राजस्थान निकाय चुनाव 2026: दूसरे चरण का प्रचार थमा, 11 सितंबर को होगा मतदान

Jageshwar prasad | Sept 09, 2026, 18:28 IST
दूसरे चरण का काउंटडाउन शुरू: प्रचार का शोर बंद, 14 सितंबर को घोषित होंगे परिणाम
राजस्थान नगरीय निकाय चुनाव 2026 के दूसरे चरण के लिए बुधवार शाम 6 बजे प्रचार का शोर थम गया है। जयपुर सहित संबंधित निकायों में 11 सितंबर को मतदान कराया जाएगा, जबकि मतगणना 14 सितंबर को होगी।

समझें क्या है पूरा मामला

  • दूसरे चरण के निकाय चुनाव का प्रचार थमा, 11 सितंबर को मतदान।
  • 6 बजते ही बंद हुआ प्रचार का शोर, अब डोर-टू-डोर मनुहार।
  • दूसरे चरण में 147 निकायों में मतदान, 6 नगर निगम शामिल।
  • अब सार्वजनिक सभा-रोड शो पर रोक, सोशल मीडिया पर भी पाबंदी।
  • 54,533 सुरक्षाकर्मी तैनात, शराब की बिक्री पर रोक।

राजस्थान में नगरीय निकाय चुनाव के दूसरे चरण का चुनावी शोर बुधवार शाम 6 बजे थम गया। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के जयपुर में रोड शो के साथ ही दूसरे चरण के लिए चल रहा प्रचार अभियान समाप्त हो गया।



अब सार्वजनिक सभा, रोड शो, लाउडस्पीकर से प्रचार पर पूरी तरह पाबंदी है। प्रत्याशी अब सिर्फ डोर-टू-डोर संपर्क कर सकते हैं। दूसरे चरण में 6 नगर निगम, 20 नगर परिषद और 121 नगर पालिकाओं में 11 सितंबर को मतदान होगा। 54,533 सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है।



प्रचार थमने के बाद क्या बदल जाएगा?

राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह ने बताया कि सार्वजनिक सभा, जुलूस, रोड शो, लाउडस्पीकर और खुले तौर पर मतदाताओं से वोट मांगने की गतिविधियां बंद रहेंगी।



अब प्रत्याशी घर-घर व्यक्तिगत संपर्क कर सकते हैं, लेकिन इसे सार्वजनिक प्रचार या सभा का रूप नहीं दिया जा सकता। सोशल मीडिया पर भी चुनाव प्रचार से संबंधित गतिविधियों पर नियमों का पालन करना होगा।



क्या प्रतिबंध लागू होंगे?

चुनावी क्षेत्रों में सूखा दिवस (ड्राई डे) लागू रहेगा, जिसके तहत शराब की बिक्री पर रोक रहेगी। बाहरी नेताओं और ऐसे राजनीतिक कार्यकर्ताओं की गतिविधियों पर भी प्रशासन की नजर रहेगी, जो संबंधित क्षेत्र के मतदाता नहीं हैं।



इसका उद्देश्य मतदान से पहले मतदाताओं को प्रभावित करने वाली गतिविधियों पर रोक लगाना है।



दूसरे चरण में कहां मतदान

दूसरे चरण में कुल 147 नगरीय निकायों में मतदान होगा। इनमें 6 नगर निगम (अजमेर, कोटा, जयपुर, पाली, उदयपुर, जोधपुर), 20 नगर परिषद और 121 नगर पालिकाएं शामिल हैं। 11 सितंबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा।



सुरक्षा व्यवस्था

दूसरे चरण में सुरक्षा व्यवस्था व्यापक रखी गई है। करीब 54,533 सुरक्षाकर्मियों की तैनाती प्रस्तावित है। इसमें RAC की 57 कंपनियां और QRT जैसी व्यवस्थाएं शामिल हैं। संवेदनशील और अति संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त निगरानी और सुरक्षा बल तैनात रहेगा।



ये भी पढ़ें:-

उदयपुर में नगर निगम चुनाव नामांकन शुरू, भाजपा के दिनेश भट्ट ने भरा पहला नामांकन



निकाय चुनाव: विधायकों की मनमर्जी पर कांग्रेस का अंकुश, बदला टिकट वितरण पैटर्न



जयपुर निगम चुनाव, कैंडिडेट की सुविधा के लिए 15 केंद्रों पर खुलेंगे नामांकन ऑफिस



निकाय चुनाव टिकट: बीजेपी टिकट फॉर्मूला, अब चार परीक्षा से गुजरना होगा







Tags:
  • मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा
  • नगरीय निकाय चुनाव
  • रोड शो
  • प्रचार अभियान
  • निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह