भाजपा ने सतीश पूनियां व अलका गुर्जर को बनाया राज्यसभा उम्मीदवार, 18 जून को वोटिंग होगी
News In Short
- भाजपा ने घोषित किए अपने राज्यसभा उम्मीदवार,कांग्रेस में संघर्ष जारी
- सतीश पूनियां और अलका गुर्जर पार्टी के होंगे प्रतिनिधि।
- राजस्थान से तीन राज्यसभा सीटें हो रही है रिक्त।
- मतदान 18 जून को होगा और परिणाम उसी दिन होगा घोषित।
News In Detail
भाजपा ने राजस्थान से अपने पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ.सतीश पूनियां और पूर्व विधायक व राष्ट्रीय सचिव अलका गुर्जर को राज्यसभा भेजने का फैसला किया है।
खत्म हुआ पूनियां का इंतजार
सतीश पूनियां मूलत:चुरु जिले के राजगढ़ के रहने वाले हैं। लेकिन,उन्होंने जयपुर की आमेर विधानसभा क्षेत्र को अपनी राजनीमिक व चुनावी कर्मभूमि बनाया। वह यहां से विधायक भी रहे। इसी दौरान उन्हें भाजपा प्रदेशाध्यक्ष भी बनाया गया था। लेकिन,भाजपा के निवर्तमान महामंत्री संगठन चंद्रशेखर के साथ चले लंबे विवाद के कारण उन्हें विधानसभा चुनाव से पहले ही प्रदेश अध्यक्ष पद से हटना पड़ा था। इसके बाद वह 2023 में आमेर से ही विधानसभा चुनाव भी हार गए।
पार्टी ने उन्हें पहले हरियाणा विधानसभा चुनाव का प्रभारी बनाया और फिर दिल्ली में भी उन्हें आजमाया गया। दोनों ही राज्यों में उन्होंने भाजपा की जीत में प्रमुख भूमिका निभाई और भाजपा सरकारें बनीं। इसके बाद से ही उनके समर्थक उन्हें राज्यसभा में भेजने की मांग पार्टी के नेताओं से कर रहे थे। स्वयं पूनियां को भी अपने पुर्नवास का लंबे समय से इंतजार था और वह इसी दिन की प्रतीक्षा कर रहे थे।
अलका गुर्जर वर्तमान में भाजपा में राष्ट्रीय सचिव के रूप में काम कर रही हैं। वह दिल्ली भाजपा की सह-प्रभारी भी हैं। वह राजस्थान की बांदीकुई विधानसभा सीट से 2013 से 2018 तक विधायक रह चुकी हैं। पार्टी ने उन्हें राज्यसभा उम्मीदवार बनाकर महिला व ओबीसी कार्ड खेला है।
इस बार राजस्थान से तीन राज्यसभा सीटें रिक्त हो रही हैं। केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू, भाजपा सांसद राजेंद्र गहलोत और कांग्रेस सांसद नीरज डांगी का कार्यकाल 20 जून को समाप्त हो रहा है। राजस्थान विधानसभा में वर्तमान संख्या बल को देखते हुए भाजपा को दो सीटों पर जीत तय है। जबकि कांग्रेस को एक सीट मिलना तय है।
कांग्रेस में एक सीट के लिए संघर्ष !
राजस्थान में कांग्रेस को राज्यसभा की एक सीट मिलना तय है। यह सीट नीरज डांगी का कार्यकाल समाप्त होने से रिक्त हो रही है। कांग्रेस की ओर से अभी तक उम्मीदवार की घोषणा नहीं हुई है। लेकिन माना जा रहा है कि कांग्रेस वर्तमान हालात में पार्टी के लिए उपयोगी उम्मीदवार को ही राज्यसभा भेजेगी। हालांकि कयास यह भी हैं कि नीरज डांगी को दूसरा कार्यकाल मिल सकता है। लेकिन, कुछ कांग्रेसी नेताओं के अनुसार उन्हें दूसरा मौका मिलना मुश्किल है। हालांकि कांग्रेसी खेमे में पूर्व सीएम अशोक गहलोत को राज्यसभा भेजने की भी चर्चा चल रही हैं। इसके पीछे उनकी वरिष्ठता को मुख्य कारण बताया जा रहा है। वैसे भी गहलोत पूर्व में संगठन महामंत्री रहते हुए अपनी उपयोगिता साबित कर चुके हैं। चर्चा है कि पार्टी उनका उपयोग राष्ट्रीय स्तर पर करना चाहती है। लेकिन,यह सब अभी कयास हैं और पार्टी में राज्यसभा के एक टिकट के लिए खींचतान और संघर्ष चल रहा है।
ये भी पढे़:-
प्रशासनिक व्यवस्था को नई ताकत, 7 ट्रेनी IAS अधिकारी बने सहायक कलेक्टर
मिड-डे मील में बड़ा घोटाला, चावल और गेंहू हुए गायब, हजारों बोरियों की नहीं हो सकी सप्लाई
अरावली का 500 मीटर लूपहोल, 11000 पहाड़ियों के बचाव में आई सुप्रीम कोर्ट
वेटिंग लिस्ट अभ्यर्थियों के लिए खुशखबरी, राजस्थान में बदले भर्ती नियम