रविंद्र सिंह भाटी को कोर्ट से राहत, छात्र आंदोलन मामले में दोषमुक्त

Mukesh Sharma | Aug 05, 2026, 15:54 IST
रविंद्र सिंह भाटी
राजस्थान के निर्दलीय विधायक रविंद्र सिंह भाटी को कोरोना काल के दौरान छात्र आंदोलन से जुड़े एक मामले में उदयपुर अदालत से दोषमुक्त कर दिया गया है। वर्ष 2021 में फीस वृद्धि के खिलाफ किए गए प्रदर्शन के दौरान उनके खिलाफ मुकदमे दर्ज हुए थे।

समझें क्या है पूरा मामला

  • उदयपुर कोर्ट ने विधायक को कोविड पाबंदियों और सरकारी काम में बाधा के आरोपों से बरी किया।
  • वर्ष 2021 में जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय में फीस वृद्धि के विरोध में किया था प्रदर्शन।
  • सोशल मीडिया पर सत्य और लोकतांत्रिक संघर्ष की जीत बताते हुए सभी समर्थकों का धन्यवाद किया।
  • छात्र हितों और युवा अधिकारों के लिए भविष्य में भी आवाज बुलंद रखने की घोषणा की।

राजस्थान के चर्चित निर्दलीय विधायक रविंद्र सिंह भाटी को अदालत से बड़ी राहत मिली है। उदयपुर की एक कोर्ट ने भाटी को कोरोना महामारी के दौर की सरकारी पाबंदियों की अवहेलना करके सरकारी काम में बाधा डालने व शांति भंग करने के आरोपों से दोषमुक्त कर दिया है।



तब छात्र संघ अध्यक्ष थे भाटी

रविंद्र सिंह भाटी जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय जोधपुर में छात्र संघ अध्यक्ष थे। 2021 में पूरा देश कोरोना महामारी की दूसरी लहर और सख्त लॉकडाउन की पाबंदियों से जूझ रहा था। महामारी के इस भयानक दौर में आमजन के समक्ष आर्थिक संकट भी हो रहा था। इसके बावजूद यूनिवर्सिटी और स्कूल प्रशासन छात्रों पर फीस जमा करने का दबाव बना रहा था।



फीस वसूली का खुलकर विरोध

विधायक भाटी ने इस फीस वसूली का खुलकर विरोध किया और एक बड़े आंदोलन का नेतृत्व किया था। इस दौरान उन्होंने उदयपुर कलेक्टर दफ्तर पर एक बड़ा प्रदर्शन किया था। इस दौरान उदयपुर में धारा-144 लागू थी। प्रदर्शन के बाद भुपालपुरा थाने में पुलिस ने भाटी के विरुद्ध केस दर्ज किया था। अक्टूबर 2024 में कोर्ट से गिरफ्तारी वारंट जारी होने पर नवंबर में भाटी ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया था। कोर्ट ने उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया था।



किया सस्पेंड तो भड़का था विरोध

आंदोलन के बाद उन्हें छात्रसंघ अध्यक्ष पद से सस्पेंड कर दिया गया था। इस कार्रवाई के कारण विरोध तेज हो गया था और जगह-जगह भाटी के समर्थन में प्रदर्शन शुरु हो गए थे। इसी आंदोलन से रविंद्र सिंह भाटी प्रदेशभर में चर्चित हो गए थे।



विधायक रविंद्र सिंह भाटी ने एक्स पर लिखा…

संघर्षस्य सदा विजयः भवति। पूर्ववर्ती सरकार के कार्यकाल में कॉलेज विद्यार्थियों पर की गई फीस वृद्धि के विरोध में प्रदेशभर के छात्र-छात्राओं के साथ "छात्र क्रांति" का आयोजन किया गया था। छात्र हितों की इस लोकतांत्रिक लड़ाई को दबाने के उद्देश्य से सरकार ने विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज कर आंदोलन को कुचलने का प्रयास किया, किंतु सत्य और छात्रहित के संकल्प के आगे हर बाधा छोटी साबित हुई। हमने संघर्ष को निरंतर जारी रखा और विधानसभा घेराव सहित लोकतांत्रिक माध्यमों से अपनी आवाज बुलंद की।



आज उदयपुर न्यायालय द्वारा उन सभी मुकदमों से हमें सम्मानपूर्वक मुक्ति प्रदान की गई। यह निर्णय सत्य, न्याय और लोकतांत्रिक संघर्ष की विजय का प्रतीक है। यह जीत केवल मेरी नहीं, बल्कि उन हजारों छात्र-छात्राओं, अभिभावकों और प्रत्येक शुभचिंतक की है, जिन्होंने हर कठिन परिस्थिति में अपना विश्वास, आशीर्वाद और समर्थन बनाए रखा। आप सभी के स्नेह, विश्वास और सहयोग के लिए हृदय से आभार। छात्र हित, युवा अधिकार और जनसरोकारों की रक्षा के लिए हमारा संघर्ष आगे भी पूरी प्रतिबद्धता के साथ निरंतर जारी रहेगा। सत्यमेव जयते।



ये खबर भी पढे़:-

SDM थप्पड़कांड में नरेश मीणा करेंगे सरेंडर, जमानत रद्द होने से गरमाई राजनीति



केंद्र ने कहा- मानगढ़ धाम राष्ट्रीय स्मारक नहीं बनेगा, बेनीवाल और कांग्रेस का पलटवार



ओबीसी आरक्षण पर होगा फैसला, 2500 सरपंच व 1750 पार्षद पद हो सकते हैं आरक्षित



SI से कहा- गाड़ी तैयार रखो, आ रहा... फिर भीलवाड़ा CI को लगी सर्विस रिवॉल्वर से गोली



Tags:
  • कोरोना महामारी
  • जोधपुर
  • न्यायालय
  • रविंद्र सिंह भाटी