टोल प्लाजा पर नहीं लगेगा वाहनों का जाम, सरकार कर रही फ्री फ्लो की तैयारी
News In Short
- राजस्थान के तीन टोल प्लाजा पर अभी फ्री फ्लो होंगे, गाड़ियां गुजरेगी बिना रुके।
- टोल शुल्क अब फास्टैग से अपने आप कटेगा, न होने पर नंबर प्लेट के आधार पर लगेगी पेनल्टी।
- पहले चरण में जोधपुर, सीकर और जयपुर के टोल प्लाजा फ्री फ्लो के लिए तैयार।
- फिटनेस और प्रदूषण प्रमाण पत्र न होने पर जुर्माना भी लगेगा।
- फ्री फ्लो से स्टाफ की संख्या घटेगी, जिससे टोल कर्मचारियों के रोजगार पर पड़ेगा असर।
News In Detail
राजस्थान के टोल बूथों को फ्री फ्लो करने की तैयारी की जा रही है। इससे हाईवे पर गाड़ी चलाते समय बैरियर के खुलने का इंतजार नहीं करना पड़ेगा।
गाड़ियां अपनी तय गति में टोल से गुजर जाएंगी और टोल शुल्क फास्टैग (FASTag) से अपने आप कट जाएगा। अगर किसी वाहन में फास्टैग नहीं होगा, तो नंबर प्लेट के आधार पर पेनल्टी लगेगी।
टोल प्लाजा फ्री फ्लो की तैयारी
दिसंबर 2026 तक जोधपुर के डांगियावास, सीकर के अखैपुर और जयपुर के मनोहरपुर में टोल प्लाजा को फ्री फ्लो करने की तैयारी है। इससे वाहनों को बैरियर पर रुकने की जरूरत नहीं होगी और हाईवे की गति बनाए रखने में मदद मिलेगी।
विधायक और अधिकारियों की नहीं होगी छूट
इस नई व्यवस्था के तहत कोई भी वाहन रुतबा या दादागिरी दिखाकर टोल से बच नहीं पाएगा। केवल NHAI की गाइडलाइन में शामिल वाहनों को ही टोल छूट मिलेगी।
इसके लिए वाहन ये NHAI के पोर्टल से जुड़े होने चाहिए। अगर कोई अधिकारी किसी दूसरे की गाड़ी से निकलता है, तो टोल कटने का मैसेज सीधे कार मालिक के मोबाइल पर जाएगा।
फिटनेस और प्रदूषण जांच अनिवार्य
फास्टैग नहीं होने पर टोल के साथ फिटनेस और प्रदूषण जांच की जानकारी भी दर्ज होगी। फिटनेस या प्रदूषण प्रमाण पत्र नहीं होने पर जुर्माना देना पड़ेगा। हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट न होने पर भी वाहन के फोटो खींच लिए जाएंगे और पेनल्टी लागू होगी।
बैरियर पर रुकने की जरूरत नहीं
NHAI परियोजना निदेशक गजेंद्र सिंह ने बताया कि राजस्थान में कुछ टोल प्लाजा जल्दी ही फ्री फ्लो किए जाएंगे। मनोहरपुर प्लाजा इसके पहले चरण में शामिल होगा। जिन वाहनों में फास्टैग नहीं होगा या वे ब्लैकलिस्ट में होंगे, उनके रिकॉर्ड पर रिमार्क डाल दिया जाएगा और मोबाइल पर मैसेज आएगा।
कैशलेस लेनदेन पूरी तरह लागू
1 मई से NHAI टोल प्लाजा पर कैश लेनदेन 100 प्रतिशत बंद कर दिया गया है। अब सभी टोल शुल्क फास्टैग (FASTag) या UPI से ही कटेगा। UPI से पेमेंट करने पर 25% अधिक शुल्क देना पड़ता है। उदाहरण के लिए, अलवर के बगड़ तिराहा टोल पर कार का शुल्क ₹40 है, जबकि UPI से ₹50 देना पड़ेगा।
रोजगार पर असर
फ्री फ्लो होने से टोल शुल्क कलेक्शन बढ़ेगा, लेकिन कर्मचारियों के लिए संकट होगा। देश भर में NHAI के 1087 टोल प्लाजा हैं और लगभग 50 कर्मचारी हर प्लाजा में काम करते हैं। फ्री फ्लो के बाद केवल 25 प्रतिशत स्टाफ की आवश्यकता होगी। राजस्थान में 172 टोल प्लाजा हैं, जहां करीब 8500 लोग कार्यरत हैं। इसका अर्थ है कि 30-40 हजार लोगों के रोजगार पर असर पड़ सकता है।
ये भी पढे़:-
राजस्थान में भी बढ़ गए पेट्रोल-डीजल की कीमतें, जानिए किस जिले में कितने होंगे नए दाम
राजस्थान हाई कोर्ट ने दुग्ध संघों में प्रशासक लगाने पर लगाई रोक, सरकार से मांगा जवाब
दो डीएफओ पर भ्रष्टाचार के आरोप, पीएमओ से शिकायत के बाद बनी जांच कमेटी
शिक्षकों का 4 साल पुरानी सूची से होगा प्रमोशन, 25 जून तक आएगी फाइनल लिस्ट