राजस्थान में भर्ती परीक्षाएं: पांच परीक्षाओं का शेड्यूल बदलाव, 50 लाख अभ्यर्थी प्रभावित

Mukesh Sharma | Sept 29, 2026, 14:22 IST
rajasthan-5-recruitment-exam-dates-revised
राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड ने पांच बड़ी भर्ती परीक्षाओं का नया कार्यक्रम जारी किया है। ये परीक्षाएं अब नवंबर 2026 से फरवरी 2027 के बीच आयोजित होंगी। इनमें टीचिंग एसोसिएट और CET समेत अन्य परीक्षाएं शामिल हैं। अभ्यर्थियों से कहा गया है कि वे नया कार्यक्रम ध्यान में रखकर तैयारी करें। सभी परीक्षाएं विभिन्न तारीखों पर आयोजित की जाएंगी और इसमें लाखों अभ्यर्थी शामिल होंगे।

समझें क्या है पूरा मामला






राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड, यानी RSSB (Rajasthan Subordinate and Ministerial Services Selection Board) ने सोमवार को CET सहित पांच बड़ी भर्ती परीक्षाओं का संशोधित कैलेंडर जारी किया है। अब यह सभी परीक्षाएं नवंबर 2026 से फरवरी 2027 के बीच आयोजित होंगी। अक्टूबर 2026 में प्रस्तावित पंचायती राज चुनाव को देखते हुए बोर्ड ने यह बदलाव किया है। इन पांच भर्ती परीक्षाओं में कुल 50 लाख से ज्यादा अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है।



टीचिंग एसोसिएट भर्ती की परीक्षा नवंबर-दिसंबर में

संशोधित कार्यक्रम के अनुसार टीचिंग एसोसिएट, यानी संविदा आधारित भर्ती-2026 के तहत 32 विषयों की परीक्षा अलग-अलग तारीखों में होगी। इसके लिए 17 नवंबर के साथ 7, 9, 10, 11, 14, 15, 16, 17, 18 और 21 दिसंबर 2026 की तारीखें तय की गई हैं।



17 नवंबर तथा 14, 17, 18 और 21 दिसंबर को परीक्षा एक पारी में होगी। वहीं 7, 9, 10, 11, 15 और 16 दिसंबर को परीक्षा दो पारियों में आयोजित होगी। बोर्ड इस भर्ती परीक्षा में कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट, यानी CBT (Computer Based Test), टैबलेट बेस्ड टेस्ट विद OMR (Optical Mark Recognition) या पेपर-पेन OMR पैटर्न का इस्तेमाल कर सकता है।




CET सीनियर सेकंडरी दिसंबर में, स्नातक स्तर जनवरी में

समान पात्रता परीक्षा, यानी CET (Common Eligibility Test) सीनियर सेकंडरी स्तर-2026 का आयोजन 1 से 3 दिसंबर 2026 तक होगा। यह परीक्षा हर दिन दो पारियों में आयोजित की जाएगी।



वहीं CET स्नातक स्तर-2026 की परीक्षा 16 से 18 जनवरी 2027 तक होगी। इसमें 16 और 17 जनवरी को दो-दो पारियों में परीक्षा होगी, जबकि 18 जनवरी को सिर्फ एक पारी में परीक्षा आयोजित होगी। CET के जरिए अलग-अलग भर्तियों में आवेदन के लिए पात्रता तय की जाती है, इसी वजह से बड़ी संख्या में अभ्यर्थी इन परीक्षाओं में शामिल होते हैं।




प्रयोगशाला परिचारक और कनिष्ठ अभियंता की तारीखें भी तय

बोर्ड के अनुसार प्रयोगशाला परिचारक सीधी भर्ती-2025 की परीक्षा अब 25 जनवरी 2027 को एक पारी में आयोजित होगी। इसके बाद कनिष्ठ अभियंता संयुक्त सीधी भर्ती-2026 की परीक्षा 3 से 5 फरवरी 2027 तक होगी।



कनिष्ठ अभियंता भर्ती परीक्षा रोजाना एक पारी में आयोजित की जाएगी। इन परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को अब नए कार्यक्रम के अनुसार अपनी तैयारी की रणनीति बनानी होगी।




पहले भी बदल चुका है कार्यक्रम

बोर्ड अध्यक्ष आलोक राज के अनुसार इससे पहले 23 जून और 1 जुलाई 2026 को जारी विज्ञप्तियों के जरिए परीक्षा कार्यक्रम की घोषणा की गई थी। अब अक्टूबर 2026 में प्रस्तावित पंचायती राज चुनाव के चलते परीक्षा कैलेंडर में दोबारा संशोधन किया गया है।



आलोक राज ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे संशोधित परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार अपनी तैयारी और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं करें। उनका कहना है कि अभ्यर्थियों को परीक्षा की तारीखों को लेकर किसी तरह के भ्रम में नहीं रहना चाहिए और नए कार्यक्रम के अनुसार ही तैयारी करनी चाहिए।



Tags:
  • राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड
  • पांच बड़ी भर्ती परीक्षाओं का नया कार्यक्रम जारी
  • टीचिंग एसोसिएट
  • CET
  • RSSB