राजस्थान पंचायत चुनाव: तीसरे चरण में 27 जिलों में कल वोटिंग, 1 करोड़ से अधिक मतदाता करेंगे फैसला
तीसरे चरण में कुल 2,496 वार्डों में चुनाव होगा। इनमें 27 जिला परिषदों के 377 वार्ड और 116 पंचायत समितियों के 2,119 वार्ड शामिल हैं। जिला परिषद के 377 वार्डों में 1,305 प्रत्याशी मैदान में हैं। वहीं, पंचायत समिति के 2,119 वार्डों में 7,789 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इस तरह कुल 9,094 प्रत्याशियों के राजनीतिक भविष्य का फैसला मतदाता करेंगे।
1.06 करोड़ से ज्यादा मतदाता डालेंगे वोट
तीसरे चरण में कुल 1 करोड़ 6 लाख 81 हजार 567 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इनमें 55 लाख 48 हजार 472 पुरुष, 51 लाख 33 हजार 51 महिला और 44 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं। मतदान के लिए 11,869 केंद्र बनाए गए हैं।
इन 27 जिलों में होगा मतदान
तीसरे चरण में बालोतरा, बांसवाड़ा, बारां, ब्यावर, भरतपुर, बीकानेर, बूंदी, चित्तौड़गढ़, चूरू, दौसा, डीडवाना-कुचामन, डीग, धौलपुर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, जयपुर, जालोर, झुंझुनूं, करौली, खैरथल-तिजारा, कोटपूतली-बहरोड़, प्रतापगढ़, सवाई माधोपुर, सलूंबर, सीकर, टोंक और उदयपुर जिले में मतदान होगा।
इन जिलों की 116 पंचायत समितियों में चुनाव हो रहे हैं। इनमें जयपुर जिले की चाकसू, कोटखावदा, माधोराजपुरा, फागी और सांगानेर पंचायत समिति शामिल हैं। दौसा में दौसा, लालसोट, लवाण, नांगल राजावतान, रामगढ़ पचवारा, शिवसिंहपुरा, सिकंदरा और सिकराय में मतदान होगा।
भरतपुर जिले की बयाना, भुसावर, नदबई और वैर पंचायत समितियों में वोट डाले जाएंगे। डीग में बृजनगर, कामां और पहाड़ी में चुनाव होगा। बीकानेर की लूणकरणसर, रीड़ी और श्रीडूंगरगढ़ पंचायत समितियां भी इसी चरण में शामिल हैं।
सीकर में दांतारामगढ़, धोद, धोद ग्रामीण, खाचरियावास और पलसाना में मतदान होगा। टोंक में देवली, मालपुरा, पचेवर, पीपलू और उनियारा पंचायत समितियों के मतदाता वोट डालेंगे। उदयपुर में कल्याणपुर, खेरवाड़ा, नयागांव और ऋषभदेव में चुनाव होगा। बाकी जिलों में भी आयोग की निर्धारित पंचायत समितियों में मतदान कराया जाएगा।
बुजुर्ग और दिव्यांग मतदाताओं के लिए इंतजाम
राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह ने बताया कि सभी मतदान केंद्रों पर पानी और छाया की व्यवस्था की गई है। बुजुर्ग और विशेष योग्यजन मतदाताओं की सुविधा का भी ध्यान रखा गया है। सुरक्षा के लिहाज से जरूरी इंतजाम पूरे कर लिए गए हैं।
आयुक्त ने बताया कि उन्होंने तीसरे चरण में मतदान वाले कुछ जिलों के केंद्रों का निरीक्षण भी किया है। वहां व्यवस्थाओं की जानकारी लेकर संबंधित अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
5 नवंबर को पंच-सरपंच के लिए वोटिंग
तीसरे चरण में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के मतदान के दो दिन बाद यानी 5 नवंबर को पंच और सरपंच पदों के लिए वोट डाले जाएंगे। इसके लिए 4 नवंबर को नामांकन प्रक्रिया होगी। 5 नवंबर को मतदान के बाद ग्राम पंचायत मुख्यालय पर ही मतगणना कराई जाएगी। इसके बाद 6 नवंबर को उपसरपंच का चुनाव होगा।
इस चरण में 27 जिलों की 3,716 ग्राम पंचायतों में सरपंच और 34,218 वार्ड पंच चुने जाएंगे। जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव की मतगणना 20 नवंबर को होगी। यानी गांव की सरकार चुनने की प्रक्रिया में अगले कुछ दिन काफी अहम रहने वाले हैं।