नशे की कमाई पर पुलिस का वार, 73.64 करोड़ की संपत्ति जब्त
समझें क्या है पूरा मामला
- नशे की कमाई पर वार, 73.64 करोड़ की संपत्ति जब्त
- चित्तौड़गढ़ में सबसे बड़ा एक्शन, 20 करोड़ की संपत्ति कुर्क
- मकान से लग्जरी गाड़ी तक, तस्करों की संपत्ति पर शिकंजा
- DGP बोले, नशे की कमाई से बनी संपत्ति भी नहीं बचेगी
- 38 मामलों में कुर्की के आदेश, 25 अभी प्रक्रिया में
राजस्थान पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ अब गिरफ्तारी के साथ उनकी काली कमाई और संपत्तियों पर भी शिकंजा कस दिया है। प्रदेशभर में नशे के कारोबार से अर्जित या उससे जुड़ी 73 करोड़ 64 लाख 64 हजार 948 रुपए की चल-अचल संपत्तियां कुर्क, फ्रीज और सीज की गई हैं। इनमें मकान, बंगले, दुकानें, कृषि भूमि, प्लॉट से लेकर कार, पिकअप, ट्रैक्टर और मोटरसाइकिल तक शामिल हैं।
पुलिस ने यह कार्रवाई NDPS एक्ट की धारा 68-F के तहत चलाए जा रहे अभियान में की है। एएनटीएफ के आईजी विकास कुमार के मुताबिक प्रदेशभर में तस्करों के खिलाफ 63 इस्तगासे तैयार कर सक्षम प्राधिकारी को भेजे गए थे। इनमें 38 मामलों में कुर्की और जब्ती के अंतिम आदेश जारी हो चुके हैं, जबकि 25 मामलों में कानूनी प्रक्रिया अंतिम चरण में है।
चित्तौड़गढ़ में सबसे बड़ा एक्शन, 20.35 करोड़ की संपत्ति पर शिकंजा
प्रदेश में सबसे बड़ी कार्रवाई चित्तौड़गढ़ में हुई है। यहां करीब 20.35 करोड़ रुपए की संपत्तियों की कुर्की और जब्ती को मंजूरी मिली है। इसमें सबसे बड़ा मामला गंगरार निवासी राहुल बंजारा से जुड़ा है। पुलिस के अनुसार उसकी 18.79 करोड़ रुपए से ज्यादा की चल-अचल संपत्ति पर कार्रवाई को मंजूरी मिली है।
इसके अलावा कमलेश गुर्जर की 46.44 लाख, बालकिशन धाकड़ की 46.23 लाख, रामेश्वर लाल अहीर की 29.58 लाख, मोहम्मद उस्मान की 28 लाख, रतनलाल जाट की 22.79 लाख और सुरेश चंद्र जाट की 12.30 लाख रुपए की संपत्तियां भी कार्रवाई के दायरे में आई हैं।
बारां में 18.48 करोड़ की संपत्तियों पर कार्रवाई
बारां में करीब 18.48 करोड़ रुपए की संपत्तियों से जुड़े मामलों में सक्षम प्राधिकारी की मंजूरी मिल चुकी है। इनमें राजाराम मीणा और रामगोपाल से जुड़ी 5.83 करोड़, दिनेश मीणा और सुरेंद्र की 5.83 करोड़ तथा किशोर कुमार की 5.82 करोड़ रुपए की संपत्तियां शामिल हैं।
इसके अलावा बीरमचंद की करीब 60.26 लाख रुपए की संपत्ति पर भी कार्रवाई की गई है। विशाल सांसी और बल्लू सांसी से जुड़ी संपत्तियां भी इस कार्रवाई में शामिल हैं।
झालावाड़ में 9 तस्करों की 12.65 करोड़ की संपत्ति
झालावाड़ में पुलिस ने नौ लोगों से जुड़ी करीब 12.65 करोड़ रुपए की संपत्तियों की जब्ती को मंजूरी दिलाई है। इसमें बबलू तंवर की अकेले 5.59 करोड़ रुपए से ज्यादा की संपत्ति शामिल है।
इसके अलावा नरेंद्र सिंह की 1.81 करोड़, मोहनलाल तंवर की 1.13 करोड़, सुगनचंद तंवर की 1.02 करोड़, गनी मोहम्मद की 86.16 लाख, पांचूलाल मीणा की 70.94 लाख और दिनेश सिंह की 66.41 लाख रुपए की संपत्तियों समेत अन्य परिसंपत्तियों पर भी कार्रवाई की गई है।
प्रतापगढ़ में बंगले, पोल्ट्री फार्म और गाड़ियां जब्ती के दायरे में
प्रतापगढ़ में करीब 8.24 करोड़ रुपए की संपत्तियों की कुर्की को मंजूरी मिली है। इनमें नवनिर्मित मकान, पोल्ट्री फार्म और गाड़ियां तक शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार शाहजेब उर्फ बल्ला की करीब 2.10 करोड़, भुरालाल लबाना की 1.65 करोड़ और शेफुल्ला शेख की 1.55 करोड़ रुपए की संपत्ति कार्रवाई के दायरे में है। इसके अलावा असद इकबाल, नारायण मीणा, अकबर खान, शाहरुख खान, दिलावर खान और नऊम खान से जुड़ी संपत्तियों की कुर्की को भी मंजूरी दी गई है।
नागौर में मकान-दुकान, जोधपुर में 26 बीघा जमीन पर एक्शन
कार्रवाई केवल चार जिलों तक सीमित नहीं है। नागौर में भोपालराम विश्नोई के दो मकान, दुकान और वाहनों समेत करीब 1.14 करोड़ रुपए की संपत्ति की कुर्की स्वीकृत हुई है।
जोधपुर ग्रामीण में अनिल विश्नोई की 26 बीघा जमीन और दो वाहनों समेत 1.10 करोड़ रुपए की संपत्ति जब्ती के दायरे में आई है। हनुमानगढ़ में स्वराज उर्फ शिवराज की करीब 81.61 लाख रुपए की संपत्ति सीज की गई है।
जालौर में धोलाराम उर्फ धरिंद्र कुमार की 37.73 लाख और राकेश कुमार विश्नोई की 13.09 लाख रुपए की संपत्ति पर कार्रवाई की मंजूरी मिली है। उदयपुर में विपिन गिरी गोस्वामी की 26 लाख रुपए की संपत्ति, भीलवाड़ा में लाभचंद उर्फ लाभू धाकड़ की 50 लाख रुपए की भूमि और ट्रैक्टर तथा जोधपुर पूर्व में रमेश विश्नोई की 15 लाख रुपए की स्कॉर्पियो की कुर्की के आदेश जारी हुए हैं।
DGP बोले- नशे की कमाई से खड़ी संपत्ति भी नहीं बचेगी
डीजीपी राजीव कुमार शर्मा ने अधिकारियों को नशीले पदार्थों के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उनका कहना है कि पुलिस का फोकस अब तस्करों को पकड़ने के साथ उनके वित्तीय नेटवर्क और आर्थिक आधार को खत्म करने पर भी है।
पुलिस के मुताबिक नशीले पदार्थों की कमाई से खड़ी की गई संपत्तियों को चिन्हित कर NDPS एक्ट की धारा 68-F के तहत कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
ANTF खंगाल रही तस्करों की संपत्ति और नेटवर्क
एएनटीएफ प्रदेशभर के नशा तस्करों की सूची तैयार कर उनके आर्थिक नेटवर्क और संपत्तियों की जानकारी जुटा रही है। इसके बाद संबंधित जिलों के एसपी को कार्रवाई के निर्देश दिए जा रहे हैं।
आईजी विकास कुमार के मुताबिक व्यापारिक प्रकृति के मामलों में भी कार्रवाई की जा रही है। इसके साथ ही हर जिले में नशे के खिलाफ कार्रवाई को और प्रभावी बनाने के लिए एसपी कार्यालय में विशेष शाखा गठित करने की तैयारी है।
यह खबरें भी पढ़ें...
जयपुर नगर निगम चुनाव: वार्ड 62 के बूथ 23 पर 13 सितंबर को पुनर्मतदान, जानें वजह
राजस्थान की चिट्ठी: कहीं अरावली का उठा सवाल, कहीं सियासत का बवाल
जयपुर निगम चुनाव: 99 उम्मीदवार करोड़पति, जानें उम्मीदवारों की संपत्ति का लेखा-जोखा
राजस्थान निकाय चुनाव: कांग्रेस की बाड़ाबंदी में निर्दलीय प्रत्याशी की बिगड़ी तबीयत