Live Blog
मेयर चुनाव: कोटा में भाजपा की अनसुइया की बड़ी जीत, जयपुर और जोधपुर में वोटिंग जारी
Sept 25, 2026, 11:42 IST

Synopsis: कोटा नगर निगम मेयर चुनाव में भाजपा की अनसुइया गोस्वामी को बड़ी जीत मिली। उन्हें 65 वोट मिले, कांग्रेस को 35। श्रीविजयनगर नगरपालिका में कांग्रेस के सुशील कुमार अध्यक्ष बने। जयपुर और जोधपुर में वोटिंग जारी है।

Sept 25, 2026, 11:42 IST
विधायक रफीक खान धरने पर बैठे

जयपुर में मतदान के बीच जमकर हंगामा हो गया। अंदर जाने से रोके जाने पर विधायक रफीक खान का गुस्सा फूट पड़ा। वे पुलिसकर्मियों से भिड़ गए और सड़क पर ही धरने पर बैठ गए।

रफीक खान का आरोप है कि भाजपा नेताओं को अंदर बुलाकर बैठा लिया गया, लेकिन उन्हें विधायक होते हुए भी रोका जा रहा है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि जो लोग विधानसभा का चुनाव भाजपा से लड़े थे, वे अंदर क्यों बैठे हैं?

Sept 25, 2026, 10:52 IST
सुकेत नगर पालिका में अध्यक्ष पद के लिए आज जंग

सुकेत नगर पालिका में अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर सियासी रोमांच चरम पर है। यहाँ भाजपा के जितेंद्र चोपड़ा और कांग्रेस के उमरदीन चौधरी के बीच सीधा मुकाबला है।

कुल 25 वार्डों में से कांग्रेस के पास 11 और भाजपा के पास 10 सीटें हैं। बहुमत के लिए जरूरी 13 सीटों से दोनों दल अभी दूर हैं। ऐसे में चुनाव में जीते 4 निर्दलीय पार्षद 'किंग मेकर' की भूमिका में हैं, और इन्हीं के समर्थन पर दोनों पार्टियों की जीत का दारोमदार टिका है।

अध्यक्ष की कुर्सी पर कब्जा जमाने के लिए भाजपा को 3 और कांग्रेस को 2 निर्दलीय पार्षदों के समर्थन की जरूरत है। दोनों ही खेमों में जोड़-तोड़ की सियासत तेज हो गई है, जिससे सुकेत नगर पालिका में ताजपोशी को लेकर सियासी रोमांच बढ़ गया है।

Sept 25, 2026, 10:50 IST
कोटा का कौन बनेगा मेयर?

कोटा नगर निगम चुनाव में मतदान करने के लिए कांग्रेसी पार्षद एक साथ पहुंचे। बताया जा रहा है कि सभी कांग्रेसी पार्षदों को एकजुट होकर मतदान कराने के लिए जिलाध्यक्ष राखी गौतम, कांग्रेस नेता नईमुद्दीन गुड्डू और अमित धारीवाल उन्हें लेकर आए।

महापौर प्रत्याशी सुनीता कुमारी सुमन के साथ कुल 40 पार्षद मतदान के लिए पहुंचे हैं। इनमें कांग्रेस के पार्षदों के अलावा निर्दलीय जीती रानी जुबेर भी शामिल हैं।

Sept 22, 2026, 14:35 IST
पाली में उपमहापौर पद के लिए विक्रमपाल–मेहबूब टी आमने-सामने

पाली में आज उपमहापौर का चुनाव हो रहा है। नगर निगम में उपमहापौर पद के लिए मंगलवार को चुनाव प्रक्रिया शुरू हो गई। भाजपा से विक्रमपाल सिंह और कांग्रेस के मेहबूब टी ने निर्दलीय नामांकन भरा है, जिससे दोनों के बीच सीधी टक्कर मानी जा रही है। दरअसल, निर्दलीय प्रत्याशी रईस अली ने अपना नाम वापस ले लिया है।

नामांकन के बाद होगी जांच, फिर नाम वापसी

आज प्रत्याशी अपने नामांकन फॉर्म भरकर जमा कराएंगे। नामांकन पत्रों की जांच के बाद अभ्यर्थियों को नाम वापस लेने का समय दिया जाएगा। इसके बाद यह स्पष्ट होगा कि चुनाव मैदान में कितने प्रत्याशी बचे हैं। यदि एक से अधिक प्रत्याशी मैदान में रहते हैं, तो उपमहापौर पद के लिए मतदान कराया जाएगा।

सोमवार को नमिता बुबकिया बनीं महापौर

पाली में सोमवार 21 सितंबर को महापौर का चुनाव संपन्न हुआ था, जिसमें भाजपा ने उलटफेर करते हुए नमिता बुबकिया को महापौर बनाया। उन्हें 33 वोट मिले, जबकि कांग्रेस की सुमित्रा जैन को 3 और निर्दलीय राजबाला हिंगड़ को 29 वोट प्राप्त हुए थे। अब महापौर चुनाव के बाद सभी की नजर उपमहापौर के चुनाव पर टिकी है।

यदि एक से अधिक प्रत्याशी मैदान में रहते हैं, तो दोपहर 2:30 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान होगा, जिसके बाद मतगणना की जाएगी।

Sept 22, 2026, 11:09 IST
सीकर- बीजेपी-कांग्रेस प्रत्याशियों ने किए नामांकन

सीकर नगर परिषद में बीजेपी से वार्ड-41 की पार्षद रेखा ने उपसभापति पद के लिए नामांकन दाखिल कर दिया है। रेखा दूसरी बार पार्षद बनी हैं।

कांग्रेस से वार्ड-34 पार्षद अशोक चौधरी ने उपसभापति पद के लिए नामांकन दाखिल किया है। उनके साथ पूर्व सभापति जीवण खां, अंशुल पारीक सहित कई नेता पहुंचे।

Sept 22, 2026, 10:14 IST
राजस्थान के 305 निकायों में आज होंगे उपाध्यक्ष चुनाव

प्रदेश के 305 शहरी निकायों में आज उपाध्यक्ष पदों के लिए चुनाव होने हैं। इनमें सात नगर निगमों में डिप्टी मेयर, 47 नगर परिषदों में उपसभापति और 251 नगरपालिकाओं में उपाध्यक्ष के पदों के लिए मतदान कराया जाएगा। वोटिंग के साथ ही आज पार्षदों की बाड़ेबंदी भी समाप्त हो जाएगी।

निकायों में पार्षदों की बैठक बुलाई जाएगी, और इसी बैठक के दौरान चुनाव संपन्न होगा। मतदान के तुरंत बाद वोटों की गिनती होगी और परिणाम घोषित किए जाएंगे। उदयपुर में भाजपा ने दिनेश भट्ट को और अजमेर में कांग्रेस ने नौरत गुर्जर को डिप्टी मेयर प्रत्याशी बनाया है।

निकाय प्रमुखों में भाजपा का दबदबा, अब उपाध्यक्षों पर नजर

निकाय प्रमुखों के चुनाव में भाजपा का साफ दबदबा रहा है। जिन 100 से अधिक निकायों में भाजपा के पास बहुमत नहीं था, वहाँ भी उसने अपने निकाय प्रमुख बनवा लिए। अब डिप्टी मेयर, उपसभापति और नगरपालिका उपाध्यक्षों के चुनाव में भी भाजपा उसी रणनीति को दोहराने की तैयारी में जुटी है।

Sept 21, 2026, 16:21 IST
अनुराधा सिंह ने शपथ ली

भरतपुर नगर निगम की मेयर अनुराधा सिंह ने शपथ ले ली है। शपथ के दौरान उनके साथ पार्षद और भाजपा कार्यकर्ता भी मौजूद रहे, जबकि कुछ पार्षद बाद में शपथ लेंगे।

निर्दलीय दावेदार विचित्रा सिंह के नामांकन वापस लेने के बाद अनुराधा सिंह का मेयर बनना निर्विरोध तय हो गया था। 65 वार्डों वाले नगर निगम में भाजपा ने 20, कांग्रेस ने 7 और निर्दलीयों ने 36 वार्डों में जीत दर्ज की है।

Sept 21, 2026, 14:07 IST
अलवर नगर निगम और भोपालगढ़ में भाजपा प्रत्याशी विजयी

जोधपुर के भोपालगढ़ में बहुमत के बावजूद कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा। चेयरमैन चुनाव समाप्त हो चुका है, जिसमें भाजपा के देवेश चोटिया को 14 वोट मिले, जबकि कांग्रेस की जमना माली को 11 वोट प्राप्त हुए। अध्यक्ष पद पर भाजपा के देवेश चोटिया विजयी घोषित हुए।

इसी तरह अलवर नगर निगम में महापौर पद के लिए हुए मतदान में भाजपा की सुमनलता अग्रवाल ने जीत दर्ज की। वे अलवर नगर निगम की पहली निर्वाचित महापौर बनीं। इस चुनाव में भाजपा प्रत्याशी को 42 वोट मिले, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी को 23 वोट प्राप्त हुए।

Sept 21, 2026, 14:01 IST
भाजपा के पारस सिंघवी महापौर निर्वाचित

उदयपुर नगर निगम में भाजपा के पारस सिंघवी महापौर पद पर निर्वाचित हुए हैं। चुनाव में भाजपा के पारस सिंघवी को कुल 55 वोट मिले, जबकि उनके पक्ष में पार्षदों की संख्या 53 थी। यानी उन्हें पार्षदों की संख्या से 2 वोट अधिक प्राप्त हुए। उनके महापौर बनने के साथ ही उदयपुर में भाजपा का बोर्ड बन गया है।

Sept 21, 2026, 12:13 IST
चूरू जिले में भाजपा का दूसरा बोर्ड बना

चूरू जिले के बीदासर नगर पालिका में अध्यक्ष पद के चुनाव में भाजपा प्रत्याशी सुमन प्रजापत ने जीत दर्ज की है। मतगणना के अनुसार, सुमन प्रजापत को 19 वोट मिले, जबकि कांग्रेस की सोना देवी को 15 वोट और निर्दलीय प्रत्याशी सरीता सिंघी को 1 वोट प्राप्त हुआ।

इस जीत के साथ ही चूरू जिले में भाजपा का दूसरा बोर्ड बन गया है।

Sept 21, 2026, 11:20 IST
श्रीविजयनगर में अध्यक्ष पद के चुनाव के दौरान फायरिंग की खबर

श्रीगंगानगर के श्रीविजयनगर में अध्यक्ष पद के चुनाव के दौरान फायरिंग की खबर सामने आई है। कई पार्षदों के कथित अपहरण की सूचना के बाद इलाके में तनाव बढ़ गया है।

जानकारी के अनुसार, चार पार्षदों को बाउंसरों द्वारा जबरन ले जाने की सूचना है। राजेंद्र लेघा के समर्थकों पर फायरिंग करने का आरोप लगाया गया है। इस घटना के विरोध में श्रीविजयनगर मंडी बंद कर दी गई है।

पार्षदों को बाजूवाला की ओर ले जाने की सूचना से लोगों में भारी आक्रोश है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच में जुट गई है।

Sept 21, 2026, 11:01 IST
हिमाचल से लौट रहे राजस्थान के 18 कांग्रेस-निर्दलीय पार्षद लापता

हरियाणा पुलिस पर राजस्थान के 18 पार्षदों को गायब करने का गंभीर आरोप लगा है। ये सभी कांग्रेस समर्थित पार्षद हैं, जो हिमाचल में बाड़ाबंदी के बाद तिजारा (खैरथल-तिजारा) नगर परिषद के सभापति चुनाव में वोट डालने के लिए लौट रहे थे।

कांग्रेस के पूर्व विधायक संदीप यादव भी उनके साथ मौजूद थे। उन्होंने आरोप लगाया कि रविवार रात हरियाणा के चंडीमंदिर (सूरजपुर) टोल प्लाजा पर हरियाणा पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया।

तिजारा के कांग्रेस नेता इमरान खान ने दावा किया कि बिना नंबर प्लेट और ढकी हुई नंबर प्लेट वाली गाड़ियों में आए पुलिसकर्मियों ने पार्षदों की बस और गाड़ियों को रोका और उन्हें अपने साथ जंगल में ले गए।

इस कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस नेता हरियाणा के पिंजौर थाने के बाहर धरने पर बैठे हैं।

कांग्रेस नेता का आरोप – पुलिस छोड़ नहीं रही

कांग्रेस नेता इमरान खान ने दावा किया कि जैसे ही पार्षदों की बस और 8 गाड़ियाँ हरियाणा के सूरजपुर टोल (चंडीमंदिर) के पास पहुँचीं, वहाँ पहले से तैनात भारी पुलिस बल ने उन्हें रोक लिया।

कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि पुलिसकर्मी जिन गाड़ियों में आए थे, उनमें से कई पर नंबर प्लेट नहीं थी, जबकि कुछ की नंबर प्लेट कपड़े से ढकी हुई थीं। पुलिस ने पार्षदों की बस और सभी 8 गाड़ियों को पिंजौर थाने में खड़ा करवा दिया है।

कांग्रेस को मिला था 17 निर्दलीयों का समर्थन

तिजारा नगर परिषद के 35 वार्डों में भाजपा ने 4 और कांग्रेस ने 1 वार्ड जीता था, जबकि 30 वार्डों में निर्दलीय प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की थी। जानकारी के अनुसार, कांग्रेस ने 17 निर्दलीय पार्षदों का समर्थन हासिल कर लिया था, जिसके बाद 18 पार्षदों की बाड़ेबंदी की गई थी। इसी बहुमत के दम पर कांग्रेस आज होने वाली वोटिंग में अपना बोर्ड बनाने का दावा कर रही है।

ऐसे में मतदान से ठीक कुछ घंटे पहले बहुमत वाले पार्षदों का इस तरह 'गायब' हो जाना तिजारा की सियासत में बड़ा उलटफेर कर सकता है।

Sept 21, 2026, 10:06 IST
मतदान से पहले नगर परिषद पहुंचे पार्षद

प्रतापगढ़ नगर परिषद में सभापति पद के चुनाव से पहले सियासी हलचल तेज हो गई है। मतदान शुरू होने से पहले भाजपा के 17 पार्षद एक निर्दलीय पार्षद के साथ नगर परिषद पहुंचे। वहीं, कांग्रेस के 20 पार्षद दो निर्दलीय पार्षदों को साथ लेकर नगर परिषद पहुंचे। दोनों दलों के पार्षद अपनी गाड़ियों के शीशों पर अखबार लगाकर पहुंचे।

सभापति पद के लिए इस बार भाजपा की मनीषा जैन और कांग्रेस की ज्योति सोनी आमने-सामने हैं। नगर परिषद में कुल संख्या देखें तो कांग्रेस के 20, भाजपा के 17 और तीन निर्दलीय पार्षद हैं। दो निर्दलीय पार्षद कांग्रेस के समर्थन की बात कह चुके हैं, जबकि एक निर्दलीय ने भाजपा के समर्थन का ऐलान किया है।

Sept 21, 2026, 09:57 IST
पाली में त्रिकोणीय मुकाबला

पाली में नगर निगम चुनाव को लेकर आज सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। मतदान सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक होगा, जिसके बाद मतगणना कराई जाएगी और फिर परिणाम घोषित किए जाएंगे। महापौर पद के लिए इस बार त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिल रहा है।

Sept 21, 2026, 09:56 IST
खैरथल: भाजपा प्रत्याशी का आरोप – कांग्रेस नेताओं ने मांगे करोड़ों रुपए

खैरथल नगर परिषद में भाजपा के सभापति प्रत्याशी विक्रम चौधरी ने कांग्रेस नेता एवं मुंडावर के पूर्व विधायक ललित यादव तथा किशनगढ़बास विधायक दीपचंद खैरिया पर सभापति पद के लिए करोड़ों रुपए की मांग करने का गंभीर आरोप लगाया है।

विक्रम चौधरी ने इस संबंध में एक कॉल रिकॉर्डिंग भी सार्वजनिक की है, जिसमें इस बातचीत का दावा किया गया है। उन्होंने बताया कि ललित यादव ने उन्हें फोन कर कहा कि यदि सभापति का चुनाव लड़ना है तो 10 से 15 करोड़ रुपए देने पड़ेंगे। इसके बाद पूर्व विधायक ने उन्हें अगले दिन मिलने के लिए कहा। जब विक्रम चौधरी ने मिलकर इतनी बड़ी रकम दे पाने में असमर्थता जताई, तो उन्हें टिकट देने से साफ मना कर दिया गया।

उल्लेखनीय है कि विक्रम चौधरी वार्ड 31 से कांग्रेस के टिकट पर पार्षद का चुनाव लड़ चुके हैं और बाद में 10 अन्य पार्षदों के साथ भाजपा में शामिल हो गए थे।

Sept 21, 2026, 09:54 IST
अजमेर: मेयर चुनाव से पहले निगम परिसर के बाहर भाजपा का हंगामा

अजमेर नगर निगम में मेयर पद के लिए आज मतदान होना है। वोटिंग से पहले ही निगम परिसर के बाहर सियासी माहौल गरमा गया। कांग्रेस के पूर्व देहात अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह मेयर पद की दावेदार किरण गढ़वाल को साथ लेकर निगम पहुँचे।

निगम परिसर से पहले लगाए गए बैरिकेड पर द्रौपदी कोली को गाड़ी से उतार दिया गया था। इसके बाद भूपेंद्र सिंह मेयर दावेदार किरण गढ़वाल के साथ निगम परिसर के भीतर चले गए।

इस बीच, भूपेंद्र सिंह के निगम परिसर में प्रवेश को लेकर बैरिकेड पर भाजपा जिला अध्यक्ष रमेश सोनी सहित अन्य पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने हंगामा शुरू कर दिया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने आपत्ति जताई कि भूपेंद्र सिंह को निगम परिसर के अंदर जाने कैसे दिया गया।

मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए भूपेंद्र सिंह को बाहर ले आए।

Sept 21, 2026, 09:51 IST
उदयपुर नगर निगम में महापौर पद के लिए मतदान

उदयपुर नगर निगम में महापौर पद के चुनाव के लिए मतदान हो रहा है। मेयर पद के लिए कुल 80 पार्षद अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे, जिनमें भाजपा के 53, कांग्रेस के 23 और 4 निर्दलीय पार्षद शामिल हैं।

इस चुनाव को लेकर दोनों प्रमुख दलों में क्रॉस वोटिंग की आशंका के चलते खौफ का माहौल है।