चोट​
High Court raps department over its dual action
राजस्थान हाईकोर्ट ने एक पुलिस कांस्टेबल की बर्खास्तगी को अवैध और मनमाना मानते हुए रद्द कर दिया है। खास बात यह है कि विभाग ने जिस अवधि की अनुपस्थिति को बिना वेतन अवकाश के रूप में नियमित कर दिया था, उसी अनुपस्थिति को बर्खास्तगी का आधार भी बनाया। अदालत ने इस विरोधाभास को गलत माना। हालांकि,अदालत ने करीब 28 साल से अधिक समय तक नौकरी से बाहर रहने और पूर्व सेवा रिकॉर्ड संतोषजनक नहीं होने के कारण कांस्टेबल को वापस नौकरी पर बहाल करने के बजाय 20 लाख रुपए मुआवजा देने का आदेश दिया है।

जस्टिस विनीत माथुर और जस्टिस संदीप शाह की खंडपीठ ने शैताना राम की अपील पर सुनवाई करते हुए यह फैसला सुनाया। अदालत ने राज्य सरकार को निर्देश दिया है कि फैसले की प्रमाणित प्रति मिलने के तीन महीने के भीतर कांस्टेबल को 20 लाख रुपए का भुगतान किया जाए। साथ ही, उन्हें इस अवधि के लिए कोई अन्य सेवा संबंधी लाभ नहीं मिलेगा।



1996 में दर्ज हुआ हत्या का मामला, बाद में हुए बरी:

अपीलार्थी के अधिवक्ता ए.एस. सलूजा ने अदालत को बताया कि शैताना राम की नियुक्ति 9 नवंबर, 1990 को पुलिस कांस्टेबल के पद पर हुई थी। विभाग का आरोप था कि वह 19 फरवरी, 1996 को बिना अनुमति अपने गृह क्षेत्र चले गए थे। इसी बीच, एक मार्च, 1996 को उनके भाई बस्ती राम की हत्या के मामले में उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई। पुलिस ने 15 अप्रैल, 1996 को उन्हें गिरफ्तार कर लिया। बाद में आपराधिक मामले की सुनवाई के दौरान ट्रायल कोर्ट ने उन्हें संदेह का लाभ देते हुए बरी कर दिया था।



हालांकि, आपराधिक मामले में बरी होने के बावजूद विभागीय कार्रवाई जारी रही। विभागीय जांच के बाद 7 जनवरी, 1998 को उन्हें पुलिस सेवा से बर्खास्त कर दिया गया। शैताना राम ने इस फैसले के खिलाफ विभागीय अपील की, लेकिन वहां से भी उन्हें राहत नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने हाईकोर्ट की सिंगल बेंच में चुनौती दी। सिंगल बेंच ने भी बर्खास्तगी के आदेश को बरकरार रखा। इसके बाद उन्होंने डिवीजन बेंच में अपील दायर की।



एक ही अनुपस्थिति पर दो विरोधाभासी फैसले:

डिवीजन बेंच में अपीलार्थी की ओर से मुख्य तर्क यह दिया गया कि बर्खास्तगी का आदेश अपने आप में विरोधाभासी था। अधिवक्ता ने बताया कि अनुशासनात्मक प्राधिकारी ने 19 फरवरी, 1996 से 15 अप्रैल, 1996 तक की 56 दिनों की अनुपस्थिति को बिना वेतन अवकाश के रूप में नियमित कर दिया था। वहीं, 15 अप्रैल, 1996 के बाद की अवधि को पुलिस और न्यायिक हिरासत में रहने के कारण अनधिकृत अनुपस्थिति नहीं माना गया था।



ऐसे में विभाग ने जिस अवधि को अवकाश के रूप में नियमित कर दिया था, उसी अवधि को बर्खास्तगी की सजा देने का आधार बनाना उचित नहीं था। अपीलार्थी की ओर से इसी आधार पर बर्खास्तगी के आदेश को गलत बताते हुए रद्द करने की मांग की गई।



हाईकोर्ट ने कहा, आदेश में विरोधाभास स्वीकार्य नहीं:

मामले की सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने माना कि जब अनुशासनात्मक प्राधिकारी ने अनुपस्थिति की अवधि को बिना वेतन अवकाश के रूप में नियमित कर दिया था, तो उसी अनुपस्थिति को आधार बनाकर बर्खास्तगी की सजा देना सही नहीं था। अदालत ने इस बात पर भी ध्यान दिया कि हत्या से जुड़े आपराधिक मामले में बरी होने के तथ्य के संबंध में विभागीय आदेश में कोई स्पष्ट निष्कर्ष दर्ज नहीं किया गया था।



अदालत ने यह भी माना कि बिना अनुमति अनुपस्थित रहने के हर मामले को जानबूझकर की गई अनुपस्थिति नहीं माना जा सकता। इसके लिए मामले की परिस्थितियों और संबंधित कर्मचारी के आचरण को देखना जरूरी है। ऐसे में किसी कर्मचारी के खिलाफ कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई करते समय उपलब्ध तथ्यों और परिस्थितियों पर उचित विचार किया जाना चाहिए।



बहाली के बजाय मुआवजा देने का फैसला:

हाईकोर्ट ने शैताना राम को वापस पुलिस सेवा में बहाल करने का आदेश नहीं दिया। अदालत ने उनके पूर्व सेवा रिकॉर्ड को संतोषजनक नहीं माना। इसके अलावा, वह करीब 28 साल से अधिक समय से सेवा से बाहर हैं। इन परिस्थितियों को देखते हुए अदालत ने नौकरी में बहाली के बजाय आर्थिक मुआवजा देना उचित समझा।



हाईकोर्ट ने राज्य सरकार को तीन महीने के भीतर 20 लाख रुपए का भुगतान करने का निर्देश दिया है। अदालत ने स्पष्ट किया कि मुआवजे के अलावा अपीलार्थी को कोई अन्य सेवा संबंधी लाभ नहीं मिलेगा। इस तरह अदालत ने बर्खास्तगी को अवैध मानते हुए रद्द तो कर दिया, लेकिन लंबे समय तक सेवा से बाहर रहने और पूर्व रिकॉर्ड को देखते हुए उन्हें दोबारा नौकरी में लेने के बजाय मुआवजे के जरिए राहत दी।



Tags:
  • राजस्थान हाईकोर्ट
  • पुलिस कांस्टेबल
  • शैताना राम
  • कांस्टेबल बर्खास्तगी
  • 20 लाख मुआवजा
  • हाईकोर्ट का फैसला
  • पुलिस विभाग
  • नौकरी से बर्खास्त
  • Rajasthan High Court
  • Constable Compensation