राजस्थान पंचायत चुनाव में हार पर दिल्ली में भाजपा की हाई-लेवल बैठक, मदन राठौड़ समेत चारों महामंत्री तलब
सीएम से मिले मदन राठौड़ और संजय भाटिया
दिल्ली रवाना होने से पहले मदन राठौड़ और संजय भाटिया ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से भी मुलाकात कर चुनावी फीडबैक साझा किया। यह बैठक ऐसे समय में बुलाई गई है, जब राज्य की सत्ता में होने के बावजूद भाजपा को ग्रामीण क्षेत्रों में बड़ा झटका लगा है। पंचायत चुनावों में भाजपा का वोट शेयर 2020-21 के 38.06 प्रतिशत से गिरकर 2026 में 33.78 प्रतिशत रह गया है, जो पिछले 25 वर्षों में पार्टी का सबसे कमजोर प्रदर्शन है।
मुख्यमंत्री भजनलाल के गृह जिले में भाजपा की हार
वहीं, जिला परिषद चुनावों में भी भाजपा का वोट प्रतिशत 42.42 से घटकर 37.77 पर आ गया, जबकि विपक्षी दल कांग्रेस ने 43.40 प्रतिशत वोट हासिल कर बढ़त बना ली। चौंकाने वाली बात यह रही कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के गृह जिले भरतपुर सहित कई दिग्गज मंत्रियों के क्षेत्रों में भी भाजपा को हार का सामना करना पड़ा।
पार्टी के आंतरिक आकलन के मुताबिक, टिकट वितरण को लेकर उपजी नाराजगी, बागियों के मैदान में उतरने और राजपूत, जाट, देवासी व आदिवासी समाजों की नाराजगी ने भाजपा का समीकरण बिगाड़ दिया। चूरू, नागौर, बाड़मेर, जालोर, सिरोही, राजसमंद और चित्तौड़गढ़ जैसे जिलों में पार्टी को इसका सीधा नुकसान उठाना पड़ा।
पंचायत समिति और जिला परिषद के आंकड़े
राज्य के 41 में से 37 जिलों में हुई मतगणना (कोटा, बारां, करौली और श्रीगंगानगर में 17 दिसंबर को मतगणना होगी) में कांग्रेस ने भारी बढ़त बनाई है। पंचायत समिति की घोषित 7,520 सीटों में से कांग्रेस ने 3,758 सीटों पर कब्जा जमाया, जबकि भाजपा 2,213 सीटों पर सिमट गई।
इसके अलावा निर्दलियों ने 662, राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) ने 497, भारत आदिवासी पार्टी (बीएपी) ने 278, बसपा ने 60 और माकपा ने 50 सीटें जीती हैं। इसी तरह, जिला परिषद की घोषित 1,271 सीटों में से कांग्रेस को 794 और भाजपा को 357 सीटों पर जीत मिली है।
जिला प्रमुख चुनाव में भी कांग्रेस का दबदबा
25 नवंबर को 37 जिलों में हुए जिला प्रमुख के चुनावों में भी कांग्रेस ने एकतरफा जीत दर्ज करते हुए 24 जिलों में अपने प्रमुख बनाए हैं, जबकि भाजपा केवल 10 जिलों तक सीमित रही। दो जिलों में भारत आदिवासी पार्टी (बीएपी) और एक जिले में आरएलपी ने बाजी मारी।
जयपुर में कांग्रेस के यशवीर सूरा ने भाजपा के राजेश गुर्जर को 28 वोटों से हराया, जबकि राजसमंद में 12 साल बाद कांग्रेस की सुंदर देवी कीर जिला प्रमुख बनीं। भरतपुर, बीकानेर, बाड़मेर, सीकर, अलवर, दौसा, झुंझुनू और टोंक जैसे प्रमुख जिलों में भी कांग्रेस का परचम लहराया।
दूसरी ओर, भाजपा अजमेर, चूरू (जहां वरिष्ठ नेता राजेंद्र राठौड़ की पुत्रवधू कनिका सिंह जीतीं), झालावाड़, उदयपुर, पाली, बालोतरा, खैरथल-तिजारा और प्रतापगढ़ जैसे जिलों में ही अपनी साख बचा सकी। नागौर में भाजपा द्वारा उम्मीदवार न उतारने के बाद आरएलपी के पंचाराम विजयी रहे, वहीं बांसवाड़ा में बीएपी की रीना रावत ने बेहद रोमांचक मुकाबले में मात्र एक वोट (22-21) से जीत दर्ज की। दिल्ली की इस समीक्षा बैठक में अब इन्हीं नतीजों के आधार पर संगठनात्मक बदलाव और जिम्मेदारियां तय होने के कयास लगाए जा रहे हैं।