निकाय के बाद पंचायत चुनाव में उठेगा यूजीसी रोलबैक मुद्दा, क्या बदलेगा सियासी गणित?
समझें क्या है पूरा मामला
- राजस्थान निकाय चुनाव में क्या UGC मुद्दे से हुआ भाजपा को नुकसान?।
- अगड़ी जातियों का वोट बैंक क्या निर्दलीयों को हुआ शिफ्ट?।
- निर्दलीयों को निकाय चुनाव में 27.38%, यानी करीब 29 लाख वोट मिले।
- श्री राजपूत करणी सेना के UGC रोल बैक आंदोलन का क्या असर हुआ।
निकाय चुनाव के नतीजों के बाद श्री राजपूत करणी सेना और राष्ट्रीय आमजन मोर्चा अब UGC रोलबैक अभियान को आगामी पंचायती राज चुनाव तक ले जाने की तैयारी में हैं। संगठनों का दावा है कि निकाय चुनाव में निर्दलीयों को मिले करीब 29 लाख वोट और 1.09 लाख से ज्यादा NOTA वोट उनके अभियान के असर को दिखाते हैं। हालांकि इन सभी वोटों को सीधे UGC मुद्दे से जोड़ने वाला कोई आधिकारिक आंकड़ा नहीं है।
निकाय चुनाव नतीजों के बाद जयपुर में श्री राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष महिपाल सिंह मकराना, राष्ट्रीय आमजन मोर्चा के राष्ट्रीय संयोजक विजय कौशिक समेत कई संगठनों के प्रतिनिधि एक मंच पर आए और साफ किया कि UGC इक्विटी रेगुलेशन पर केंद्र सरकार का रुख स्पष्ट नहीं हुआ तो आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।
अब इन संगठनों की नजर राजस्थान के पंचायती राज चुनाव 2026 पर है। निकाय चुनाव की तरह पंचायत चुनाव में भी UGC रोलबैक की मांग का लिखित समर्थन करने वाले प्रत्याशियों के पक्ष में अभियान चलाया जा सकता है। गांवों में सरपंच, पंचायत समिति और जिला परिषद के चुनाव में स्थानीय समीकरण और निर्दलीय उम्मीदवार पहले से अहम भूमिका निभाते हैं। ऐसे में यह अभियान जारी रहा तो कुछ क्षेत्रों में भाजपा-कांग्रेस के वोटों के बंटवारे और निर्दलीय उम्मीदवारों के प्रदर्शन पर असर डाल सकता है।
निर्दलीय बने किंग मेकर
राजस्थान के नगर निकाय चुनाव नतीजों में भाजपा और कांग्रेस के सीधे मुकाबले के बीच निर्दलीय प्रत्याशियों की ताकत भी खुलकर सामने आई। भाजपा को 309 निकायों के लिए हुए चुनाव में कुल 35.18 प्रतिशत वोट के साथ सबसे आगे रही, जबकि कांग्रेस उससे महज 0.94 प्रतिशत ही पीछे रही।
निकाय चुनावों में निर्दलीय प्रत्याशियों ने मिलकर 27.38 प्रतिशत यानी 29 लाख 6 हजार 787 वोट हासिल कर लिए। वहीं नोटा को भी 1 लाख 9 हजार 523 वोट मिले, जो कुल मतों का 1.03 प्रतिशत है।
निर्दलीय बना तीसरी ताकत
श्री राजपूत करणी सेना अध्यक्ष महिपाल सिंह मकराना के मुताबिक पूरे राजस्थान के 309 निकायों में भाजपा को 37 लाख 35 हजार 567 और कांग्रेस को 36 लाख 35 हजार 952 वोट मिले हैं। दोनों प्रमुख दलों के बीच अंतर केवल 99,615 वोट का अंतर रहा। इसके मुकाबले निर्दलीयों ने कुल 29 लाख 6 हजार 787 वोट हासिल किए। इतनी बड़ी संख्या को देखते हुए स्थानीय चुनाव में तीसरे विकल्प के रूप में निर्दलीयों की मौजूदगी को नजरअंदाज करना मुश्किल हो गया।
करणी सेना का बड़ा दावा
करणी सेना अध्यक्ष महिपाल सिंह मकराना ने दावा किया कि संगठन ने यूजीसी एक्ट के रोलबैक का लिखित समर्थन देने वाले 1500 से ज्यादा निर्दलीय प्रत्याशियों को समर्थन दिया था। उनके मुताबिक करीब 70 फीसदी विजयी निर्दलीय प्रत्याशी संगठन के समर्थन वाले ही थे। हालांकि यह दावा संगठन की ओर से किया गया।
नोटा दबाकर लोगों ने दिया संदेश
यूजीसी रोलबैक अभियान से जुड़े संगठनों ने चुनाव से पहले लोगों से अपील की थी कि अगर कोई प्रत्याशी उनकी पांच सूत्रीय मांगों का लिखित समर्थन नहीं करता है, तो मतदाता नोटा का इस्तेमाल करें। 8 सितंबर को जयपुर में हुई एक प्रेस वार्ता में राष्ट्रीय आमजन मोर्चा के राष्ट्रीय संयोजकविजय कौशिक ने चुनाव बहिष्कार के बजाय संवैधानिक तरीके से नोटा दबाने की अपील की थी।
नतीजों में नोटा को 1.09 लाख से ज्यादा वोट मिले, जिसे संगठन अपने अभियान के समर्थन के तौर पर देख रहे। हालांकि नोटा के वोटों को सीधे तौर पर यूजीसी मुद्दे से जोड़ने वाला कोई आधिकारिक चुनावी विश्लेषण अभी उपलब्ध नहीं है। मतदान के दौरान खातीपुरा स्थित एक मतदान केंद्र पर कुछ लोगों ने 'यूजीसी रोलबैक' के नारे भी लगाए थे।
UGC रोलबैक को लेकर आगे जारी रहेगा आंदोलन
विजय कौशिक का कहना है कि राष्ट्रीय आमजन मोर्चा का अभियान किसी एक चुनाव तक सीमित नहीं है। उनके मुताबिक अगर सरकार यूजीसी रोलबैक समेत पांच सूत्रीय मांगों पर स्पष्ट फैसला नहीं लेती है, तो आने वाले पंचायती राज चुनाव में भी यह विरोध जारी रहेगा। संगठन नगर निकाय चुनाव को अपने अभियान का अंत नहीं बल्कि शुरुआत मान रहे हैं।
निकाय चुनाव के नतीजों को श्री राजपूत करणी सेना के UGC रोलबैक अभियान के संदर्भ में देखें तो निर्दलीयों का प्रदर्शन अहम नजर आता है। प्रदेश में 2273 निर्दलीय उम्मीदवार पार्षद चुने गए, जबकि बीजेपी के 4179 और कांग्रेस के 3613 प्रत्याशियों ने जीत हासिल की।
नतीजों से यह भी साफ है कि भाजपा से दूरी बनाने वाले वोटों का पूरा फायदा कांग्रेस नहीं उठा सकी। कई जगह वोटर्स ने दोनों प्रमुख दलों के बजाय निर्दलीय उम्मीदवारों पर भरोसा जताया। इसी वजह से जिन निकायों में बीजेपी बहुमत से दूर रही, उनमें से कई जगह कांग्रेस भी अपने दम पर बहुमत हासिल नहीं कर पाई।
2021 और 2026 के नतीजों की तुलना करें तो सत्ता में होने के बावजूद बीजेपी को निकाय चुनाव में कोई बड़ा फायदा होता नहीं दिखा। वहीं, कांग्रेस का वोट शेयर पिछले चुनाव के मुकाबले कम हुआ, जबकि निर्दलीयों का वोट शेयर करीब दो फीसदी से अधिक बढ़ गया है।
क्या यह स्थानीय असंतोष का संकेत है?
इन नतीजों ने एक बड़ा राजनीतिक सवाल भी खड़ा कर दिया है। करीब 29 लाख मतदाताओं का निर्दलीयों के साथ जाना और 1.09 लाख से ज्यादा मतदाताओं का नोटा चुनना क्या स्थानीय असंतोष का संकेत है, या फिर यह निकाय चुनावों की पारंपरिक बहुकोणीय राजनीति भर है? इसका साफ जवाब आने वाले पंचायती राज और अन्य चुनावों में ही मिलने की संभावना है।
ये खबर भी पढे़:-
एसआई भर्ती परीक्षा में अब नहीं चलेगी कोई चालाकी, RPSC ने किये बड़े बदलाव
रिश्वत लेते सहायक अभियंता गिरफ्तार, घर से 43 लाख नकद और 20 किलोग्राम चांदी बरामद
Rajasthan Top News: राजस्थान में हुआ निर्दलीय राज, हर पांचवां पार्षद बिना पार्टी का
राजस्थान पंचायत चुनाव की आरक्षण लॉटरी टली, डोटासरा ने पूछा- BJP को किस बात का डर?