Live Blog
राजस्थान नगरीय निकाय चुनाव: वोटिंग हुई संपन्न, जयपुर में 62.88% हुआ मतदान
Sept 11, 2026, 19:55 IST

Synopsis: राजस्थान निकाय चुनाव के दूसरे चरण में जयपुर सहित 147 निकायों में मतदान संपन्न हुआ। शाम 6 बजे तक के आंकड़ों के अनुसार, छह नगर निगमों में सबसे अधिक मतदान पाली नगर निगम में 70.94 प्रतिशत दर्ज किया गया।

Sept 11, 2026, 19:55 IST
पहले चरण के चार निगमों में कितना मतदान

पहले चरण में भरतपुर नगर निगम में करीब 73 प्रतिशत, बीकानेर में करीब 69 प्रतिशत, अलवर में 65 प्रतिशत से ज्यादा और भीलवाड़ा में करीब 64 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। वहीं सभी निकायों में प्रतापगढ़ की अरनोद नगरपालिका में सर्वाधिक 91.98 प्रतिशत मतदान हुआ था।

पहले चरण के आंकड़ों में एक बात साफ दिखाई दी कि छोटे नगर निकायों में बड़े शहरों के मुकाबले मतदाता ज्यादा संख्या में बूथ तक पहुंचे। पहले चरण में 54 निकायों में मतदान 85 प्रतिशत से ऊपर रहा था।

Sept 11, 2026, 19:54 IST
9 सितंबर को पहले चरण में 76.41% मतदान

इससे पहले 9 सितंबर को निकाय चुनाव के पहले चरण का मतदान हुआ था। पहले चरण में प्रदेश के 162 नगरीय निकायों के 5,393 वार्डों में वोट डाले गए थे।

पहले चरण में करीब 57.52 लाख मतदाताओं में से 43.95 लाख से ज्यादा लोगों ने मतदान किया। अंतिम मतदान प्रतिशत 76.41 रहा। पहले चरण में 4 नगर निगम, 27 नगर परिषद और 131 नगरपालिकाएं शामिल थीं।

Sept 11, 2026, 19:54 IST
जयपुर में पिछली बार से ज्यादा वोटिंग

जयपुर में इस बार 150 वार्डों में 62.88 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। 2020 में जयपुर हेरिटेज में 57.82 और जयपुर ग्रेटर में 58.31 प्रतिशत मतदान हुआ था। इस लिहाज से एकीकृत जयपुर नगर निगम में इस बार मतदान प्रतिशत पिछली बार के दोनों निगमों से करीब 4.5 से 5 प्रतिशत अंक ज्यादा रहा।

जयपुर में वार्डवार आंकड़ों में और भी बड़ा अंतर सामने आया है। वार्ड नंबर 150 में सर्वाधिक 83.70 प्रतिशत मतदान हुआ, जबकि वार्ड नंबर 100 में सबसे कम 46.33 प्रतिशत वोट पड़े। दोनों के बीच मतदान का अंतर 37.37 प्रतिशत अंक रहा। शहर के पांच वार्ड ऐसे भी रहे, जहां 50 प्रतिशत से कम मतदान हुआ।

Sept 11, 2026, 19:53 IST
जोधपुर में बढ़ा मतदान, कोटा में बड़ी गिरावट

पिछले नगर निगम चुनावों से तुलना करें तो जोधपुर और कोटा की तस्वीर बिल्कुल उलट दिखाई देती है।

2020 में जोधपुर उत्तर में 62.64 और जोधपुर दक्षिण में 58.76 प्रतिशत मतदान हुआ था। इस बार एकीकृत जोधपुर नगर निगम में मतदान 71.10 प्रतिशत तक पहुंच गया। यानी पिछले चुनाव के दोनों निगमों के मुकाबले इस बार जोधपुर में वोटिंग प्रतिशत में अच्छा उछाल आया।

कोटा में इसका उलटा हुआ। 2020 में कोटा उत्तर में 65.12 और कोटा दक्षिण में 66.43 प्रतिशत मतदान हुआ था। इस बार एकीकृत कोटा नगर निगम में मतदान घटकर 57.02 प्रतिशत रह गया। यानी पुराने दोनों निगमों की तुलना में करीब 8 से 9 प्रतिशत अंक की गिरावट दिखाई देती है।

Sept 11, 2026, 19:52 IST
6 नगर निगमों का वोटिंग रिपोर्ट कार्ड

जोधपुर में 71.10 प्रतिशत, पाली में 70.94 प्रतिशत, उदयपुर में 67.26 प्रतिशत, अजमेर में 63.65 प्रतिशत, जयपुर में 62.88 प्रतिशत और कोटा में 57.02 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

इस तरह जोधपुर और पाली ही दो ऐसे नगर निगम रहे, जहां मतदान 70 प्रतिशत के पार पहुंचा। दूसरी ओर कोटा छह नगर निगमों में इकलौता शहर रहा, जहां मतदान 60 प्रतिशत भी नहीं पहुंच सका।

Sept 11, 2026, 19:52 IST
निकाय चुनाव की वोटिंग खत्म: जोधपुर सबसे आगे, कोटा सबसे पीछे; जयपुर में 62.88% मतदान

राजस्थान में नगर निकाय चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण का मतदान शुक्रवार शाम 6 बजे समाप्त हो गया। दूसरे चरण में जयपुर, जोधपुर, कोटा, अजमेर, उदयपुर और पाली समेत 147 नगरीय निकायों में वोट डाले गए। इसके साथ ही प्रदेश में निकाय चुनाव की मतदान प्रक्रिया पूरी हो गई है। अब प्रत्याशियों की किस्मत EVM में कैद है।

दूसरे चरण के छह बड़े नगर निगमों के आंकड़े देखें तो मतदान में बड़ा अंतर सामने आया है। जोधपुर 71.10 प्रतिशत मतदान के साथ सबसे आगे रहा, जबकि कोटा में सबसे कम 57.02 प्रतिशत वोटिंग हुई। जयपुर में 62.88 प्रतिशत मतदाता बूथ तक पहुंचे।

Sept 11, 2026, 19:40 IST
जयपुर नगर निगम में रिकॉर्ड वोटिंग, पाली नगर निगम में सबसे अधिक मतदान

राजस्थान निकाय चुनाव के दूसरे चरण में जयपुर सहित 147 निकायों में मतदान संपन्न हुआ। शाम 6 बजे तक के आंकड़ों के अनुसार, छह नगर निगमों में सबसे अधिक मतदान पाली नगर निगम में 70.94 प्रतिशत दर्ज किया गया। वहीं, जयपुर नगर निगम में इस बार रिकॉर्ड वोटिंग हुई, जहां शाम 6 बजे तक 62.74 प्रतिशत मतदान हुआ। जोधपुर में यह आंकड़ा 71.10 प्रतिशत रहा।

इस बीच प्रदेश के कई हिस्सों से विवाद और मारपीट की खबरें भी सामने आईं। पाली जिले की फालना-खुडाला नगरपालिका में मतदान के दौरान वार्ड 8 में भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच विवाद खड़ा हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए, जिससे मौके पर तनाव की स्थिति बन गई। दोनों पक्षों के लोगों ने पुलिस के सामने ही एक-दूसरे पर मुक्के और चांटे चलाए।

सीकर नगर परिषद के वार्ड 15 में कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थकों ने भाजपा प्रत्याशी के पति के साथ मारपीट की। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को खदेड़ा। मारपीट के आरोप में कांग्रेस प्रत्याशी जीवण खां के भतीजे आरिफ सहित अन्य लोगों के नाम सामने आए हैं।

इसके अलावा, श्रीगंगानगर जिले की सादुलशहर नगरपालिका के बूथ नंबर 5 पर पूर्व नगरपालिका चेयरमैन एवं निर्दलीय प्रत्याशी प्रदीप खीचड़ के साथ मारपीट की घटना हुई। उन्होंने भाजपा विधायक गुरवीर सिंह बराड़ के समर्थकों पर मारपीट करने का आरोप लगाया है।

Sept 11, 2026, 15:25 IST
कोटा में निकाय चुनाव के बीच मतदान का बहिष्कार

कोटा में निकाय चुनाव के बीच बोरखेड़ा स्थित स्वराज एन्क्लेव के निवासियों ने एकजुट होकर मतदान न करने का बड़ा फैसला लिया है। कॉलोनी में मूलभूत सुविधाएँ न मिलने से नाराज बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, महिलाएँ और बुजुर्ग सड़कों पर धरने पर बैठ गए।

प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और आरोप लगाया कि कई बार शिकायत करने के बाद भी कॉलोनी में न रोड लाइट्स लगाई गईं और न ही सफाई की उचित व्यवस्था की गई। इस दौरान 'रोड-लाइट नहीं तो वोट नहीं' का नारा भी लगाया गया।

स्थानीय लोगों ने साफ शब्दों में अपनी मांग दोहराते हुए कहा कि जब तक निगम और प्रशासन उनकी बुनियादी समस्याओं का समाधान नहीं करता, तब तक वे कोई वोट नहीं डालेंगे।

Sept 11, 2026, 14:51 IST
सीकर में फर्जी वोटिंग का मामला: कांग्रेस प्रत्याशी के बेटे समेत तीन पकड़े गए

सीकर में नगर निकाय चुनाव के दौरान फर्जी वोटिंग को लेकर जमकर हंगामा हुआ है। वार्ड नंबर 18 में पुलिस ने फर्जी मतदान के आरोप में दो महिलाओं को हिरासत में ले लिया और दोनों को थाने ले जाया गया।

इसी वार्ड से जुड़ा एक और गंभीर आरोप सामने आया है, जिसमें कांग्रेस प्रत्याशी साबिर के बेटे पर तीन बार फर्जी वोट डालने का आरोप लगा है। आरोप है कि वह मतदान केंद्र के सामने बने एक घर में छिपा हुआ बैठा था, जहाँ से पुलिस ने उसे पकड़ लिया।

इन घटनाओं के बाद वार्ड में मतदान के दौरान माहौल काफी गरमा गया।

Sept 11, 2026, 13:19 IST
वार्ड 49 में फर्जी मतदान का आरोप, कांग्रेस प्रत्याशी ने किया विरोध

सांगानेर विधानसभा क्षेत्र के वार्ड 49 में कांग्रेस प्रत्याशी धर्म सिंह सिंघानिया ने फर्जी मतदान का आरोप लगाते हुए अपने समर्थकों के साथ मतदान केंद्र पर विरोध प्रदर्शन किया।

सिंघानिया का आरोप है कि जो मतदाता यहाँ वोट डालने पहुंच रहे हैं, उनके पहुंचने से पहले ही कोई अन्य व्यक्ति फर्जी तरीके से उनकी जगह वोट डाल चुका है। विरोध के दौरान उन्होंने एक महिला मतदाता की परेशानी का भी जिक्र किया।

उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर निर्वाचन आयोग ने इस मामले में जल्द कार्रवाई नहीं की, तो वे यहां मतदान नहीं होने देंगे और अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर देंगे।

Sept 11, 2026, 12:48 IST
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने डाला वोट

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने पाली जिले के सुमेरपुर स्थित वार्ड नंबर 35 में अपना मतदान किया। इस अवसर पर उन्होंने आम जनता से भी अपील की कि वे जागरूकता दिखाते हुए सोच-समझकर वोट डालें।

मतदान के बाद मदन राठौड़ ने कहा कि उनका केंद्रीय नेतृत्व 'वन नेशन-वन इलेक्शन' चाहता है, ताकि एक बार चुनाव संपन्न होने के बाद अगले पाँच वर्षों तक पूरी निष्ठा से क्षेत्र के विकास पर काम किया जा सके। उन्होंने कहा कि बार-बार चुनाव होने से आचार संहिता लग जाती है, अधिकारी दूसरे राज्यों में चले जाते हैं, जिससे यहाँ के विकास कार्य ठप पड़ जाते हैं। इसी सोच के साथ मुख्यमंत्री ने भी 'वन स्टेट-वन इलेक्शन' का फैसला किया है, ताकि एक बार मतदान हो और उसके बाद लगातार पाँच साल तक विकास कार्य बिना रुकावट चलें।

Sept 11, 2026, 12:19 IST
किशनगढ़, अजमेर के वार्ड 38 में मतदान के दौरान बवाल

किशनगढ़ के वार्ड 38 में मतदान के दौरान जमकर बवाल हुआ, जहां निर्दलीय प्रत्याशी समेत दो पक्षों के बीच मारपीट की घटना सामने आई।

बताया जा रहा है कि वार्ड नंबर 38 के बूथ संख्या 78/79 के बाहर मतदान के दौरान पहले कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई। निर्दलीय प्रत्याशी और एक अन्य व्यक्ति के बीच शुरू हुई बहस कुछ ही देर में झड़प में तब्दील हो गई, जिसके बाद दोनों पक्षों में जमकर मारपीट शुरू हो गई। इससे मतदान स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन अलर्ट होकर मौके पर पहुंचा और दोनों पक्षों को अलग कराकर स्थिति को संभाला।

Sept 11, 2026, 12:07 IST
वोट डालने के बाद खाचरियावास ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना

पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने जयपुर के सिविल लाइंस क्षेत्र में अपने परिवार के साथ मतदान किया। मतदान के बाद उन्होंने कहा कि जनता भाजपा के खिलाफ वोट करेगी।

खाचरियावास ने आरोप लगाया कि भाजपा में अहंकार बढ़ गया है। उन्होंने इसे ऐसा चुनाव बताया जो इस अहंकार को तोड़ने और भाजपा को यह एहसास कराने का मौका है कि उसे जनता की बात सुननी चाहिए। उन्होंने कहा कि पिछले ढाई वर्षों में राजस्थान में भाजपा सरकार काम करने में असफल साबित हुई है, जिससे जयपुर सहित पूरा राजस्थान परेशान है।

Sept 11, 2026, 12:05 IST
राज्यपाल ने किया मतदान

राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने सुबह 10:40 बजे जयपुर के केशवनगर सामुदायिक भवन स्थित मतदान केंद्र पर पहुँचकर अपना वोट डाला।मतदान के बाद राज्यपाल ने इसे लोकतंत्र का सबसे पावन पर्व बताया और प्रदेशवासियों से अपील की कि वे इस महापर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें। उन्होंने सभी मतदाताओं से आग्रह किया कि वे बिना किसी भय के, पूरी निर्भीकता के साथ अपने संवैधानिक मताधिकार का प्रयोग करें।राज्यपाल बागडे ने लोकतंत्र को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से नगर निकाय चुनावों में आम जनता से अधिक से अधिक और रिकॉर्ड मतदान करने का आह्वान भी किया।

Sept 11, 2026, 12:04 IST
DCP साउथ ने किया पोलिंग बूथ का निरीक्षण

जयपुर के DCP साउथ राजर्षि ने मानसरोवर स्थित संस्कृति कॉलेज के पोलिंग बूथ पर अचानक दौरा किया। इस दौरान पुलिसकर्मी पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आए।

Sept 11, 2026, 11:49 IST
बूथ पर हंगामा: सांसद के साथ आई युवती पर फर्जी मतदान का आरोप

दौसा के वार्ड 53 स्थित मतदान केंद्र उस समय सुर्खियों में आ गया, जब दौसा सांसद मुरारी लाल मीणा के साथ पहुंची एक युवती को लेकर भाजपा प्रत्याशी ने आपत्ति जताई। इसी बात को लेकर पोलिंग बूथ पर जमकर हंगामा हो गया।

Sept 11, 2026, 11:36 IST
भीलवाड़ा जिले में उत्साह के साथ जारी है मतदान

भीलवाड़ा जिले के विभिन्न नगरीय निकायों में मतदान को लेकर मतदाताओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। विभिन्न क्षेत्रों में दर्ज मतदान आंकड़े इस प्रकार हैं:

  • आसींद– कुल मतदान 4,767, प्रतिशत 28.59

  • गुलाबपुरा– कुल मतदान 5,436, प्रतिशत 24.83

  • गंगापुर– कुल मतदान 4,007, प्रतिशत 27.99

  • हमीरगढ़– कुल मतदान 3,224, प्रतिशत 35.71

  • बनेड़ा– कुल मतदान 3,031, प्रतिशत 35.39

  • शाहपुरा– कुल मतदान 5,790, प्रतिशत 24.70

  • जहाजपुर– कुल मतदान 4,487, प्रतिशत 26.99

  • मांडलगढ़– कुल मतदान 2,510, प्रतिशत 22.59

  • बिजोलिया– कुल मतदान 3,708, प्रतिशत 28.19

Sept 11, 2026, 11:32 IST
हनुमानगढ़ के वार्ड 59 में सिर फोड़ने की घटना

हनुमानगढ़ जंक्शन के वार्ड 59, सुरेशिया में एक व्यक्ति का सिर ईंट से फोड़ने का मामला सामने आया है। घायल व्यक्ति की पहचान हनुमान वर्मा के रूप में हुई है।

इस घटना का आरोप निर्दलीय प्रत्याशी निरंजन नायक पर लगाया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और स्थिति को काबू में किया।

Sept 11, 2026, 10:58 IST
मुख्य सचिव श्री वी. श्रीनिवास ने मतदाताओं से निर्भीक होकर मतदान करने का किया आह्वान

मुख्य सचिव श्री वी. श्रीनिवास ने शुक्रवार को प्रातः 9 बजे नगरीय निकाय चुनाव के तहत राजकीय सेठ आनंदी लाल पोद्दार बधिर उच्च माध्यमिक विद्यालय, जेएलएन मार्ग, त्रिमूर्ति सर्किल स्थित मतदान केंद्र पर पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

मुख्य सचिव ने कहा कि मतदान लोकतंत्र में प्रत्येक नागरिक का महत्वपूर्ण अधिकार एवं दायित्व है। उन्होंने आमजन से अधिक से अधिक संख्या में मतदान केंद्र पर पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने तथा लोकतंत्र को मजबूत बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

मुख्य सचिव ने मतदान केंद्र पर आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों से मतदान प्रक्रिया एवं मतदान प्रतिशत की जानकारी ली।

Sept 11, 2026, 10:02 IST
जयपुर में ईवीएम खराब होने से मतदाताओं में नाराज़गी

जयपुर के वार्ड 113 के कांवटिया का खुर्रा स्थित अग्रवाल धर्मशाला में बने मतदान केंद्र पर ईवीएम मशीन में खराबी आ गई, जिससे मतदाताओं ने हंगामा कर दिया।

मशीन सुबह करीब 7:15 बजे से लगभग आधे घंटे तक खराब रही। इस दौरान कुछ मतदाता मशीन खराब होने की जानकारी मिलने पर बिना वोट डाले ही वापस लौट गए।

Sept 11, 2026, 09:29 IST
कैबिनेट मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने डाला वोट

कैबिनेट मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने जयपुर के पांच्यावाला स्थित गुरुकुल स्कूल के मतदान केंद्र पर पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

मतदान के बाद उन्होंने बड़ा बयान देते हुए कहा कि जनता विकास के कामों को देखकर ही सरकार चुन रही है। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि हमारे द्वारा किए गए काम लंबी अवधि के और बेहद मजबूत होते हैं।

Sept 11, 2026, 09:27 IST
कांग्रेस-भाजपा प्रत्याशी मिले गर्मजोशी से

जोधपुर के शास्त्री नगर स्थित वार्ड 40 से कांग्रेस के उम्मीदवार नरेश चंद्र जोशी और भाजपा के प्रत्याशी देवेंद्र सालेचा चुनावी मैदान में हैं।

सुबह दोनों नेता वार्ड के एक ही मतदान केंद्र पर पहुंचे, जहां उनका आमना-सामना हो गया। इस दौरान दोनों ने एक-दूसरे से गर्मजोशी के साथ मुलाकात की।

बता दें कि ये दोनों ही प्रत्याशी अपनी-अपनी पार्टी की ओर से मेयर पद के दावेदारों में शामिल हैं।

Sept 11, 2026, 09:00 IST
बाड़मेर में कांग्रेस-भाजपा प्रत्याशियों के रिश्तेदारों में मारपीट

बाड़मेर के धोरीमन्ना में नगरपालिका के वार्ड नंबर 5 में वोट मांगने पहुंचे भाजपा प्रत्याशी के रिश्तेदार को कांग्रेस प्रत्याशी की महिला रिश्तेदार ने थप्पड़ मार दिया। यह विवाद दोनों पक्षों के मतदाताओं को बूथ तक ले जाने को लेकर हुआ।

वहीं, झुंझुनूं के चिड़ावा नगर पालिका में मतदान शुरू होने से पहले एक निर्दलीय प्रत्याशी अशोक शर्मा पर हमले का आरोप सामने आया है। प्रत्याशी ने पुलिस को बताया कि तीन बाइक सवारों ने उनके साथ मारपीट की और उनका सिर फोड़ दिया।

Sept 11, 2026, 08:25 IST
जिला निर्वाचन अधिकारी संदेश नायक ने किया मतदान

जिला निर्वाचन अधिकारी संदेश नायक भी मतदान केंद्र पहुंचे। उन्होंने सुबह सबसे पहले , पहुंचकर ऋषिकुल विजय स्कूल स्थित मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला।

Sept 11, 2026, 08:22 IST
निर्दलीय प्रत्याशी ने लगाया हमले का आरोप

झुंझुनूं के चिड़ावा में नगर पालिका चुनाव के मतदान से ठीक पहले वार्ड नंबर 28 के निर्दलीय उम्मीदवार अशोक शर्मा पर कथित जानलेवा हमले की घटना सामने आई है।

अशोक शर्मा का आरोप है कि शुक्रवार सुबह जब वे अपने कार्यालय की ओर जा रहे थे, तभी कोर्ट रोड के पास बाइक पर सवार तीन युवकों ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी और उसके बाद उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि इनमें से एक युवक ने अपना चेहरा ढका हुआ था।

घटना के बाद परिजनों और समर्थकों ने उन्हें तुरंत निजी अस्पताल पहुँचाया, जहाँ से उन्हें चिड़ावा उप जिला अस्पताल लाया गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल झुंझुनूं रेफर कर दिया। फिलहाल, इस मामले में अब तक एफआईआर दर्ज नहीं हो पाई है।

Sept 11, 2026, 07:58 IST
हवामहल विधानसभा क्षेत्र के वार्ड 141 में EVM खराब

हवामहल विधानसभा क्षेत्र के वार्ड 141 स्थित बूथ नंबर 11 पर ईवीएम मशीन में तकनीकी खराबी सामने आई है। इस कारण मॉक पोल की प्रक्रिया शुरू ही नहीं हो पा रही है। बताया जा रहा है कि मशीन की कंट्रोल यूनिट खराब हो गई है, जिसके चलते अधिकारियों से दूसरी मशीन मंगवाने के लिए संपर्क किया जा रहा है।

Sept 11, 2026, 07:40 IST
शिक्षा मंत्री सबसे पहले पहुंचे मतदान करने

कोटा में शिक्षा मंत्री मदन दिलावर मतदान शुरू होने से करीब 10 मिनट पहले ही बूथ पर पहुंच गए थे। उन्होंने वार्ड 52 के भाग संख्या 2 स्थित मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला।

Sept 11, 2026, 07:38 IST
पूर्व मंत्री अनीता भदेल बोलीं- कमल खिलेगा

अजमेर के मालीयन स्कूल में 9 नंबर पेट्रोल पंप के पास स्थित मतदान केंद्र पर पूर्व मंत्री एवं अजमेर दक्षिण विधायक अनीता भदेल ने अपना वोट डाला। मतदान के बाद उन्होंने कहा कि इस बार कमल का फूल अवश्य खिलेगा।

उन्होंने आगे कहा कि मुख्यमंत्री ने संकल्प‑पत्र में स्थानीय सरकारों के लिए कई महत्वपूर्ण वादे किए हैं। हम जीत हासिल कर जनता के काम करेंगे और उनकी सेवा में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।

Sept 11, 2026, 07:29 IST
सुबह ही विवाद, मौके पर पहुंची पुलिस

जयपुर के वार्ड 114 में धाभाई जी का खुर्रा स्थित कसेरियों की धर्मशाला में स्थापित मतदान केंद्र पर सुबह-सुबह विवाद खड़ा हो गया। दरअसल, कांग्रेस प्रत्याशी के मतदान केंद्र के अंदर मौजूद होने पर निर्दलीय उम्मीदवार के एक समर्थक ने आपत्ति जताई। बात बढ़ने पर मौके पर पुलिस बुलाई गई और स्थिति को संभाला गया। बता दें कि यह वार्ड संवेदनशील श्रेणी में शामिल है।

Sept 11, 2026, 07:10 IST
भाजपा के दिग्गज करेंगे मतदान

जयपुर नगर निगम चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों द्वारा मतदान करने का कार्यक्रम सामने आया है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ सुमेरपुर के वार्ड 35 में अपना वोट डालेंगे। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सुबह 10 बजे गेटोर-जगतपुरा स्थित नवोदय शिक्षक प्रशिक्षण कॉलेज पहुँचकर मतदान करेंगे। उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी सुबह 8:30 बजे वार्ड 141 में वोट डालेंगी।

इसके अलावा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया वार्ड 34 में और अरुण चतुर्वेदी वार्ड 90 में मतदान करेंगे। जयपुर सांसद मंजू शर्मा सुबह 7:30 बजे अपना मताधिकार प्रयोग करेंगी।

Sept 11, 2026, 07:08 IST
पहले चरण में 76.41% हुआ मतदान

राज्य निर्वाचन आयोग ने चार नगर निगमों सहित 162 नगरीय निकायों में बुधवार को संपन्न हुए मतदान के अंतिम आंकड़े जारी कर दिए हैं। इनके अनुसार पहले चरण में कुल 76.41 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

सर्वाधिक मतदान के मामले में प्रतापगढ़ की अरनोद नगर पालिका सबसे आगे रही, जहाँ 91.98 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। दूसरी ओर, सबसे कम मतदान भीलवाड़ा नगर निगम में हुआ, जहाँ यह आंकड़ा 63.84 प्रतिशत रहा।

आयोग ने मतदान समाप्त होने के बाद 76.04 प्रतिशत मतदान का अनुमान जताया था और चित्तौड़गढ़ नगर परिषद में सबसे कम 61.49 प्रतिशत मतदान की जानकारी दी थी। बाद में आंकड़ों के संशोधन के बाद कुल मतदान प्रतिशत 76.41 हो गया, जबकि चित्तौड़गढ़ नगर परिषद में यह बढ़कर 68.15 प्रतिशत हो गया।

Sept 11, 2026, 07:07 IST
मतदाता सूची में ऑनलाइन खोजें अपना नाम

राज्य निर्वाचन आयोग ने मतदाताओं के लिए एक सुविधाजनक व्यवस्था उपलब्ध कराई है, जिसके जरिए वे मतदाता सूची में अपना नाम और संबंधित विवरण ऑनलाइन खोज सकते हैं।

इसके लिए मतदाताओं को आयोग की वेबसाइटsec.rajasthan.gov.inपर जाकर 'Search Voter' विकल्प का चयन करना होगा। इसके बाद उन्हें जिला, नगरीय निकाय, मतदाता का नाम, पिता अथवा पति का नाम और आयु जैसी जानकारी भरनी होगी। इसके अलावा, मतदाता जिला चुनकर VoterID/EPIC नंबर के माध्यम से भी अपना नाम आसानी से खोज सकते हैं।

Sept 11, 2026, 07:06 IST
40 नवगठित निकायों में पहली बार हो रहा चुनाव

राजस्थान में 40 नवगठित नगरीय निकायों में इस बार पहली बार मतदान हो रहा है। इन 107 नगरीय निकायों में 2019 से 2021 के बीच अलग-अलग चरणों में हुए चुनावों में कुल 4,027 वार्डों के लिए 73 लाख 78 हजार 611 मतदाता पंजीकृत थे, जिनमें से 50 लाख 12 हजार 642 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था। उस समय मतदान प्रतिशत 67.93 रहा था।

पिछली बार जयपुर, जोधपुर और कोटा में दो-दो निकाय थे। इस बार राज्य निर्वाचन आयोग ने मतदान के लिए 86 प्रतिशत का लक्ष्य निर्धारित किया है। मतदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आयोग ने सभी मतदान केंद्रों पर पीने के पानी और छायादार स्थान की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं।

Sept 09, 2026, 18:01 IST
नाथद्वारा में आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी कानसिंह राठौड़ हिरासत में

राजसमंद जिले के निकाय चुनाव 2026 के दौरान नाथद्वारा से एक बड़ी खबर सामने आई है। वार्ड नंबर 2 से आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार कानसिंह राठौड़ को श्रीनाथजी थाना पुलिस ने हिरासत में ले लिया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, राठौड़ के खिलाफ अदालत से गिरफ्तारी वारंट जारी था, जिसके आधार पर बुधवार को यह कार्रवाई की गई। इस घटना के बाद नाथद्वारा में राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है।

Sept 09, 2026, 16:05 IST
राजस्थान निकाय चुनाव 2026, झालावाड़ में 108 वर्षीय बुजुर्ग महिला ने डाला वोट

झालरापाटन नगर पालिका की 108 साल की धन्नी बाई राठौड़ ने निकाय चुनाव में मतदान किया। वे परिवार के साथ मतदान केंद्र पहुंचीं और पूरे उत्साह के साथ वोट डाला।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए हर नागरिक को मतदान करना चाहिए। उनके जज्बे की सभी ने सराहना की। वे 108 साल की उम्र में भी प्रतिदिन मंदिर जाती हैं।

Sept 09, 2026, 15:50 IST
मतदान केंद्र पर सेल्फी पॉइंट बनाए गए, वल्लभनगर में सबसे ज्यादा वोटिंग

उदयपुर जिले की नगर पालिका वल्लभनगर, भींडर और फतहनगर-सनवाड़ में मतदान जारी है। सुबह सबसे पहले वोट डालने के लक्ष्य के साथ कई मतदाता मतदान केंद्र पर पहुंच गए। कई महिला मतदाताओं में भी उत्साह था। दोपहर 1 बजे तक सबसे ज्यादा मतदान वल्लभनगर में 63.22 प्रतिशत हुआ।

इन तीन निकायों के कुल 70 वार्डों के लिए मतदान चल रहा है। इसमें कुल 39 हजार 957 मतदाता हैं। नगरपालिका वल्लभनगर में 20 वार्डों के 67, भीण्डर में 25 वार्ड में 58 और नगरपालिका फतहनगर-सनवाड़ में 25 वार्डों में 65 प्रत्याशी मैदान में है।

भींडर नगर पालिका में मतदान के दौरान पीएम श्री महात्मा गांधी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय केंद्र पर विवाद हो गया। यहां कांग्रेस के एजेंट और प्रत्याशियों को पोलिंग बूथ में जाने से रोका गया। इस पर वल्लभनगर की पूर्व विधायक प्रीति गजेंद्रसिंह शक्तावत ने विरोध जताया।

विवाद के दौरान पूर्व विधायक प्रीति शक्तावत ने बूथ के बाहर मौजूद निर्वाचन विभाग के अधिकारियों से कहा- इस तरह का भेदभाव ठीक बात नहीं है। ऐसा नहीं चलेगा। बाद में समझाइश हुई।

उदयपुर की भींडर नगर पालिका में वल्लभनगर की पूर्व विधायक प्रीति गजेन्द्र सिंह शक्तावत ने परिवार के सदस्यों के साथ मतदान किया। मतदान केंद्रों पर ​प्रशासन ने सेल्फी पॉइंट बनाए हैं। यहां लोग तस्वीर खिंचवाते या खुद सेल्फी लेते हुए नजर आए।

Sept 09, 2026, 15:33 IST
सीकर में 67.23% वोटिंग

सीकर जिले के 10 नगर निकायों में वोटिंग जारी है। अब तक 67.23% वोटिंग हो चुकी है। सीकर जिले में 2 चरणों में निकाय चुनाव हैं। आज पहले चरण में फतेहपुर नगर परिषद तथा लक्ष्मणगढ़, पलसाना, दांता, रींगस, श्रीमाधोपुर, अजीतगढ़, खंडेला, नीमकाथाना और खाटूश्यामजी नगर पालिका में वोटिंग हो रही है।

जिले के बाकी 4 निकायों में 11 सितंबर को वोटिंग होगी। सभी निकायों के वोटों की काउंटिंग 14 सितंबर को होगी।

फतेहपुर नगर परिषद के वार्ड-40 में कांग्रेस प्रत्याशी रामनिवास ने फर्जी मतदान को लेकर शिकायत की। इस दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी(कलेक्टर) आशीष मोदी और पुलिस अधीक्षक प्रवीण नायक नूनावत भी पहुंचे। कांग्रेस प्रत्याशी की शिकायत पर कलेक्टर मोदी ने अंगुली पर स्याही लगे किसी भी व्यक्ति को बूथ में प्रवेश नहीं देने के सख्त आदेश दिए।
सीकर के एडिशनल एसपी डॉ. तेजपाल सिंह ने कहा- हर 10 बूथों पर एक सेक्टर पुलिस मोबाइल पार्टी और सेक्टर मजिस्ट्रेट लगातार गश्त व मॉनिटरिंग कर रहे हैं।


3 बजे तक 67 प्रतिशत वोटिंग

अजीतगढ़ नगर पालिका- 68.36
दांता नगर पालिका - 66.99
फतेहपुर नगर परिषद - 59.35
खंडेला नगर पालिका - 66.29
खाटूश्यामजी नगर पालिका - 74.28
लक्ष्मणगढ़ नगर पालिका - 63.30
नीमकाथाना नगर पालिका - 65.66
पलसाना नगर पालिका - 70.67
रींगस नगर पालिका - 68.87
श्रीमाधोपुर नगर पालिका - 68.55

Sept 09, 2026, 15:31 IST
नागौर के खत्रीपुर में पथराव, पुल‍िस ने खदेड़ा

नागौर के वार्ड-51 और 48 में फर्जी वोट‍िंग के अफवाह पर भड़के लोगों पर पथराव कर द‍िया। इस दौरान अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पुल‍िस फोर्स पहुंची तो आरोपी भाग न‍िकले। पथराव में कुछ लोगों घायल भी हो गए। पुलिस की मौजूदगी में मतदान चल रहा है।

फर्जी वोटिंंग की अफवाह

राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय संख्या-5 में वार्ड-51 और 48, 49 की वोट‍िंग चल रही है। वार्ड 48 में फर्जी वोट‍िंग की अफवाह उड़ी तो भारी संख्‍या में लोग पहुंच गए। लोगों ने पथराव शुरू कर द‍िया। CO जतिन जैन के नेतृत्व में भारी पुलिस जाब्ता पहुंची। पुलिस ने स्थिति संभाली और भीड़ को हटाया। पुलिस निगरानी में मतदान प्रक्रिया चल रहा है। पुलिस ने दो लोगों को डिटेन किया है और उपद्रवियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है। मतदान खत्म होने के बाद बाकी उपद्रवियों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Sept 09, 2026, 13:42 IST
सीएम बोले- ट्रिपल इंजन से विकास तेज गति से होगा

सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा कि निकाय और पंचायत में बीजेपी की सरकार बनेगी तो ट्रिपल इंजन लगेगा और ट्रिपल इंजन से विकास तेज गति से होगा।

इस डबल इंजन में ट्रिपल इंजन जोड़ने का काम आपको करना है। कहा कि हमारा जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता जो भी काम कहेगा, वह हमारी सरकार करेगी।

Sept 09, 2026, 13:30 IST
भीलवाड़ा नगर निगम में दोपहर 1 बजे तक 36.67% मतदान

भीलवाड़ा नगर निगम और बीगोद नगर पालिका के आम चुनाव में मतदान जारी है। दोपहर 1 बजे तक जारी आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, भीलवाड़ा नगर निगम क्षेत्र में कुल 1,08,783 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जो कुल मतदाताओं का 36.67 प्रतिशत है। वहीं, बीगोद नगर पालिका में इसी अवधि तक 9,235 मतदान हुए, जो कुल मतदाताओं का 67.53 प्रतिशत है।

Sept 09, 2026, 12:57 IST
लक्ष्मणगढ़ नगरपालिका चुनाव: वार्ड 6 में भाजपा और निर्दलीय समर्थकों के बीच झड़प

राजस्थान के सीकर जिले की लक्ष्मणगढ़ नगरपालिका के गठन को लेकर बुधवार को मतदान जारी है। सुबह 10 बजे तक, यानी पहले तीन घंटों के भीतर, कुल 26.88 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। अधिकांश वार्डों में चुनावी प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो रही है, हालांकि कुछ वार्डों में माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है।

इसी कड़ी में वार्ड नंबर 6 से एक झड़प की खबर सामने आई है। यहाँ मतदाताओं को प्रभावित करने के मुद्दे पर भारतीय जनता पार्टी और निर्दलीय उम्मीदवार के समर्थकों के बीच आमने-सामने की स्थिति बन गई और देखते ही देखते दोनों पक्षों में हाथापाई हो गई।

सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र प्रताप सिंह, थानाधिकारी महेंद्र सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी और पुलिस बल मौके पर पहुँच गए। प्रशासन ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए दोनों पक्षों को समझाया और मौके पर कानून-व्यवस्था को संभालते हुए तनाव कम करने में सफलता प्राप्त की।

Sept 09, 2026, 11:15 IST
अजमेर जिले में 10 बजे तक कहां-कितना मतदान

केकड़ी नगर पालिका - वोटिंग 8095 एवं 22.59 प्रतिशत मतदान
नसीराबाद नगर पालिका - वोटिंग 2520 एवं 36.87 प्रतिशत मतदान
सावर नगर पालिका - वोटिंग 2718 एवं 30.29 प्रतिशत मतदान
टांटोटी नगर पालिका - वोटिंग 1994 एवं 34.07 प्रतिशत मतदान
पीसांगन नगर पालिका - वोटिंग 4362 एवं 30.94 प्रतिशत मतदान
सरवाड़ नगर पालिका - वोटिंग 5060 एवं 30.98 प्रतिशत मतदान

Sept 09, 2026, 11:08 IST
सीकर में भाजपा नेता पर हमला

सीकर जिले के 10 नगर निकायों में वोटिंग जारी है। इसी बीच सीकर के लक्ष्मणगढ़ में भाजपा नेता मनोज शर्मा पर हमले की खबर सामने आई। मनोज शर्मा का आरोप है कि उन पर निर्दलीय प्रत्याशी के समर्थकों ने हमला किया है। यह हमला उस समय हमला हुआ, जब वो भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में वोट डालने के लिए मतदाताओं को पोलिंग बूथ पर लेकर जा रहे थे। भाजपा नेता पर हमले से कार्यकर्ताओं में आक्रोश व्याप्त है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने हमलावारों को गिरफ्तार करने की मांग की है।

Sept 09, 2026, 10:03 IST
भरतपुर में वोटिंग को लेकर विवाद- महिला बोली, मेरा वोट किसी और ने डाल दिया

राजस्थान के भरतपुर शहर के वार्ड क्रमांक 31, बूथ संख्या 2 पर एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां नदिया मोहल्ले की निवासी पूजा जब अपना मताधिकार प्रयोग करने के लिए मतदान केंद्र पहुंची, तो उन्हें चौंकाने वाली बात बताई गई। अधिकारियों ने उनसे कहा कि उनके नाम के सामने पहले ही किसी के द्वारा वोट डाला जा चुका है।

Sept 09, 2026, 09:41 IST
सीकर में भाजपा नेता मनोज शर्मा पर जानलेवा हमला

राजस्थान के सीकर जिले की 10 नगर निकायों में मतदान जारी है। इसी बीच लक्ष्मणगढ़ से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहाँ भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंडल अध्यक्ष मनोज शर्मा पर हमला कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार, मनोज शर्मा अपनी पार्टी के उम्मीदवार के पक्ष में वोट देने के लिए मतदाताओं को मतदान केंद्र तक पहुँचा रहे थे, तभी एक निर्दलीय प्रत्याशी के समर्थकों ने उन पर अचानक हमला बोल दिया। इस हिंसक घटना ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है।

इस हमले के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं में गहरा आक्रोश है। पार्टी पदाधिकारियों और समर्थकों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर सख्त रुख अपनाया है। फिलहाल, घटना के बाद लक्ष्मणगढ़ में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और मामले की जाँच शुरू कर दी गई है।

Sept 09, 2026, 09:34 IST
अलवर में मतदान से पहले हिंसा, वाहनों के शीशे चकनाचूर

राजस्थान में 162 शहरी निकायों- नगर निगम, नगर परिषद व नगर पालिकाओं- के लिए पहले चरण का मतदान सुबह 7 बजे से जारी है। इस दौरान अलवर के वार्ड नंबर 43 में भाजपा उम्मीदवार जगदीश अटल और उनके दो पुत्रों पर निर्दलीय प्रत्याशी अजय मीरवाल के समर्थकों द्वारा मारपीट करने का गंभीर आरोप लगा है।

पीड़ित मोहित और लोकेश जांगिड़ ने बताया कि आज तड़के मतदान शुरू होने से पहले उन पर हमला बोला गया, वाहन में तोड़फोड़ की गई और शीशे फोड़ दिए गए। लोकेश के सिर में 15 टांके लगे हैं, जिससे उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

वहीं, श्रीगंगानगर जिले की रायसिंहनगर नगर पालिका के वार्ड‑26 स्थित एक मतदान केंद्र पर तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई। यहां मकलावा थाना प्रभारी हेमलता शर्मा और स्थानीय प्रत्याशियों के बीच ज़ोरदार बहस छिड़ गई। दरअसल, पुलिस ने प्रत्याशियों को बूथ के पास से हटने का निर्देश दिया था, लेकिन जब वे नहीं माने तो SHO और उनके बीच तीखी नोंकझोंक हुई।

Sept 09, 2026, 09:30 IST
बीकानेर में दो घंटों के भीतर ही 10 फीसदी से अधिक मतदान

बीकानेर में सुबह से ही मतदान को लेकर उत्साह देखने को मिला। पहले दो घंटों के भीतर ही अधिकतर बूथों पर 10 फीसदी से ज्यादा वोटिंग हो चुकी है। मुक्ताप्रसाद कच्ची बस्ती स्थित बूथ पर करीब 1,400 मतदाताओं में से 300 से अधिक लोग अपने मताधिकार का प्रयोग कर चुके हैं। इस बूथ पर बड़ी संख्या में नए मतदाता भी वोट डालने पहुँचे।

प्रमुख राजनीतिक दलों के अलावा कई वार्डों में निर्दलीय उम्मीदवार भी पूरी ताकत के साथ चुनावी मैदान में हैं। बीकानेर के 80 वार्डों में मुख्य टक्कर भाजपा और कांग्रेस के बीच मानी जा रही है, लेकिन मेयर पद के लिए निर्दलीय प्रत्याशियों का भी अहम रोल हो सकता है।