पासपोर्ट दफ्तरों में बम से उड़ान की धमकी, कई शहरों में सुरक्षा बढ़ाई, एजेंसियां अलर्ट

Ashish Bhardwaj | Mar 27, 2026, 17:10 IST
Photograph: (the sootr)
राजस्थान के अजमेर, सीकर, जैसलमेर और हनुमानगढ़ में पासपोर्ट दफ्तरों को 10 जहरीले बम लगाने की धमकी मिली। सभी जगह सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। पुलिस, बम निरोधक दस्ता और साइबर सेल सक्रिय हैं।

News In Short

  • राजस्थान के कई शहरों में पासपोर्ट दफ्तरों को बम से उड़ाने की धमकी मिली।
  • धमकी भरे ईमेल में 10 जहरीले बम लगाने का दावा, डीएमके का नाम लिया।
  • पासपोर्ट दफ्तरों और डाकघरों को सुरक्षा के लिहाज से तुरंत खाली करवाया गया।
  • साइबर सेल और खुफिया विभाग धमकी भेजने वाले की तलाश में जुटे हैं।
  • फिलहाल, किसी भी संदिग्ध वस्तु का पता नहीं चला, लेकिन सुरक्षा अलर्ट जारी है।

News In Detail

राजस्थान में शुक्रवार को अचानक सुरक्षा एजेंसियां तब हरकत में आ गई, जब जयपुर स्थित रीजनल पासपोर्ट ऑफिस को एक धमकी भरा ईमेल मिला। इस ईमेल में कहा गया कि अजमेर, सीकर, जैसलमेर और हनुमानगढ़ के पासपोर्ट सेवा केंद्रों और मुख्य डाकघरों में 10 जहरीले बम लगाए गए हैं। धमकी मिलने से प्रशासन और पुलिस में हड़कंप मच गया।



डीएमके और स्टालिन का नाम लेकर दी धमकी

धमकी भरे ईमेल में एक चौंकाने वाला राजनीतिक संदर्भ भी दिया गया। मेल में कहा गया कि बेंगलूरु के एक मेडिकल कॉलेज में डॉक्टर अब्दुल मोहम्मद भाई का अपमान किया गया। इसके लिए डीएमके और एमके स्टालिन समर्थकों को जिम्मेदार ठहराया गया। इसी के विरोध में दोपहर 2 बजे इस्लामी प्रार्थना के दौरान पासपोर्ट कार्यालय परिसर में बम लगाने की बात कही गई।


ईमेल में आगे लिखा गया कि अगर डीएमके ने 2026 का चुनाव जीता तो परिवार के एक सदस्य को खोना पड़ेगा। यह धमकी न सिर्फ आतंकी इरादे को दर्शाती है, बल्कि इसके पीछे की सोच ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है।



छह शहरों में एक साथ सर्च ऑपरेशन

सूचना मिलते ही अजमेर के जीपीओ स्थित पासपोर्ट केंद्र, सीकर का पासपोर्ट ऑफिस, जैसलमेर का मुख्य डाकघर और हनुमानगढ़ जंक्शन स्थित पासपोर्ट कार्यालय समेत सभी संवेदनशील दफ्तरों को तुरंत खाली करा लिया गया। स्थानीय पुलिस के साथ-साथ बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वायड और खुफिया एजेंसियों की टीमें मौके पर पहुंच गईं।


प्रत्येक जगह पूरे परिसर को सुरक्षा घेरे में लेकर संदिग्ध वस्तुओं की सघन तलाशी शुरू कर दी गई। कई जगहों पर सरकारी दफ्तरों के बाहर ताले लटक गए और आसपास की आवाजाही पूरी तरह रोक दी गई। अतिरिक्त पुलिस जाब्ता तैनात किया गया, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।



साइबर सेल सक्रिय, ईमेल सेंडर की तलाश जारी

फिलहाल किसी भी स्थान से कोई विस्फोटक या संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां अभी भी हाई अलर्ट पर हैं। पुलिस ने आमजन से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।


इस पूरे मामले में सबसे बड़ी चुनौती ईमेल भेजने वाले की पहचान करना है। साइबर सेल और खुफिया विभाग की टीमें मिलकर धमकी भरे मेल के आईपी एड्रेस और टेक्निकल फुटप्रिंट्स का पता लगाने में जुटी हैं। राजनीतिक दल DMK से जुड़ा यह संदर्भ और कर्नाटक के मेडिकल कॉलेज की घटना से तार जोड़ते हुए जांच की जा रही है कि यह किसी संगठित साजिश का हिस्सा है या फिर मानसिक रूप से असंतुलित व्यक्ति का कृत्य।



ये भी पढे़:-

हिरासत में मौत के मामले राजस्थान दूसरे नंबर पर, बिहार पहले स्थान पर



क्यों उखड़े रहते हैं केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, जानिए उनके सियासी मिजाज का पूरा ब्योरा



पाकिस्तान से 50 करोड़ की हेरोइन की तस्करी, 5 गिरफ्तार



5000 व्यावसायिक शिक्षकों की नौकरी पर तलवार, अनुबंध नहीं बढ़ा तो हो जाएंगे बेरोजगा



Tags:
  • राजस्थान
  • धमकी भरा ईमेल
  • साइबर सेल
  • पासपोर्ट
  • बम से उड़ाने की धमकी