राजस्थान पंचायत चुनाव में दिग्गजों की साख दांव पर, कहीं बेटा-बहू तो कहीं पत्नी मैदान में, कल खुलेंगे सियासी किस्मत के पत्ते
किसी नेता ने बेटे-बहू पर दांव लगाया है तो किसी ने पत्नी और बेटी को चुनाव मैदान में उतारा है। सत्ता पक्ष के मंत्री से लेकर विपक्ष के बड़े नेताओं तक की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है। नतीजे बताएंगे कि गांवों में दिग्गजों की पकड़ कितनी मजबूत है और मतदाताओं ने राजनीतिक विरासत को कितना समर्थन दिया है।
सबसे दिलचस्प सियासी मुकाबला चूरू और सीकर में है। चूरू में पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ के बेटे और बहू चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं सीकर में नगरीय विकास मंत्री झाबर सिंह खर्रा के परिवार के चार सदस्य मैदान में हैं। इनमें दो भाजपा के टिकट पर और दो निर्दलीय चुनाव लड़ रहे हैं। ऐसे में इन दोनों जिलों के परिणाम केवल एक सीट की जीत-हार तक सीमित नहीं रहेंगे। ये बड़े राजनीतिक घरानों की जमीनी ताकत का भी पैमाना बनेंगे।
चूरू में राठौड़ परिवार की प्रतिष्ठा दांव पर, दो सियासी घरानों की सीधी टक्कर
चूरू में भाजपा के वरिष्ठ नेता राजेंद्र राठौड़ के बेटे पराक्रम सिंह राठौड़ जिला परिषद के वार्ड 39 से चुनाव लड़ रहे हैं। उनके सामने कांग्रेस के केशरीचंद शर्मा हैं। केशरीचंद पूर्व विधायक भंवरलाल शर्मा के बेटे और सरदारशहर विधायक अनिल शर्मा के भाई हैं। इस सीट पर मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के साथ दो प्रभावशाली राजनीतिक परिवारों के बीच भी है।
राठौड़ की पुत्रवधू कनिका सिंह जिला परिषद के वार्ड 23 से भाजपा प्रत्याशी हैं। उनके सामने कांग्रेस की आशा स्वामी हैं। वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में तारानगर से हार के बाद राजेंद्र राठौड़ के लिए परिवार के उम्मीदवारों का प्रदर्शन राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है।
इसी जिले में कांग्रेस विधायक नरेंद्र बुडानिया की पत्नी कनक देवी जिला परिषद वार्ड 38 से मैदान में हैं। कांग्रेस विधायक पूसाराम गोदारा की पत्नी नानी देवी पंचायत समिति सदस्य का चुनाव लड़ रही हैं। चूरू में भाजपा और कांग्रेस के दिग्गजों के बीच जिला प्रमुख की कुर्सी को लेकर भी सियासी खींचतान बढ़ सकती है।
सीकर में मंत्री खर्रा के परिवार के चार सदस्य, भाजपा के साथ निर्दलीय भी
सीकर जिले की श्रीमाधोपुर पंचायत समिति में मंत्री झाबर सिंह खर्रा के परिवार ने बड़ा चुनावी दांव खेला है। उनकी पत्नी शांति देवी खर्रा वार्ड 17 और छोटे बेटे अजय सिंह खर्रा वार्ड 20 से भाजपा प्रत्याशी हैं।
बड़े बेटे दुर्गा सिंह खर्रा वार्ड 19 से निर्दलीय मैदान में हैं। खर्रा के छोटे भाई की पत्नी प्रतिमा खर्रा जिला परिषद के वार्ड 23 से निर्दलीय चुनाव लड़ रही हैं। एक ही परिवार के चार सदस्यों की चुनावी किस्मत का फैसला होना है।
यह चुनाव मंत्री खर्रा के स्थानीय प्रभाव की परीक्षा भी है। दूसरी तरफ कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के लिए भी गृह जिले सीकर में पार्टी का प्रदर्शन महत्वपूर्ण होगा। यहां भाजपा और कांग्रेस की सीटों का गणित आने वाले जिला प्रमुख और प्रधान चुनाव की तस्वीर तय करेगा।
झुंझुनूं में जिला प्रमुख की कुर्सी पर नजर, टिकटों को लेकर भी खींचतान
झुंझुनूं में पूर्व सांसद नरेंद्र कुमार के परिवार की दो बहुएं चुनाव मैदान में हैं। निवर्तमान जिला प्रमुख हर्षिणी कुलहरी वार्ड 5 और अनामिका पूनिया वार्ड 6 से भाजपा की प्रत्याशी हैं। पूर्व सांसद संतोष अहलावत की पुत्रवधू और पूर्व विधायक शुभकरण चौधरी की बेटी दीक्षा अहलावत भी चुनाव लड़ रही हैं।
जिला प्रमुख का पद सामान्य महिला वर्ग के लिए आरक्षित होने के कारण यहां बड़े राजनीतिक परिवारों की दावेदारी चर्चा में है। टिकट वितरण को लेकर भाजपा में असंतोष भी सामने आया था। ऐसे में पार्टी के सामने पहले अपने प्रत्याशियों को जिताने और फिर जिला प्रमुख के लिए सहमति बनाने की चुनौती होगी।
बीकानेर में डूडी और मेघवाल परिवार की सियासी परीक्षा
बीकानेर में दिवंगत पूर्व नेता प्रतिपक्ष रामेश्वर डूडी और कांग्रेस विधायक सुशीला डूडी की पुत्रवधू निकिता डूडी जिला परिषद चुनाव लड़ रही हैं। वहीं पूर्व मंत्री गोविंदराम मेघवाल की बेटी सरिता चौहान जिला परिषद के वार्ड 26 से कांग्रेस प्रत्याशी हैं।
दोनों परिवार लंबे समय से बीकानेर की राजनीति में सक्रिय रहे हैं। इस बार परिवार की नई पीढ़ी के चुनावी प्रदर्शन पर नजर रहेगी। परिणाम यह भी बताएंगे कि बड़े नेताओं की राजनीतिक विरासत को ग्रामीण मतदाताओं का कितना समर्थन मिलता है।
दौसा में विधायक की पत्नी और पूर्व मंत्री की बेटी के सामने चुनौती
दौसा में कांग्रेस के दो बड़े राजनीतिक परिवारों की प्रतिष्ठा जुड़ी हुई है। पूर्व मंत्री ममता भूपेश की बेटी देवांगना भंडारी जिला परिषद वार्ड 19 से और कांग्रेस विधायक डीसी बैरवा की पत्नी बीना बैरवा वार्ड 2 से चुनाव लड़ रही हैं। भाजपा विधायक विक्रम बंशीवाल की मां भी जिला परिषद चुनाव मैदान में हैं।
दौसा में दोनों दलों के लिए चुनौती केवल अपने परिवार के प्रत्याशियों को जिताने की नहीं, बल्कि जिला परिषद में बहुमत हासिल करने की भी है। यहां का परिणाम स्थानीय विधायकों की राजनीतिक पकड़ का संकेत देगा।
टोंक, उदयपुर और जैसलमेर में भी दिग्गजों के परिवारों का इम्तिहान
टोंक में पूर्व कृषि मंत्री प्रभुलाल सैनी के बेटे मनीष सैनी जिला परिषद वार्ड 20 से भाजपा प्रत्याशी हैं। पूर्व उपमुख्यमंत्री बनवारीलाल बैरवा की बेटी अलका बैरवा और पूर्व विधायक प्रशांत बैरवा की पत्नी सुषमा बैरवा कांग्रेस के टिकट पर मैदान में हैं।
उदयपुर में मावली विधायक पुष्करलाल डांगी के बेटे शातिलाल डांगी जिला परिषद वार्ड 43 से चुनाव लड़ रहे हैं। सलूंबर में पूर्व सांसद रघुवीर मीणा की पत्नी बसंती देवी मीणा जिला परिषद प्रत्याशी हैं। पूर्व मंत्री खेमराज कटारा के बेटे विवेक कटारा पंचायत समिति चुनाव लड़ रहे हैं।
जैसलमेर में पूर्व मंत्री सालेह मोहम्मद के भाई अब्दुल्ला और अमरदीन फकीर जिला परिषद चुनाव मैदान में हैं। पूर्व विधायक रूपाराम धनदेव की बेटी अंजना और बेटा हरीश भी चुनाव लड़ रहे हैं। यहां नतीजे कांग्रेस के प्रभावशाली राजनीतिक परिवारों की ताकत का संकेत देंगे।
भाजपा के सामने गांवों में पकड़ साबित करने की चुनौती, कांग्रेस के लिए वापसी का मौका
पंचायत चुनाव को प्रदेश की राजनीति में सत्ता पक्ष और विपक्ष की जमीनी ताकत की परीक्षा के रूप में भी देखा जा रहा है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार के लिए ज्यादा से ज्यादा जिला परिषदों और पंचायत समितियों में बहुमत हासिल करना महत्वपूर्ण होगा।
वहीं कांग्रेस के लिए यह चुनाव ग्रामीण क्षेत्रों में अपना जनाधार दिखाने का मौका है। प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली के लिए भी पार्टी का प्रदर्शन राजनीतिक रूप से अहम रहेगा। हालांकि स्थानीय चुनावों में उम्मीदवार का व्यक्तिगत प्रभाव, जातीय समीकरण और गांवों के मुद्दे भी बड़ी भूमिका निभाते हैं। इसलिए परिणाम को सीधे प्रदेश सरकार के पक्ष या विरोध का जनादेश मानना सही नहीं होगा।
नतीजों से पहले बाड़ेबंदी का दांव, निर्दलीय बिगाड़ सकते हैं गणित
पंचायत चुनाव में असली सियासी जोड़-तोड़ मतगणना के बाद तेज हो सकती है। भाजपा और कांग्रेस अपने प्रत्याशियों को एकजुट रखने की कवायद में जुटी हैं। उदयपुर सहित कुछ जिलों में प्रत्याशियों की बाड़ेबंदी की खबरें भी सामने आ चुकी हैं।
जहां किसी दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिलेगा, वहां निर्दलीय सदस्य जिला प्रमुख और प्रधान बनाने में निर्णायक साबित हो सकते हैं। ऐसे में शुक्रवार को जीतने वाले प्रत्याशियों की संख्या ही नहीं, उनका राजनीतिक झुकाव भी अहम होगा।
37 जिलों में कल मतगणना, चार जिलों के नतीजे दिसंबर में
राज्य निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार शुक्रवार सुबह 8 बजे से 37 जिलों में मतगणना शुरू होगी। इनमें जिला परिषद के 1,275 और पंचायत समिति के 7,543 वार्ड शामिल हैं। कुल 8,818 वार्डों की मतगणना निर्धारित है। हालांकि कोटा, बारां, करौली और श्रीगंगानगर में मतगणना की तारीख बदल दी गई है। इन चार जिलों में अब 17 दिसंबर को वोटों की गिनती होगी।
बाकी जिलों में 25 नवंबर को जिला प्रमुख और 27 नवंबर को प्रधान के चुनाव होंगे। ऐसे में 20 नवंबर को नतीजों के साथ गांवों की सत्ता का पहला गणित साफ होगा, लेकिन जिला परिषद और पंचायत समितियों की कुर्सियों पर अंतिम फैसला अगले कुछ दिनों में होगा।