1 अप्रैल से शुरू होगी सरसों एवं चना की समर्थन मूल्य पर खरीद, पंजीकरण 20 मार्च से शुरू

Ashish Bhardwaj | Mar 17, 2026, 13:00 IST
Photograph: (the sootr)
राजस्थान में रबी विपणन वर्ष 2026 में 1 अप्रैल से सरसों और चना की न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर खरीद शुरू होगी। किसानों को 20 मार्च से ऑनलाइन पंजीकरण करना होगा।

News In Short

  • 1 अप्रैल से शुरू होगी सरसों एवं चना की MSP पर खरीद।
  • फसलों की बिक्री के लिए पंजीकरण आवश्यक, जो 20 मार्च से होगा शुरू।
  • सरसों का MSP 6,200 रुपये और चना का 5,875 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित।
  • जयपुर जिले में 42 खरीद केन्द्रों का होगा संचालन।
  • किसानों की शंकाओं के समाधान के लिए हेल्पलाइन नंबर 1800-180-6001 जारी।

News In Detail

रबी विपणन वर्ष 2026 के अंतर्गत किसानों के लिए राहत की खबर है। 1 अप्रैल 2026 से सरसों और चना की न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीद शुरू होगी। लेकिन इससे पहले, किसानों को अपनी फसलों की बिक्री के लिए पंजीकरण करना होगा, जो 20 मार्च से शुरू हो रहा है।



किसान क्यूआर कोड स्कैन कर या ई-मित्र के जरिए ऑनलाइन पंजीकरण करवा सकेंगे। खरीद के समय आधार आधारित बायोमीट्रिक पहचान अनिवार्य होगी।



न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) दर

इस वर्ष केंद्र सरकार ने सरसों का MSP 6,200 रुपये प्रति क्विंटल और चना का 5,875 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया है। राज्य में सरसों की लगभग 13.78 लाख मीट्रिक टन और चना की करीब 5.53 लाख मीट्रिक टन खरीद का लक्ष्य तय किया गया है।



42 खरीद केन्द्रों का होगा संचालन

जयपुर जिले में किसानों की सुविधा के लिए कुल 42 खरीद केन्द्र स्थापित किए गए हैं, जहां 1 अप्रैल से सरसों और चने की खरीद शुरू होगी। इन केन्द्रों पर किसानों से अनुरोध किया गया है कि वे अपनी एफएक्यू (एफडीए) मापदण्ड की उपज निर्धारित तिथि पर लेकर आएं, ताकि समय पर तुलाई और भुगतान हो सके।



इन बातों का रखें ध्यान

मैसेज का इंतजार: पंजीकरण के बाद आपके मोबाइल पर एक संदेश (SMS) आएगा। उसी संदेश में दी गई तारीख पर ही अपनी उपज लेकर केंद्र पहुंचें।



10 दिन की समयसीमा: आपको जो तारीख दी जाएगी, उसके अधिकतम 10 दिन के भीतर ही फसल की तुलाई करवानी होगी। इससे भुगतान प्रक्रिया में देरी नहीं होगी।



मापदंड: अपनी फसल को अच्छी तरह सुखाकर और साफ करके (FAQ मानक के अनुसार) लाएं ताकि मौके पर रिजेक्शन की समस्या न हो।



मदद के लिए टोल-फ्री नंबर

पंजीकरण या खरीद से जुड़ी किसी भी समस्या के लिए सरकार ने हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। किसान भाई 1800-180-6001 पर कॉल करके अपनी शंकाओं का समाधान कर सकते हैं।



ये भी पढे़:-

हनुमानगढ़ जिले में भीषण सड़क हादसा, 5 की दर्दनाक मौत, कई घायल, बस के उड़े परखच्चे



आईएएस जितेंद्र कुमार सोनी को साहित्य अकादमी पुरस्कार, राजस्थानी कहानी 'भरखमा' का चयन



सलमान खान को नहीं मिली राहत, पान मसाले के भ्रामक प्रचार के आरोप, जानिए पूरा मामला



राजस्थान रॉयल्स ने बदली जर्सी, जडेजा बोले- 'अल्ट्रा यंग' लड़कों के साथ खेलेंगे





Tags:
  • केंद्र सरकार
  • सरकार
  • क्यूआर कोड स्कैन
  • न्यूनतम समर्थन मूल्य
  • ऑनलाइन पंजीकरण