रोहित बोहरा का सरकार पर हमला, कहा- गलत परिसीमन कर फायदा उठाना चाहती है BJP
समझें क्या है पूरा मामला
- परिसीमन पर बोले रोहित बोहरा, कहा- गलत वार्ड सीमाएं बनाकर चुनावी फायदा लेना चाहती है BJP।
- 30 अगस्त को आएगी कांग्रेस प्रत्याशियों की सूची, 31 अगस्त को दाखिल होंगे नामांकन।
- भजनलाल सरकार पर हमला करते हुए कहा- राजस्थान में सरकार नहीं, मजाक चल रहा है।
- 800 करोड़ का फंड चुनाव से ठीक पहले जारी करने पर भी कांग्रेस ने उठाए सवाल।
- नगर निकायों में विकास ठप, कचरा उठाने के लिए भी वसूले जा रहे पैसे: बोहरा।
जयपुर में आगामी नगरीय निकाय चुनावों से पहले राजनीतिक बयानबाजी और आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। कांग्रेस विधायक और जयपुर शहर कांग्रेस प्रभारी रोहित बोहरा के आवास पर गुरुवार को जयपुर के कांग्रेस विधायकों और प्रमुख प्रत्याशियों की एक अहम रणनीतिक बैठक आयोजित की गई।
बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए विधायक रोहित बोहरा ने राज्य की भजनलाल शर्मा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) निकाय चुनाव जीतने की नीयत से गलत तरीके से वार्डों का परिसीमन कराकर अनुचित लाभ लेना चाहती है।
30 अगस्त को प्रत्याशियों की घोषणा, 31 को नामांकन
चुनावी तैयारियों की जानकारी देते हुए रोहित बोहरा ने बताया कि कांग्रेस पार्टी 30 अगस्त को निकाय चुनाव के लिए अपने प्रत्याशियों की अधिकृत सूची जारी कर देगी।
इसके तुरंत बाद 31 अगस्त को पार्टी के उम्मीदवार अपने-अपने वार्डों से नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। जयपुर के भविष्य के विकास के लिए पार्टी ने मेनिफेस्टो कमेटी का भी गठन कर दिया है, जो जनता के सुझावों के आधार पर विजन डॉक्यूमेंट तैयार करेगी।
800 करोड़ के फंड और वित्तीय स्थिति पर उठाए सवाल
रोहित बोहरा ने केंद्र सरकार द्वारा नगर निकायों के लिए स्वीकृत 800 करोड़ रुपए की राशि जारी करने की टाइमिंग पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि यह बजट काफी समय पहले स्वीकृत हो चुका था, लेकिन सरकार ने इसे दबाकर रखा और चुनाव से ठीक पहले जारी किया।
उन्होंने राज्य के वित्त विभाग और नगर निकायों की आर्थिक स्थिति को दयनीय बताते हुए कहा कि सरकार विकास कार्यों के बजाय आम जनता पर बोझ डाल रही है और कचरा उठाने तक के लिए पैसे वसूल रही है।
ट्रैफिक, भ्रष्टाचार और महापौर सरकार गिराने का आरोप
कांग्रेस प्रभारी ने नगरीय विकास विभाग में भ्रष्टाचार चरम पर होने का दावा किया। उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकारी अपनी मनमर्जी से काम कर रहे हैं और विभिन्न स्वीकृतियों के नाम पर वसूली हो रही है।
इसके साथ ही उन्होंने जयपुर की ट्रैफिक व्यवस्था और मुख्यमंत्री के मूवमेंट के दौरान आम जनता को होने वाली परेशानी पर भी निशाना साधा।
पिछली सरकार का जिक्र करते हुए बोहरा ने आरोप लगाया कि बीजेपी ने पार्षदों की खरीद-फरोख्त करके जयपुर नगर निगम में कांग्रेस की मेयर सरकार को गिराने का काम किया था, जिसका जवाब अब जयपुर की जनता अपने वोट से देगी।
ये भी पढ़ें:-
उदयपुर में नगर निगम चुनाव नामांकन शुरू, भाजपा के दिनेश भट्ट ने भरा पहला नामांकन
निकाय चुनाव: विधायकों की मनमर्जी पर कांग्रेस का अंकुश, बदला टिकट वितरण पैटर्न
जयपुर निगम चुनाव, कैंडिडेट की सुविधा के लिए 15 केंद्रों पर खुलेंगे नामांकन ऑफिस
निकाय चुनाव टिकट: बीजेपी टिकट फॉर्मूला, अब चार परीक्षा से गुजरना होगा