राजस्थान SI भर्ती-2021 रि-एग्जाम: अजमेर में चूड़ियां उतरवाईं, शर्ट के कारण रोका
समझें क्या है पूरा मामला
- पेपर लीक के बाद आज फिर SI भर्ती परीक्षा।
- 11 जिलों में 666 सेंटरों पर हो रहा एग्जाम।
- कोटा में गलत सेंटर पहुंचा कैंडिडेट।
- उदयपुर में पेंट की चेन काटी, अजमेर में चूड़ियां उतरवाईं।
- OMR में 5वां विकल्प भरना अनिवार्य, 2 लाख कैंडिडेट।
पेपर लीक के कारण रद्द हुई राजस्थान SI भर्ती परीक्षा-2021 रविवार को प्रदेश में फिर से हो रही है। राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) द्वारा आयोजित यह परीक्षा अजमेर सहित 11 जिलों के 666 परीक्षा केंद्रों पर हो रही है।
दो पारियों में होने वाली परीक्षा की पहली पारी सुबह 10 बजे से 12 बजे तक चली, दूसरी पारी 3 बजे से शुरू होगी।
कोटा में गूगल मैप ने भटकाया
कोटा में एक कैंडिडेट गलत परीक्षा सेंटर पर पहुंच गया। कैंडिडेट का दावा है कि गूगल मैप ने गलत सेंटर की लोकेशन बता दी, जिससे वह समय पर सही सेंटर नहीं पहुंच पाया। सुबह 8 बजे से ही सेंटरों पर एंट्री शुरू हो गई थी।
अजमेर में चूड़ियां, धागे उतरवाए
अजमेर के सावित्री स्कूल सेंटर पर सख्ती देखने को मिली। यहां महिला कैंडिडेट्स की चूड़ियां उतरवाकर ही एंट्री दी गई। हाथों पर बंधे धागे भी कटवाए गए। एक महिला कैंडिडेट का चश्मा उतरवाकर मेटल डिटेक्टर से चेक किया गया। पुरुष कैंडिडेट्स को भी शर्ट के कारण रोकने की खबर है।
उदयपुर और टोंक में पेंट पर चली कैंची
उदयपुर में 64 सेंटर बनाए गए हैं। यहां के सरकारी रेजीडेंसी गर्ल्स स्कूल में जांच के दौरान एक कैंडिडेट की पेंट पर लगी चेन को कैंची से काट दिया गया।
टोंक में 16 सेंटरों पर परीक्षा हो रही है। पीएमश्री सीनियर सेकेंडरी स्कूल कोठी नातमाम में कैंडिडेट्स के हाथों से धागे कटवाए गए और बायोमेट्रिक जांच के बाद ही प्रवेश दिया गया।
666 सेंटरों पर परीक्षा, 2 लाख कैंडिडेट
प्रदेश में कुल 666 एग्जाम सेंटर बनाए गए हैं -
जयपुर में 187, अजमेर में 74, अलवर में 48, भरतपुर में 58, बीकानेर में 47, हनुमानगढ़ में 23, जोधपुर में 81, कोटा में 58, टोंक में 16, उदयपुर में 64 और श्रीगंगानगर में 10 सेंटर।
इस परीक्षा के लिए 2 लाख से ज्यादा कैंडिडेट रजिस्टर्ड हैं।
5वां विकल्प अनिवार्य, 10 मिनट एक्स्ट्रा
इस बार OMR शीट में बड़ा बदलाव किया गया है। अभ्यर्थियों को 5वां विकल्प (अनुत्तरित प्रश्न) भरना अनिवार्य कर दिया गया है। अगर कोई प्रश्न का उत्तर नहीं देना चाहता तो उसे 5वां गोला भरना होगा। इसके लिए हर पेपर में 10 मिनट का अतिरिक्त समय दिया जाएगा। RPSC ने इस संबंध में शुद्धि पत्र जारी किया है।
हाईटेक नकल पर शिकंजा
डमी कैंडिडेट रोकने के लिए बहुस्तरीय पहचान सत्यापन किया जा रहा है।
- चेहरे का फेस रिकग्निशन
- थंब इंप्रेशन और बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन
- हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर (HHMD) से जांच
- मेटा ग्लासेस, ब्लूटूथ डिवाइस पर विशेष नजर
- सेंटरों पर पुलिस निगरानी और वीडियोग्राफी
डिबार किए गए अभ्यर्थियों पर विशेष नजर रखी जा रही है।
ये भी पढ़ें:-
राजस्थान SI भर्ती री-एग्जाम: बायोमेट्रिक जांच के बाद मिलेगा प्रवेश, 20 सितंबर को परीक्षा
राजस्थान SI पुनः परीक्षा 2026: राजस्थान पुलिस सब इंस्पेक्टर री-एग्जाम का एडमिट कार्ड जारी
निकाय चनाव: विधायकों की मनमर्जी पर कांग्रेस का अंकुश, बदला टिकट वितरण पैटर्न
जयपुर निगम चुनाव, कैंडिडेट की सुविधा के लिए 15 केंद्रों पर खुलेंगे नामांकन ऑफिस