चित्तौड़गढ़ में RLP को झटका, शंकरी बाई ने BJP को दिया समर्थन; विधायक आक्या पर लगे जबरन ले जाने के आरोप

Ashish Bhardwaj | Published:
पंचायत चुनाव के बाद हनुमान बेनीवाल को लगा झटका शंकरी बाई ने भाजपा में हुई शामिल
Setback for Hanuman Beniwal after panchayat elections: Shankari Bai joins the BJP.
राजस्थान में पंचायत चुनाव के नतीजों के बाद अब प्रधान बनाने को लेकर सियासी जोड़तोड़ शुरू हो गई है। चित्तौड़गढ़ पंचायत समिति में राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) को बड़ा झटका लगा है। पार्टी की एकमात्र सदस्य शंकरी बाई भील ने बीजेपी को समर्थन देने का ऐलान कर दिया है। उन्होंने अपने वार्ड के विकास के लिए अपनी मर्जी से यह फैसला लिया है।

हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम ने जिले की राजनीति गर्मा दी है। आरएलपी के जिला प्रभारी बद्रीलाल जाट ने निर्दलीय विधायक चंद्रभान सिंह आक्या और उनके साथ आए लोगों पर शंकरी बाई को जबरदस्ती अपने साथ ले जाने का आरोप लगाया था। अब शंकरी बाई के बयान के बाद दोनों पक्षों के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं।



29 सीटों में 14-14 पर BJP-कांग्रेस

चित्तौड़गढ़ पंचायत समिति में कुल 29 सदस्य हैं। चुनाव में बीजेपी और कांग्रेस ने 14-14 सीटें जीती हैं। बहुमत के लिए 15 सदस्यों का समर्थन जरूरी है। ऐसे में आरएलपी की एकमात्र सदस्य शंकरी बाई का समर्थन निर्णायक हो गया है।



शंकरी बाई वार्ड नंबर 24 से चुनाव जीती हैं। उन्होंने 1,674 वोट हासिल किए थे। बीजेपी की अंजलि जाट को 882 और कांग्रेस की गीताबाई को 558 वोट मिले थे। शंकरी बाई ने बीजेपी प्रत्याशी को 792 वोटों से हराया था। अब उनका बीजेपी को समर्थन देना प्रधान चुनाव के समीकरण बदल सकता है।



गंगापुर की फैक्ट्री में विधायक से हुई मुलाकात

इस मामले में सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी सामने आया है। इसमें चित्तौड़गढ़ के निर्दलीय विधायक चंद्रभान सिंह आक्या भीलवाड़ा जिले के गंगापुर में एक फैक्ट्री के बाहर पहुंचते दिखाई दे रहे हैं। वहां शंकरी बाई और उनके पति रतनलाल भील पहले से मौजूद थे। वीडियो में विधायक और उनके साथ आए लोग शंकरी बाई सहित अन्य लोगों के साथ फैक्ट्री के अंदर जाते नजर आ रहे हैं।



आरएलपी जिला प्रभारी बद्रीलाल जाट के मुताबिक, इस मुलाकात के दौरान विधायक आक्या ने बीजेपी को समर्थन देने की बात कही थी। इसके बदले शंकरी बाई को उपप्रधान बनाने का आश्वासन दिया गया था।



जाट का कहना है कि शंकरी बाई ने उस समय आरएलपी प्रमुख और नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल से बातचीत के बाद ही कोई फैसला लेने की बात कही थी। इसके बाद आरोप लगाया गया कि उन्हें अलग-अलग गाड़ियां बदलकर चित्तौड़गढ़ ले जाया गया।




शंकरी बाई बोलीं- किसी का दबाव नहीं

विवाद के बीच शंकरी बाई ने वीडियो जारी कर अपना पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि उन्होंने अपने वार्ड में विकास कार्य कराने के उद्देश्य से बीजेपी को समर्थन देने का फैसला लिया है। यह फैसला पूरी तरह उनकी मर्जी से लिया गया है। किसी ने उन पर दबाव नहीं बनाया।



उनके पति रतनलाल भील ने भी अलग वीडियो जारी किया। उन्होंने किसी तरह की जबरदस्ती से इनकार किया और कहा कि वे सुरक्षित हैं। दूसरी ओर विधायक चंद्रभान सिंह आक्या ने वायरल वीडियो को उन्हें बदनाम करने की साजिश बताया है। उनका कहना है कि इस मामले में बेवजह विवाद खड़ा किया जा रहा है।




सोमवार को RLP का धरना, बेनीवाल भी पहुंच सकते हैं

शंकरी बाई के बीजेपी को समर्थन देने के बाद आरएलपी ने आंदोलन का ऐलान किया है। जिला प्रभारी बद्रीलाल जाट के मुताबिक, पार्टी सोमवार को चित्तौड़गढ़ के कलेक्ट्रेट चौराहे पर धरना-प्रदर्शन करेगी। प्रदर्शन में शंकरी बाई को बीजेपी से वापस लाने की मांग उठाई जाएगी।



इस मामले में आरएलपी प्रमुख और नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल के भी चित्तौड़गढ़ पहुंचने की चर्चा है। पार्टी की ओर से विधायक आक्या के आवास का घेराव करने की चेतावनी भी सामने आई है।



अब सभी की नजरें प्रधान चुनाव पर टिकी हैं। शंकरी बाई का समर्थन बीजेपी के लिए बहुमत का रास्ता खोल सकता है। वहीं आरएलपी इस फैसले के खिलाफ विरोध की तैयारी कर रही है। ऐसे में चित्तौड़गढ़ पंचायत समिति का प्रधान चुनाव अब जिले का बड़ा राजनीतिक मुकाबला बन गया है।



Tags:
  • चित्तौड़गढ़ पंचायत समिति
  • शंकरी बाई भील
  • आरएलपी समर्थन
  • बीजेपी समर्थन
  • चंद्रभान सिंह आक्या
  • बद्रीलाल जाट
  • Chittorgarh panchayat samiti
  • RLP BJP support Chittorgarh