RCA चुनाव में नामांकन शुरू: पहली बार महिला ने भरा पर्चा, अध्यक्ष पद पर नेता पुत्रों की नजर

Saurabh Mishra | Sept 23, 2026, 16:27 IST
RCA चुनाव
राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन (RCA) के चुनाव में नामांकन शुरू हो गए। अध्यक्ष से सचिव पद के लिए कई बड़े सियासी चेहरे दावेदारे हैं। RCA के इतिहास में पहली बार किसी महिला ने किसी पद के लिए नॉमिनेशन किया है।

समझें क्या है पूरा मामला

  • राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन चुनाव में बुधवार से नामांकन शुरू।
  • पहली बार किसी महिला ने भरा RCA कार्यकारिणी के लिए नामांकन।
  • RCA चुनाव में 38 वोटर तय करेंगे नई टीम।
  • 29 सितंबर को RCA की 6 सदस्यीय कार्यकारिणी के लिए वोटिंग हो सकती।

जयपुर। राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन यानी RCA में नई टीम चुनने की तैयारी तेज हो गई। बुधवार से नॉमिनेशन शुरू हो गए। भले ही चुनाव राज्य में क्रिकेट चलाने को लेकर है, लेकिन कई बड़े सियासी दिग्गजों की इन चुनावों पर नजर है। आरसीए के चुनाव में कई बड़े नेता पुत्र किस्मत आजमा सकते हैं।



RCA अध्यक्ष पद के लिए पराक्रम सिंह राठौड़, धनंजय सिंह खींवसर, मोहित यादव के नाम चर्चा में हैं। सचिव पद पर आशीष तिवाड़ी और पिंकेश जैन समेत कई दावेदार सक्रिय हैं। उपाध्यक्ष, कोषाध्यक्ष और संयुक्त सचिव के लिए भी कई नाम सामने आए हैं। 26 सितंबर तक नामांकन होंगे। इसके बाद साफ होगा कि 29 सितंबर को किसके बीच मुकाबला होगा।



RCA चुनाव: पहले दिन महिला उम्मीदवार ने भरा पर्चा

राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन के चुनाव के लिए शुरू हुए नामांकन के पहले दिन पहली बार किसी महिला ने आरसीए कार्यकारिणी के किसी पद के लिए नॉमिनेशन दाखिल किया। दौसा जिला क्रिकेट संघ की अध्यक्ष शोभना गुर्जर ने कार्यकारी सदस्य पद के लिए पर्चा दाखिल किया है।



26 सितंबर तक नामांकन होंगे। 27 सितंबर को नॉमिनेशन फॉर्म की जांच होगी। 28 सितंबर को नाम वापस लिए जा सकेंगे। जरूरत पड़ी तो 29 सितंबर को वोटिंग होगी और इसी दिन नतीजे भी आएंगे।





RCA अध्यक्ष पद को लेकर हो सकती सियासी रस्साकशी

RCA चुनाव में सबसे ज्यादा नजर अध्यक्ष की कुर्सी पर है। पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ के बेटे पराक्रम सिंह राठौड़ और राजस्थान के चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर के बेटे धनंजय सिंह खींवसर को प्रमुख दावेदार बताया जा रहा।



भाजपा विधायक जसवंत यादव के बेटे मोहित और RCA एडहॉक कमेटी के पूर्व कन्वीनर (संयोजक) दीनदयाल कुमावत का नाम भी इस रेस में है। दावेदारों ने नॉमिनेशन की प्रक्रिया शुरू होते ही जिला क्रिकेट संघों के प्रतिनिधियों से संपर्क भी साधना शुरू कर दिया है।



इसके अलावा उदयपुर जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष लक्ष्यराज सिंह मेवाड़, डूंगरपुर जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष गौरव वल्लभ के नाम भी अध्यक्ष पद को लेकर चर्चा में हैं। हालांकि नामांकन पूरे होने के बाद ही अध्यक्ष पद की तस्वीर साफ होगी।



RCA सचिव पद के लिए भी कई दावेदार

सचिव पद के लिए राज्यसभा सांसद घनश्याम तिवाड़ी के बेटे आशीष तिवाड़ी, पिंकेश जैन के नाम सामने आ रहे। सोमेंद्र तिवारी और रतन सिंह भी दावेदारी ठोक सकते हैं। अध्यक्ष पद पर कौन आगे रहता है? इसका असर सचिव पद के समीकरण पर भी पड़ सकता। ऐसे में नामांकन और नाम वापसी के बाद ही सचिव को लेकर तस्वीर साफ होगी।



उपाध्यक्ष के लिए शिक्षा मंत्री दिलावर के बेटे का नाम

उपाध्यक्ष पद के लिए शिक्षा मंत्री मदन दिलावर के बेटे पवन दिलावर और मंत्री ओटाराम देवासी के बेटे विक्रम देवासी के नाम चर्चा में हैं। किसी जिला क्रिकेट संघ के सचिव को भी इस पद पर मौका मिल सकता। कोषाध्यक्ष पद पर भी कई दावेदार सक्रिय हैं। पिंकेश जैन और आशीष तिवाड़ी का नाम इस पद के लिए भी चर्चा में है। दोनों सचिव पद की दौड़ में भी बताए जा रहे हैं। इनके अलावा रमेश अग्रवाल के बेटे क्षितिज अग्रवाल और सुशील जैन के नाम भी सामने आए हैं।



संयुक्त सचिव के लिए 3 नाम आगे

आरसीए चुनाव मेंसंयुक्त सचिव पद के लिए गोविंद स्वरूप उपाध्याय, धर्मवीर सिंह शेखावत, सुशील जैन के नाम चर्चा में हैं। कौन किस पद के लिए पर्चा भरता है, यह 26 सितंबर के बाद साफ होगा। RCA की 6 सदस्यीय कार्यकारिणी में एक कार्यकारी सदस्य भी होगा। इस पद के लिए देवाराम चौधरी का नाम चर्चा में है। शोभना गुर्जर इस पद के लिए नामांकन कर चुकी।



38 वोटर चुनेंगे RCA की नई टीम

RCA चुनाव में 38 वोटर नई टीम का फैसला करेंगे। इनमें जिला क्रिकेट संघों के प्रतिनिधियों के साथ दो पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी भी शामिल हैं। 29 सितंबर को अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, संयुक्त सचिव, कोषाध्यक्ष और कार्यकारी सदस्य चुने जाने हैं। फिलहाल दावेदारों की नजर इन 38 वोटों पर है। 28 सितंबर को नाम वापसी के बाद मुकाबले की अंतिम तस्वीर सामने आ जाएगी। अध्यक्ष पद का मुकाबला साफ होने के साथ ही बाकी पांच पदों के समीकरण भी काफी हद तक तय हो जाएंगे।



यह खबरें भी पढ़ें...



RCA चुनाव: वोटर लिस्ट में मंत्री, विधायक और नेता पुत्रों के नाम



RCA चुनाव बने राजस्थान के खिलाड़ियों की टेंशन, सिर्फ 10 दिन में होगा चार टीमों का गठन



RCA चुनाव से पहले ललित मोदी की सलाह- राजस्थान क्रिकेट की पहचान खिलाड़ियों से हो



राजस्थान में मानसून की विदाई तेज, जैसलमेर सबसे गर्म; 25 सितंबर तक बारिश के आसार



Tags:
  • राजस्थान
  • राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन
  • RCA
  • आरसीए
  • मदन दिलावर
  • चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर
  • आरसीए चुनाव