साध्वी प्रेम बाईसा की मौत: एसआईटी की जांच में आया सामने, मौत से पहले नीले पड़ गए थे नाखून

Purshottam Kumar Joshi | Feb 01, 2026, 11:49 IST
Photograph: (the sootr)
राजस्थान में जोधपुर की साध्वी प्रेम बाईसा की मौत पर सस्पेंस गहरा गया है। मौत के मामले में जांच कर रही एसआईटी टीम अब जहर देने और मौत की साजिश से जुड़े हर एंगल पर जांच कर रही है। साध्वी की अजमेर यात्रा और उनकी संपत्ति की जांच भी की जा रही है।

News in Short

  • साध्वी प्रेम बाईसा की मौत पर गहराता सस्पेंस, एसआईटी हर पहलू से कर रही जांच।
  • नाखूनों का नीला पड़ना, इंजेक्शन लगाना और अजमेर यात्रा को लेकर की जा रही जांच।
  • एसआईटी ने यात्रा के उद्देश्य और संपर्कों की जांच शुरू की।
  • संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है।
  • एसआईटी सभी कड़ियों को जोड़ने की कोशिश में है, जल्द नतीजों पर नहीं पहुंचा जा सकता।

News in Detail

राजस्थान में जोधपुर की चर्चित साध्वी प्रेम बाईसा की संदिग्ध मौत के मामले में कुछ तथ्य सामने आए हैं। जांच के दौरान यह पाया गया कि उनकी मौत से पहले उनके नाखूनों का रंग नीला पड़ गया था। इससे माना जा रहा है कि शरीर में ऑक्सीजन की कमी या जहर के प्रभाव का संकेत हो सकता है। उनके इलाज के दौरान इंजेक्शन लगाए जाने और उनके पास केवल दो लोगों की मौजूदगी जैसे तथ्यों ने मामले को और भी रहस्यमय बना दिया है।



नाखूनों का नीला पड़ना और इंजेक्शन का विवरण

साध्वी को तबीयत बिगड़ने पर डेक्सोना (DEXONA) इंजेक्शन दिया गया था। मेडिकल एक्सपर्ट्स के अनुसार इस तरह के इंजेक्शन के कुछ साइड इफेक्ट्स हो सकते हैं। साध्वी के साथ उस समय केवल उनके सेवादार सुरेश और पिता बीरमनाथ मौजूद थे। दोनों ही उन्हें अस्पताल लेकर गए थे। रास्ते में सुरेश ने उन्हें सीपीआर देने की भी कोशिश की थी। उनकी हालत में कोई सुधार नहीं हुआ। अब एसआईटी टीम यह पता लगाने में जुटी है कि इंजेक्शन किसने लगाया और उसका प्रभाव क्या था।



अजमेर यात्रा और जांच के दायरे में घटनाएं

एसआईटी यह भी जांच रही है कि साध्वी की अजमेर यात्रा के दौरान क्या घटनाएं घटीं और यात्रा का उद्देश्य क्या था। मौत से एक दिन पहले वह अजमेर से लौटी थीं। टीम अब यह जानने की कोशिश कर रही है कि अजमेर में उन्होंने किन-किन लोगों से मुलाकात की, किस कार्यक्रम में भाग लिया था। यात्रा के दौरान उनके संपर्क में कौन लोग थे। इस सबका समय पर विश्लेषण किया जा रहा है, ताकि मामले के हर पहलू को उजागर किया जा सके।



संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों की जांच

साध्वी प्रेम बाइसा के संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है। उनके नाम पर मौजूद चल-अचल संपत्ति, ट्रस्ट, आश्रम और बैंक खातों की जानकारी खंगाली जा रही है। एसआईटी (SIT) यह जानने की कोशिश कर रही है कि हाल के दिनों में किसी संपत्ति को लेकर कोई विवाद या दबाव तो नहीं था। जांच के दौरान कॉल डिटेल्स और सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि पूरे घटनाक्रम की स्पष्ट तस्वीर सामने आ सके।



हर एंगल से जांच जारी

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल किसी भी नतीजे पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। इस पूरे मामले की जांच एसआईटी हर एंगल से कर रही है। जब तक सभी कड़ियां नहीं जुड़ जातीं, तब तक किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। साध्वी प्रेम बाईसा की मौत अब सिर्फ एक सामान्य घटना नहीं, बल्कि एक रहस्यमय केस बन चुकी है। इसका सच सामने लाने के लिए एसआईटी पूरी गंभीरता से काम कर रही है।



एमपी, सीजी और राजस्थान में तेज आंधी-बारिश का अलर्ट... सर्द हवाओं के साथ बरसेगा पानी



Tags:
  • राजस्थान
  • एसआईटी
  • जोधपुर
  • संदिग्ध मौत
  • साध्वी प्रेम बाईसा
  • पिता बीरमनाथ