आरसीए चुनाव में आज नाम वापसी, नेतापुत्रों को मनाने की कोशिशें बेअसर

Ashish Bhardwaj | Published:
आरसीए चुनाव
आरसीए चुनाव
आरसीए चुनाव में सोमवार को नाम वापसी का आखिरी दिन है। सत्ता और संगठन की कोशिशों के बाद भी नेतापुत्र मैदान छोड़ने को तैयार नहीं हैं। सरकार के पैनल प्रमुख बृजकिशोर उपाध्याय के मामले में आज हाईकोर्ट में सुनवाई है।

समझें क्या है पूरा मामला

  • RCA चुनाव में आज नाम वापसी का आखिरी दिन, मुकाबले की तस्वीर होगी साफ।
  • भाजपा की कोशिशों के बावजूद नेतापुत्र चुनाव मैदान में डटे।
  • स्क्रूटनी में सभी 30 नामांकन पाए गए वैध।
  • 29 सितंबर को 38 मतदाता करेंगे RCA चुनाव में मतदान।
  • बृजकिशोर उपाध्याय मामले में आज हाईकोर्ट में होगी सुनवाई।

राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन के चुनाव में आज का दिन सबसे अहम है। सोमवार को नाम वापसी की आखिरी तारीख है। इसके बाद ही साफ होगा कि असली मुकाबला किनके बीच होगा।



रविवार को भी फाइनल टीम तय करने की कोशिशें कामयाब नहीं हुईं। सत्ता और संगठन के प्रयासों के बावजूद नेतापुत्र पीछे हटने को तैयार नहीं दिख रहे।



हाईकमान तक पहुंचा मामला

भाजपा हाईकमान तक के प्रयास भी अब तक बेअसर रहे हैं। मामला एक बार फिर पार्टी हाईकमान तक पहुंचा है। नेतापुत्र खुद को चुनावी पिच का सही बल्लेबाज मान रहे हैं। उनका मानना है कि वे क्रिकेट प्रशासन संभालने में सक्षम हैं।



नेतापुत्रों का तर्क

कुछ नेतापुत्रों का दावा है कि कई राज्यों में नेता और उनके परिवार क्रिकेट संभाल रहे हैं। तो राजस्थान में उन्हें रोकने की कोशिश क्यों हो रही है। इसके लिए वे कई उदाहरण गिनाते हैं। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के बेटे जय शाह आईसीसी के चेयरमैन हैं। दिवंगत अरुण जेटली के बेटे रोहन जेटली दिल्ली क्रिकेट से जुड़े हैं।



ज्योतिरादित्य सिंधिया के बेटे महाआर्यमन सिंधिया मध्यप्रदेश क्रिकेट संभाल रहे हैं। हिमाचल के पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल के बेटे अरुण सिंह धूमल आईपीएल चेयरमैन हैं। पवार परिवार के रोहित पवार महाराष्ट्र क्रिकेट से जुड़े हैं। नेतापुत्रों का कहना है कि कई सांसद और विधायक भी अलग-अलग राज्यों में क्रिकेट संघ चला रहे हैं।



मैदान में कौन-कौन

आरसीए चुनाव में पांच नेताओं के बेटों ने नामांकन भरा है। इनमें स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर के बेटे धनंजय सिंह खींवसर शामिल हैं। पूर्व मंत्री राजेंद्र राठौड़ के बेटे पराक्रम सिंह राठौड़ भी मैदान में हैं। शिक्षा मंत्री मदन दिलावर के बेटे पवन दिलावर और सांसद घनश्याम तिवाड़ी के बेटे आशीष तिवाड़ी भी दावेदार हैं। विधायक जसवंत यादव के बेटे मोहित यादव ने भी नामांकन भरा है। इनके अलावा एडहॉक कमेटी के पूर्व कन्वीनर डीडी कुमावत ने भी अध्यक्ष पद पर दावेदारी की है।



30 नाम वैध पाए गए

रविवार को नामांकन पत्रों की स्क्रूटनी हुई। इसमें सभी 30 नाम वैध पाए गए। यानी फिलहाल सभी दावेदार मैदान में हैं। आज शाम 5 बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। शाम 6 बजे उम्मीदवारों की अंतिम सूची जारी होगी। 29 सितंबर को 38 मतदाता वोट डालेंगे।



आरसीए से नहीं लिया पैसा

29 महीने तक आरसीए में एडहॉक कमेटी का शासन रहा। धनंजय खींवसर पूरे समय इस कमेटी में रहे। बताया जा रहा है कि उन्होंने आरसीए से कोई पैसा नहीं लिया। दूसरे नेतापुत्रों ने भी टीए-डीए नहीं लिया। वहीं आरसीए से मिली जानकारी के मुताबिक एडहॉक कमेटी के दौर में 4 जिला संघों के सचिवों ने करीब 42 लाख रुपए टीए-डीए के रूप में लिए थे।



बृजकिशोर के मामले में सुनवाई

दौसा जिला क्रिकेट संघ के सचिव बृजकिशोर उपाध्याय सरकार के पैनल के प्रमुख माने जा रहे हैं। उनसे जुड़े एक मामले में आज हाईकोर्ट में सुनवाई है। पूर्व सचिव प्रदीप नागर ने याचिका लगाई है। उन्होंने बृजकिशोर के जिला सचिव बनने को अवैध बताया है। इस सुनवाई का असर चुनाव पर भी पड़ सकता है।



अध्यक्ष या सचिव, सवाल बरकरार

बृजकिशोर को लेकर एक सवाल भी उठ रहा है। अगर सरकार ने उनका नाम अध्यक्ष पद के लिए तय किया था, तो उन्होंने सचिव पद पर नामांकन क्यों भरा। इसके अलावा तीन नए जिलों से जुड़े मामले में आज हाईकोर्ट और मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होनी है।



ये भी पढ़ें:-

अजमेर मेयर चुनाव: क्या खारिज होगा कांग्रेस प्रत्याशी का नामांकन? जानिए पूरा सच



भीलवाड़ा नगर निगम: भाजपा की जसवंत कंवर निर्विरोध निर्वाचित, बनीं नई महापौर



निकाय चनाव: विधायकों की मनमर्जी पर कांग्रेस का अंकुश, बदला टिकट वितरण पैटर्न



जयपुर निगम चुनाव, कैंडिडेट की सुविधा के लिए 15 केंद्रों पर खुलेंगे नामांकन ऑफिस



Tags:
  • ज्योतिरादित्य सिंधिया
  • राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन
  • RCA