राजस्थान: CM के OSD योगेश श्रीवास्तव का तबादला, 183 RAS अफसर इधर से उधर
समझें क्या है पूरा मामला
- राजस्थान में निकाय चुनाव से पहले 183 RAS अफसरों के तबादले।
- तीन साल से जमे और गृह जिले के अफसर भी बदले गए।
- चुनाव आयोग के निर्देश के बाद जारी हुई तबादला सूची।
- सीएम के OSD योगेश श्रीवास्तव को गंगानगर भेजा गया।
- RAS एसोसिएशन अध्यक्ष महावीर खराड़ी का उदयपुर तबादला।
राजस्थान सरकार ने निकाय-पंचायत चुनावों से पहले बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया। इसके तहत 183 आरएएस (RAS–Rajasthan Administrative Service) अफसरों के तबादले किए गए हैं। तीन साल से एक ही जगह पर जमे और अपने गृह जिले में तैनात अफसरों को भी इस बदलाव में शामिल किया गया है।
चुनाव आयोग के आदेश पर RAS के तबादले
पिछले दिनों राज्य निर्वाचन आयोग ने एक निर्देश जारी किया था। इसमें तीन साल से एक ही जगह पर जमे और गृह जिलों में तैनात राजस्थान प्रशासनिक सेवा के अफसरों के तबादले करने को कहा गया था। इसी आदेश के आधार पर अब यह बड़ी तबादला सूची जारी की गई है।
सीएम भजनलाल के ओएसडी का भी हुआ तबादला
इस फेरबदल में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के ओएसडी (OSD) योगेश श्रीवास्तव का भी तबादला किया गया है। उन्हें अब गंगानगर शुगर मिल्स में जीएम (GM – General Manager) बनाया गया है।
RAS एसोसिएशन अध्यक्ष का तबादला उदयपुर
इसके साथ ही राजस्थान एडमिनिस्ट्रेटिव सर्विस एसोसिएशन के अध्यक्ष महावीर खराड़ी का भी तबादला हुआ। वे अब तक टोंक स्थित एपीआरटीएस (APRTS) में प्रिंसिपल के पद पर तैनात थे। उन्हें अब उदयपुर में अतिरिक्त आयुक्त, टीएडी (TAD–Tribal Area Development) के पद पर भेजा गया है।
ऊर्जा राज्य मंत्री नागर के एसए बदले
ऊर्जा राज्य मंत्री हीरालाल नागर के एसए (Special Assistant) कालूराम का तबादला कर दिया गया है। उनकी जगह त्रिलोकचंद मीणा को नागर का एसए बनाया गया है।
त्रिलोकचंद मीणा इससे पहले पंचायती राज विभाग में अतिरिक्त आयुक्त और उप सचिव के पद पर तैनात थे। अब उन्हें वहां से हटाकर ऊर्जा राज्य मंत्री के एसए की जिम्मेदारी दी गई है।
पिंकी मीणा का सवा महीने में फिर तबादला
चर्चित आरएएस पिंकी मीणा का सवा महीने के भीतर एक बार फिर तबादला किया गया है। उन्हें प्रशासनिक सुधार एवं समन्वय विभाग में सहायक निदेशक, सवाई माधोपुर से हटाकर दौसा में सहायक कलेक्टर मुख्यालय पद पर नियुक्त किया गया है।
पिंकी मीणा को जून में बहाली के बाद नई जिम्मेदारी मिली थी। उन्होंने 1 जुलाई को सवाई माधोपुर में कार्यभार संभाला था। अब उन्हें दोबारा नई पोस्टिंग दी गई है।
चार RAS अफसरों के तबादले रद्द
चार RAS अधिकारियों के तबादले आदेश रद्द कर दिए गए हैं। चंद्रभान सिंह भाटी का CEO जिला परिषद भीलवाड़ा से रजिस्ट्रार, जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय जोधपुर किया गया तबादला निरस्त कर दिया गया है।
इसके अलावा नंदकिशोर राजोरा का CEO जिला परिषद जालोर से CEO जिला परिषद भीलवाड़ा, दिनेश कुमार मीणा का SDM पिडावा (झालावाड़) से SDM बागीदौरा (बांसवाड़ा) और रणछोड़ लाल का SDM चौहटन (बाड़मेर) से SDM सिणधरी (बालोतरा) किया गया तबादला भी रद्द कर दिया गया है।
तीन RAS अधिकारी APO
तीन RAS अधिकारियों को APO (Awaiting Posting Order) किया गया है। इनमें ऊर्जा राज्य मंत्री के एसए कालूराम, SDM सीकरी मोनिका सामारे और SDM जैसलमेर रामलाल मीणा शामिल हैं।
जल्द आ सकती है IAS तबादला सूची
RAS तबादलों के बाद अब जल्द ही IAS अधिकारियों की तबादला सूची जारी होने की संभावना है।
सूत्रों के अनुसार निकाय चुनावों की आचार संहिता लागू होने से पहले प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने के लिए यह फेरबदल किया जा रहा है। आगामी स्थानीय निकाय चुनावों को देखते हुए इसे अहम प्रशासनिक बदलाव माना जा रहा है।
ये खबर भी पढे़:-
तालछापर में माइक फेंकने पर अफसोस, सांसद बेनीवाल ने जनता से मांगी माफी
राजस्थान सरकार ने 7 हजार को दी सरकारी नौकरी, 70% को गृह जिले में पहली पोस्टिंग
जेल में बंद गुर्गों को सुविधा देने वाला गार्ड गिरफ्तार, विदेशी से भी जुड़े थे तार
JDA ने दिए 80 परिवारों को मिले नि:शुल्क प्लॉट, जानें किसे मिला फायदा