बाड़मेर दौरे पर पायलट का बीजेपी पर तंज, कहा- ढाई साल के कार्यकाल से जनता ऊबी

Jageshwar prasad | Published:
बाड़मेर में कांग्रेस को मजबूत करने पहुंचे पायलट
बाड़मेर में कांग्रेस को मजबूत करने पहुंचे पायलट
सचिन पायलट ने बाड़मेर में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भाजपा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने राजस्थान निर्वाचन आयोग पर सत्तापक्ष की मदद करने का आरोप लगाया और कहा कि समय सीमा के बाद भी भाजपा प्रत्याशियों के पर्चे स्वीकार किए गए।

समझें क्या है पूरा मामला

  • बाड़मेर में कांग्रेस को मजबूत करने पहुंचे पायलट।
  • दौरे में पायलट ने भाजपा पर जमकर साधा निशाना।
  • कहा- अहंकार छोड़ दे सत्ता पक्ष, बदलाव चाहती जनता।
  • राज्य निर्वाचन आयोग पर भी पक्षपात का आरोप लगाया।
  • समय सीमा के बाद भी भाजपा को सिंबल: पायलट।

राजस्थान नगरीय निकाय चुनाव 2026 का प्रचार अभियान चरम पर है। इसी चुनावी सरगर्मी के बीच कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट मंगलवार सुबह ट्रेन से बाड़मेर पहुंचे।



बाड़मेर रेलवे स्टेशन पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय नेताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने कांग्रेस कार्यालय में कार्यकर्ताओं और प्रत्याशियों के साथ संवाद किया।



राज्य निर्वाचन आयोग और प्रशासन पर पक्षपात का आरोप

मीडिया और कार्यकर्ताओं से बातचीत के दौरान सचिन पायलट ने आरोप लगाया कि प्रदेश में कई स्थानों पर निर्वाचन आयोग और प्रशासन मनमाने तरीके से सत्ता पक्ष (बीजेपी) की मदद करने का काम कर रहे हैं।



उन्होंने दावा किया कि पहली बार ऐसा देखा जा रहा है जब नामांकन की समय सीमा समाप्त हो जाने के बावजूद बीजेपी के सिंबल स्वीकार किए जा रहे हैं और नामांकन पर्चे दाखिल कराए जा रहे हैं। कई जगहों पर तो सिंबल बदले भी गए हैं।



पायलट ने कहा, 'आज के जमाने में हर जगह सीसीटीवी कैमरे और मोबाइल हैं, इसके बावजूद इन गड़बड़ियों पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। इससे साफ झलकता है कि पक्षपात की भावना तहसील और गांव स्तर तक पहुंच चुकी है।'



जनता ऊब चुकी है, बदलाव चाहती है

बीजेपी सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता ढाई साल के कार्यकाल से पूरी तरह ऊब चुकी है और अब बदलाव चाहती है।



उन्होंने कहा कि थार अंचल में कांग्रेस हमेशा मजबूत रही है और सभी को दुगुनी ताकत व मुस्तैदी से चुनाव लड़कर जनता की उम्मीदों पर खरा उतरना होगा।



वीरेंद्र धाम छात्रावास पहुंचे, बंधवाई राखी

पायलट बाड़मेर में पूर्व मंत्री हेमाराम चौधरी के दिवंगत बेटे की स्मृति में बने वीरेंद्र धाम छात्रावास भी गए, जहां उन्होंने स्वर्गीय वीरेंद्र चौधरी की मूर्ति पर माल्यार्पण किया।



इस दौरान उन्होंने पूर्व मंत्री की बेटी एडवोकेट सुनीता चौधरी से राखी बंधवाई और छात्रावास में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों से संवाद किया।



ये भी पढ़ें:-

उदयपुर में नगर निगम चुनाव नामांकन शुरू, भाजपा के दिनेश भट्ट ने भरा पहला नामांकन



निकाय चुनाव: विधायकों की मनमर्जी पर कांग्रेस का अंकुश, बदला टिकट वितरण पैटर्न



जयपुर निगम चुनाव, कैंडिडेट की सुविधा के लिए 15 केंद्रों पर खुलेंगे नामांकन ऑफिस



निकाय चुनाव टिकट: बीजेपी टिकट फॉर्मूला, अब चार परीक्षा से गुजरना होगा



Tags:
  • पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट
  • बाड़मेर
  • नगरीय निकाय चुनाव
  • राज्य निर्वाचन आयोग