RUHS के एनाटॉमी रिजल्ट में 57 में से 36 स्टूडेंट फेल, जार्ड ने कॉपी जांच पर उठाए सवाल
SMS मेडिकल कॉलेज में 14 में से 9 स्टूडेंट फेल
जयपुर के सवाई मानसिंह मेडिकल कॉलेज यानी SMS में भी रिजल्ट काफी चौंकाने वाला रहा। यहां एनाटॉमी विभाग के MD मैन्स की परीक्षा में 14 स्टूडेंट बैठे थे। इनमें से 9 फेल हो गए।
SMS मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल दीपक माहेश्वरी ने बताया कि स्टूडेंट प्रैक्टिकल परीक्षा में पास हैं, लेकिन लिखित परीक्षा में फेल हो गए। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में बड़ी संख्या में बच्चे लिखित परीक्षा पास नहीं कर पाए हैं।
झालावाड़ मेडिकल कॉलेज में कोई पास नहीं
इस रिजल्ट में सबसे चौंकाने वाली बात झालावाड़ मेडिकल कॉलेज से सामने आई। यहां परीक्षा देने वाला एक भी स्टूडेंट पास नहीं हो पाया। इतनी बड़ी संख्या में छात्रों के फेल होने के बाद परीक्षा के मूल्यांकन को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
जार्ड ने उठाए सवाल, रिटोटलिंग पोर्टल खोलने की मांग
रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन यानी जार्ड ने रिजल्ट पर आपत्ति जताई है। जार्ड के प्रतिनिधियों और फेल हुए छात्रों ने RUHS प्रशासन से मुलाकात कर अपनी मांग रखी। उन्होंने रिजल्ट की दोबारा निष्पक्ष जांच कराने और रिटोटलिंग पोर्टल खोलने की मांग की है। छात्रों का कहना है कि उनके रिजल्ट की दोबारा जांच होनी चाहिए, ताकि किसी तरह की गलती हुई है तो उसका पता चल सके।
यह खबर क्यों जरूरी है?
MD की परीक्षा मेडिकल स्टूडेंट्स के करियर का अहम हिस्सा होती है। ऐसे में जब आधे से ज्यादा छात्र फेल हो जाएं तो परीक्षा के मूल्यांकन पर सवाल उठना स्वाभाविक है। छात्रों की मांग है कि यूनिवर्सिटी उनकी शिकायतों पर ध्यान दे और रिजल्ट को लेकर स्थिति साफ करे।
आगे क्या?
अब RUHS प्रशासन के फैसले का इंतजार है। देखना होगा कि यूनिवर्सिटी रिटोटलिंग पोर्टल खोलती है या नहीं और छात्रों की शिकायतों पर क्या कदम उठाती है।