राजस्थान पंचायत चुनाव: दूसरे चरण में 22 जिलों में चुनावी घमासान, 9404 प्रत्याशियों की किस्मत दांव पर, जानें कहां कितना मतदान
इसमें जिला परिषद के 352 वार्डों के लिए 2,197 और पंचायत समिति के 2,197 वार्डों के लिए 7,318 उम्मीदवार मैदान में हैं। राज्य निर्वाचन आयोग (State Election Commission) द्वारा मतदाताओं से बढ़-चढ़कर मतदान करने की अपील की गई है।
दोपहर 1 बजे तक के आंकड़ों के मुताबिक, कुल मतदान 34.92 प्रतिशत दर्ज किया गया है। चुनाव में भाजपा और कांग्रेस के अलावा राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) और भारत आदिवासी पार्टी (BAP) भी ग्रामीण क्षेत्रों में अपनी स्थिति मजबूत करने के लिए जोर लगा रही हैं।
इन जिलों में हो रहा है मतदान
राजस्थान पंचायतीराज चुनाव (Rajasthan Panchayatiraj Election) के दूसरे चरण के तहत अजमेर, अलवर, बांसवाड़ा, बाड़मेर, भीलवाड़ा, बीकानेर, दौसा, डूंगरपुर, जयपुर, जालौर, झालावाड़, झुंझुनू, जोधपुर, करौली, कोटा, कोटपूतली-बहरोड, नागौर, पाली, राजसमंद, सीकर, सिरोही और उदयपुर जिलों में मतदान हो रहा है।
इन क्षेत्रों में कुल 1,06,56,127 मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें 55,19,336 पुरुष, 51,36,744 महिलाएं और 47 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं।
किशनगढ़ में ओवरब्रिज की मांग को लेकर चुनाव बहिष्कार
अजमेर जिले के किशनगढ़ क्षेत्र के पाटन गांव में पाटन चौराहे पर ओवरब्रिज निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों ने पंचायत चुनाव के बहिष्कार का ऐलान कर दिया है।
ग्रामीण लंबे समय से यहां ओवरब्रिज बनाने की मांग कर रहे हैं, क्योंकि सड़क हादसों में कई लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। कई दिनों से चल रहे विरोध के बाद आज मतदान के दिन भी ग्रामीण अपनी मांग पर अड़े रहे। मौके पर एसडीएम और भारी पुलिस-प्रशासनिक अमला पहुंचकर ग्रामीणों से समझाइश कर मतदान शुरू करवाने के प्रयास में जुटा हुआ है।
बीकानेर और कोटा में व्यवस्थाओं की लापरवाही
- बीकानेर: बज्जू के 4 एमएम गणपतसिंहपुरा मतदान केंद्र पर सुबह मतदान शुरू होने के दो घंटे बाद भी मुख्य गेट नहीं खोला गया। लोगों को साइड के निजी रास्ते से आना-प्रवेश करना पड़ा। इस बात से नाराज ग्रामीणों ने एसडीएम और रिटर्निंग अधिकारी से शिकायत की, जिसके बाद पूर्व मंत्री भंवर सिंह भाटी ने भी कलेक्टर से बात की। गेट के बाहर बड़ी संख्या में मतदाता परेशान बैठे नजर आए।
- कोटा: खैराबाद और चेचट पंचायत समिति में मतदान के दौरान दो जगहों पर ईवीएम बंद होने की शिकायतें सामने आईं। चेचट के घाटोली ग्राम पंचायत के हाथिया खेड़ी और खैराबाद के मोड़क स्थित कूकड़ा खुर्द में यह तकनीकी समस्या आई।
डूंगरपुर में भी ईवीएम खराब
डूंगरपुर पंचायत समिति के बिलड़ी स्कूल मतदान केंद्र क्रमांक 41 पर मतदान शुरू होते ही ईवीएम मशीन खराब हो गई। मशीन में खराबी के चलते शुरुआती आधे घंटे तक एक भी वोट नहीं पड़ सका, जबकि मतदाता बाहर लंबी लाइनों में खड़े थे। हालांकि, करीब 7:40 बजे मशीन को ठीक कर लिया गया, जिसके बाद मतदान की प्रक्रिया दोबारा सुचारू रूप से शुरू हो सकी।
FAQs
- राजस्थान में पंचायतीराज चुनाव का दूसरा चरण कब शुरू हुआ?
राजस्थान में पंचायतीराज चुनाव का दूसरा चरण 28 अक्टूबर को शुरू हुआ, जिसमें प्रदेश के 22 जिलों में मतदान प्रक्रिया सुबह 7 बजे से शुरू हुई। - राजस्थान पंचायतीराज चुनाव के दूसरे चरण में कुल कितने वार्डों के लिए मतदान हो रहा है?
इस चुनाव में कुल 2,549 वार्डों के लिए मतदान हो रहा है, जिसमें 9,404 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। - राजस्थान पंचायतीराज चुनाव में कहां से चुनाव बहिष्कार की खबरें आई हैं?
जी हां, अजमेर जिले के किशनगढ़ क्षेत्र के पाटन गांव में ओवरब्रिज की मांग को लेकर ग्रामीणों ने पंचायत चुनाव के बहिष्कार का ऐलान किया है।