राजस्थान में अब मेयर-अध्यक्ष की बारी: 305 निकायों में नामांकन शुरू, 21 सितंबर को चुनाव

Saurabh Mishra | Sept 15, 2026, 12:08 IST
मेयर - अध्यक्ष की परीक्षा
राजस्थान के 305 निकायों में मेयर, सभापति और अध्यक्ष पद के लिए नामांकन शुरू हो गए। जयपुर, जोधपुर, कोटा और सुकेत में 16 सितंबर को रिपोलिंग होगी।

समझें क्या है पूरा मामला

  • निकाय चुनाव के नतीजों के बा शुरू हुए मेयर-सभापति पद के नामांकन।
  • 21 सितंबर को तय होंगे राजस्थान में शहर सरकार के मुखिया।
  • जयपुर-जोधपुर-कोटा नगर निगम के कुछ वार्डों में होगी रिपोलिंग।
  • निकाय प्रमुख चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू हुई।
  • 305 निकायों में मेयर-सभापति-अध्यक्ष का चुनाव

राजस्थान में निकाय चुनाव के नतीजों के बाद अब शहरों की सरकार का मुखिया चुनने की प्रक्रिया शुरू हो गई। प्रदेश के 305 शहरी निकायों में मेयर, सभापति और नगरपालिका अध्यक्ष पद के लिए मंगलवार से नामांकन भरे जाएंगे। इनमें 7 नगर निगम, 47 नगर परिषद और 251 नगरपालिकाएं शामिल हैं।



वहीं जयपुर, जोधपुर, कोटा नगर निगम और सुकेत नगरपालिका में पहले दोबारा वोटिंग होगी। यहां बाकी नतीजे आने के बाद 17 सितंबर को निकाय प्रमुख के चुनाव की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।



मंगलवार से अध्यक्ष-चेयरमैन पद के लिए नामांकन की शुरुआत

राजस्थान राज्य निर्वाचन आयोग ने निकाय प्रमुखों के चुनाव की अधिसूचना जारी कर दी। इसके साथ ही 305 शहरी निकायों में मेयर, सभापति और नगरपालिका अध्यक्ष चुनने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। उम्मीदवार मंगलवार सुबह 10:30 बजे से नामांकन दाखिल कर सकेंगे। नामांकन की आखिरी तारीख 16 सितंबर है। इस दिन दोपहर 3 बजे तक पर्चे भरे जा सकेंगे।



जयपुर, जोधपुर और कोटा नगर निगम के साथ सुकेत नगरपालिका में फिलहाल यह प्रक्रिया शुरू नहीं होगी। यहां कुछ बूथों पर दोबारा मतदान और मतगणना बाकी है।



17 को जांच, 18 सितंबर तक नाम वापसी

नामांकन पूरा होने के बाद 17 सितंबर को पर्चों की जांच होगी। उम्मीदवार 18 सितंबर को दोपहर 3 बजे तक अपना नाम वापस ले सकेंगे। इसके बाद चुनाव मैदान में बचे उम्मीदवारों की तस्वीर साफ हो जाएगी। निकाय प्रमुख के लिए मतदान 21 सितंबर को होगा। पार्षद सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक वोट डाल सकेंगे।



7 नगर निगमों में चुने जाएंगे मेयर

राजस्थान के 7 नगर निगमों में मेयर चुनाव के लिए नामांकन शुरू हो रहे। इनमें अलवर, भरतपुर, बीकानेर, उदयपुर, अजमेर, पाली और भीलवाड़ा नगर निगम शामिल हैं। इन शहरों में चुनाव जीतकर आए पार्षद मेयर चुनेंगे। जिन नगर निगमों में किसी पार्टी को बहुमत नहीं मिला है, वहां निर्दलीय पार्षदों की भूमिका अहम हो सकती है।



47 नगर परिषदों में सभापति का चुनाव

प्रदेश की 47 नगर परिषदों में सभापति चुने जाएंगे। इनमें चौमूं, शाहपुरा, बाड़मेर, जैसलमेर, तिजारा, खैरथल, भिवाड़ी, करौली, कुचामन सिटी, डीडवाना, डूंगरपुर, प्रतापगढ़, चित्तौड़गढ़, बांसवाड़ा, झालावाड़, बूंदी और बारां शामिल हैं। इसके अलावा जालोर, झुंझुनूं, फतेहपुर (सीकर), सवाई माधोपुर, धौलपुर, सुजानगढ़, चूरू, कोटपूतली, ब्यावर, नागौर, किशनगढ़, पुष्कर और टोंक में भी सभापति का चुनाव होगा।



बहरोड़, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, सरदारशहर, गंगापुर सिटी, सीकर, सिरोही, निंबाहेड़ा, राजसमंद, मकराना, हिंडौन सिटी, दौसा, लालसोट, डीग, बालोतरा, फलोदी और सलूंबर नगर परिषद में भी यही प्रक्रिया अपनाई जाएगी।



251 नगरपालिकाओं में चुने जाएंगे अध्यक्ष

राजस्थान की 251 नगरपालिकाओं में भी अध्यक्ष पद के चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो गई है। यहां चुनाव जीतकर आए पार्षद नगरपालिका अध्यक्ष चुनेंगे। कई नगरपालिकाओं में भाजपा या कांग्रेस को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला है। ऐसे निकायों में निर्दलीय पार्षद बोर्ड गठन और अध्यक्ष चुनाव में निर्णायक भूमिका निभा सकते हैं।



जयपुर-जोधपुर-कोटा में दोबारा वोटिंग होगी

जयपुर नगर निगम, जोधपुर और कोटा नगर निगम के साथ सुकेत नगरपालिका में निकाय प्रमुख के चुनाव के लिए अभी इंतजार करना होगा। इन चार निकायों के 10 बूथों पर 16 सितंबर को दोबारा मतदान कराया जाएगा। काउंटिंग के दौरान ईवीएम में तकनीकी परेशानी के कारण इन बूथों के नतीजे अटक गए थे। अब 16 सितंबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक रिपोलिंग होगी।



इसके बाद 17 सितंबर को सुबह 8 बजे से वोटों की गिनती शुरू होगी। इन सीटों का परिणाम आने के बाद चारों निकायों की पूरी तस्वीर साफ होगी और निकाय प्रमुख के चुनाव की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।



21 सितंबर को तय होंगे शहरों के मुखिया

अध्यक्ष, महापौर के नामांकन और नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 21 सितंबर को निकाय प्रमुखों के लिए मतदान होगा। सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक वोट डाले जाएंगे। इसके साथ ही साफ हो जाएगा कि 7 नगर निगमों में मेयर, 47 नगर परिषदों में सभापति और 251 नगरपालिकाओं में अध्यक्ष की कुर्सी किसे मिलेगी।



वार्डों के नतीजे आने के बाद अब असली मुकाबला शहर की सरकार बनाने का है। जहां किसी पार्टी के पास साफ बहुमत नहीं है, वहां निर्दलीय पार्षद मेयर, सभापति और अध्यक्ष का फैसला कर सकते हैं। जयपुर, जोधपुर, कोटा और सुकेत की तस्वीर रिपोलिंग के नतीजों के बाद साफ होगी।



FAQ

  1. राजस्थान में निकाय प्रमुखों के लिए नामांकन कब से शुरू हुए?
    नामांकन मंगलवार सुबह 10:30 बजे से शुरू हुए हैं। नामांकन की आखिरी तारीख 16 सितंबर है, जब दोपहर 3 बजे तक पर्चे भरे जा सकेंगे। जयपुर, जोधपुर, कोटा और सुकेत में यह प्रक्रिया अभी शुरू नहीं होगी।
  2. राजस्थान में निकाय प्रमुखों के लिए मतदान कब होगा?
    नामांकन जांच और नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 21 सितंबर को मतदान होगा। यह सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक चलेगा। इसी दिन 7 नगर निगम, 47 नगर परिषद और 251 नगरपालिकाओं के प्रमुख तय होंगे।
  3. जयपुर, जोधपुर, कोटा नगर निगम और सुकेत में दोबारा क्यों वोटिंग होगी?
    इन चार निकायों के 10 बूथों पर मतगणना के दौरान ईवीएम में तकनीकी परेशानी आई थी, जिसके चलते नतीजे अटक गए थे। यहां 16 सितंबर को रिपोलिंग होगी और 17 सितंबर को इनकी मतगणना होगी।

यह खबरें भी पढ़ें...



जोधपुर नगर निगम चुनाव: फलोदी सट्टा बाजार का आया अनुमान, जानें किसका पलड़ा भारी



जयपुर निगम रिजल्ट: CM भजनलाल-डिप्टी CM ने बचाया गढ़, मंत्री राठौड़ के इलाके में बगावत भारी



जयपुर का अगला मेयर कौन? BJP में कर्णावट-कोठारी समेत 3 दावेदार जीते, ज्योति रेस से बाहर



निकाय चुनाव की वोटिंग खत्म: जोधपुर सबसे आगे, कोटा सबसे पीछे, जयपुर में 62.88% मतदान





Tags:
  • राजस्थान
  • जयपुर
  • कोटा
  • नगर निगम चुनाव
  • जयपुर नगर निगम