जम्मू तवी एक्सप्रेस अब कटरा तक जाएगी, वैष्णो देवी जाने वालों को होगी सुविधा
समझें क्या है पूरा मामला
- साबरमती-जम्मू तवी एक्सप्रेस अब कटरा तक जाएगी।
- रेलवे बोर्ड ने ट्रेन विस्तार को मंजूरी दी।
- श्रद्धालुओं को जम्मू में ट्रेन बदलनी नहीं पड़ेगी।
- ट्रेन शहीद कैप्टन तुषार महाजन स्टेशन पर रुकेगी।
- नई समय सारणी और शुरुआत की तारीख जल्द आएगी।
साबरमती-जम्मू तवी एक्सप्रेस अब सीधे वैष्णो देवी कटरा तक जाएगी। रेलवे बोर्ड ने इस ट्रेन के विस्तार को मंजूरी दे दी है। इससे राजस्थान, पंजाब और गुजरात के श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलेगी। जम्मू में ट्रेन बदलने की जरूरत खत्म हो जाएगी। ट्रेन का ठहराव शहीद कैप्टन तुषार महाजन स्टेशन पर भी होगा।
मां वैष्णो देवी के दर्शन के लिए हर साल लाखों श्रद्धालु राजस्थान, पंजाब और गुजरात से जम्मू का सफर करते हैं। इन श्रद्धालुओं के लिए अब एक बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। रेलवे बोर्ड ने ट्रेन संख्या 19223/19224 साबरमती-जम्मू तवी एक्सप्रेस का विस्तार श्री माता वैष्णो देवी कटरा रेलवे स्टेशन तक करने की मंजूरी दे दी है। यह फैसला धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने और यात्रियों की सुविधा के मकसद से लिया गया है।
जम्मू में ट्रेन बदलने की झंझट होगी खत्म
अब तक गुजरात, अहमदाबाद, राजस्थान और पंजाब से आने वाले श्रद्धालुओं को जम्मू तवी स्टेशन पर उतरना पड़ता था। इसके बाद कटरा पहुंचने के लिए उन्हें दूसरी ट्रेन, बस, टैक्सी या लोकल साधनों का सहारा लेना पड़ता था। इस प्रक्रिया में बुजुर्गों, बच्चों और परिवारों को सामान के साथ काफी दिक्कत होती थी। इसमें समय भी लगता था और अतिरिक्त खर्च भी उठाना पड़ता था। अब ट्रेन सीधे कटड़ा तक जाने से यह पूरी परेशानी खत्म हो जाएगी।
शहीद कैप्टन तुषार महाजन स्टेशन पर भी रुकेगी ट्रेन
रेलवे प्रशासन के मुताबिक यह ट्रेन अपने तय रूट पर जम्मू तवी होते हुए आगे बढ़ेगी। कटड़ा पहुंचने से पहले ट्रेन शहीद कैप्टन तुषार महाजन रेलवे स्टेशन पर भी रुकेगी। इस स्टेशन को पहले उधमपुर के नाम से जाना जाता था। इसके बाद ट्रेन अपने अंतिम पड़ाव श्री माता वैष्णो देवी कटरा पहुंचेगी। इससे यात्रियों को एक और सुविधाजनक ठहराव मिलेगा।
जल्द जारी होगी नई समय सारणी
उत्तर रेलवे जम्मू मंडल के जनसंपर्क निरीक्षक राघवेंद्र सिंह ने बताया कि विस्तारित सेवा के औपचारिक शुभारंभ की तारीख और नई समय सारणी जल्द जारी की जाएगी। उन्होंने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा की योजना बनाते समय सीट आरक्षण और ट्रेन की ताजा जानकारी आईआरसीटीसी की वेबसाइट, मोबाइल ऐप या स्टेशन पूछताछ काउंटर से जरूर लें। उन्होंने यह भी कहा कि उत्तर रेलवे यात्रियों को सुरक्षित, किफायती और सुगम रेल सेवाएं देने के लिए प्रतिबद्ध है।
श्रद्धालुओं के लिए क्यों अहम है यह फैसला
वैष्णो देवी यात्रा हर साल लाखों श्रद्धालुओं को आकर्षित करती है। खासकर पश्चिमी भारत से आने वाले यात्रियों के लिए यह सीधी ट्रेन सेवा बड़ी सुविधा साबित होगी। इससे न सिर्फ समय बचेगा, बल्कि यात्रा भी आसान और कम खर्चीली होगी। बुजुर्ग और परिवार के साथ यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं को इसका सबसे ज्यादा फायदा मिलेगा।
फिलहाल यात्रियों को नई समय सारणी और सेवा शुरू होने की आधिकारिक तारीख का इंतजार करना होगा। रेलवे की ओर से यह जानकारी जल्द जारी किए जाने की उम्मीद है।
ये खबर भी पढे़:-
वंदे मातरम विवाद: शाह के बयान पर गहलोत का पलटवार, बोले-RSS ने कभी नहीं अपनाया यह गीत
सरकारी स्कूलों में प्रवेश पर रोक, अब CJP का 9 जिलों में स्कूल ठीक करो अभियान
स्कूल एंट्री बैन पर शिक्षा मंत्री की सफाई, गहलोत ने कहा- आदेश वापस ले सरकार
जोधपुर नगर निगम के 100 वार्डों की लॉटरी निकली, 12 साल बाद फिर हुआ मेयर पद ओपन