राजस्थान रॉयल्स ने बदली जर्सी, जडेजा बोले- 'अल्ट्रा यंग' लड़कों के साथ खेलेंगे

Ashish Bhardwaj | Mar 16, 2026, 20:22 IST
Photograph: (the sootr)
राजस्थान रॉयल्स आईपीएल 2026 में पिंक जर्सी की जगह नीली जर्सी पहनेंगे। नई जर्सी का लॉन्च जयपुर में हुआ, जिसमें रविंद्र जडेजा, वैभव सूर्यवंशी और यशराज पूंजा शामिल थे। पहले फेज के मैच गुवाहाटी में होंगे, जयपुर में नहीं।

News In Short

  • राजस्थान रॉयल्स ने बदला जर्सी का रंग, अब दिखेंगे नीली जर्सी में।
  • लॉन्च पर आरआर के स्टार खिलाड़ी रविंद्र जडेजा व वैभव सूर्यवंशी रहे मौजूद।
  • लॉन्च पर वैभव सूर्यवंशी ने शेयर की अपनी अंडर-19 वर्ल्ड कप की यादें।
  • जडेजा बोले, वे अब 'अल्ट्रा यंग' लड़कों के साथ खेलेंगे।
  • राजस्थान रॉयल्स के पहले फेज का शेड्यूल जारी।

News In Detail

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में राजस्थान रॉयल्स के खिलाड़ी इस बार मैदान पर नीले रंग की जर्सी में नजर आएंगे। आईपीएल का यह सीजन 28 मार्च से शुरू हो रहा है, और जयपुर में सोमवार को टीम की नई जर्सी का लॉन्च हुआ। जर्सी लॉन्च के दौरान राजस्थान रॉयल्स के स्टार खिलाड़ी रविंद्र जडेजा, वैभव सूर्यवंशी और यशराज पूंजा मौजूद रहे।



पहले थी पिंक जर्सी

पिछले सीजन में राजस्थान रॉयल्स की टीम पिंक जर्सी में खेलती नजर आई थी, लेकिन इस बार टीम ने नीली जर्सी को अपनाया है। जडेजा ने इस नई जर्सी को लॉन्च करते हुए कहा, इस बार जर्सी की रंगत में बदलाव किया गया है। टीम का मनोबल और खेल में मजबूती हमेशा एक जैसी रहेगी।



जडेजा की सीनियर खिलाड़ी की भूमिका

चेन्नई सुपर किंग्स से राजस्थान रॉयल्स में वापसी करने वाले जडेजा ने बताया कि वह अपनी राय और सुझाव टीम को देंगे और टीम की बेहतरी के लिए जो कुछ भी जरूरी होगा, वह करेंगे। उन्होंने कहा, एक सीनियर खिलाड़ी के तौर पर मुझे हमेशा टीम के लिए कुछ ज्यादा जिम्मेदारी उठानी पड़ती है, और जो भी योगदान देता हूं, वह हमेशा बेहतरीन होता है।



अल्ट्रा यंग खिलाडियों के साथ खेलूंगा

जब जडेजा से पूछा गया कि वह किस तरह के खिलाड़ियों के साथ खेल रहे हैं, तो उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा, मैं यह नहीं कहूंगा कि मैं युवा खिलाड़ियों के साथ खेल रहा हूं, मैं अल्ट्रा यंग खिलाड़ियों के साथ खेल रहा हूं! यह मेरे लिए एक रोमांचक अनुभव होने वाला है, क्योंकि मुझे कई युवा और नए खिलाड़ियों को जानने का मौका मिलेगा।



वैभव सूर्यवंशी ने शेयर की अपनी यादें

राजस्थान रॉयल्स के उभरते सितारे वैभव सूर्यवंशी ने कहा, आईपीएल हर साल होता है, लेकिन अंडर-19 वर्ल्ड कप जीतना मेरे लिए एक यादगार अनुभव है। उस फाइनल मैच में मैंने हंड्रेड किया था। आईपीएल में बड़े स्कोर करने के कई मौके मिलेंगे, लेकिन अंडर-19 वर्ल्ड कप जीतने का एक ही मौका मिलता है।



राजस्थान रॉयल्स का पहले फेज का शेड्यूल

आईपीएल के पहले फेज का शेड्यूल जारी कर दिया गया है, जिसमें कुल 20 मुकाबले होंगे। राजस्थान रॉयल्स के 3 मैच पहले फेज में तय किए गए हैं, लेकिन इन मैचों का आयोजन जयपुर के SMS स्टेडियम में नहीं होगा। इसके बजाय टीम के तीनों मैच गुवाहाटी (असम) में खेले जाएंगे। पहले फेज में राजस्थान रॉयल्स का सामना चेन्नई सुपर किंग्स, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और मुंबई इंडियंस जैसी बड़ी टीमों से होगा।



ये भी पढे़:-

राजस्थान के 8,000 करोड़ कहां गए, सीएम की दिल्ली यात्रा पर जूली का बडा सवाल



आईएएस जितेंद्र कुमार सोनी को साहित्य अकादमी पुरस्कार, राजस्थानी कहानी 'भरखमा' का चयन



यूपीएससी टॉपर्स के पास कितनी प्रॉपर्टी, जानिए टीना डाबी, कनिष्क कटारिया और गौरव अग्रवाल का पूरा विवरण



सोनम वांगचुक ने जेल के अनुभवों पर लिखी किताब, पत्नी बोलीं-जल्द होगी लॉन्च



Tags:
  • रविंद्र जडेजा
  • राजस्थान रॉयल्स
  • इंडियन प्रीमियर लीग
  • जर्सी
  • वैभव सूर्यवंशी