कोई किसी से कम नहीं, दोनों ही सरकारों में 'सत्ता पुत्रों' के लिए कानून ठेंगे पर

The Sootr | Mar 31, 2026, 13:26 IST
Photograph: (the sootr)
सत्ता का नशा एक जैसा ही दिखता है। राजस्थान की सत्ता में चाहे भाजपा हो या फिर कांग्रेस, दोनों पार्टियों की सरकारों में 'सत्ता पुत्रों' पर दबंगई के गंभीर आरोप लगते रहे हैं। पढ़िए नेता पुत्रों की करतूतों पर पूरी इनसाइड स्टोरी।

योगेंद्र योगी@जयपुर



राजस्थान की सियासत में इन दिनों बेलगाम 'नेता पुत्रों' पर पारा चढ़ा हुआ है। इस मुद्दे पर पूर्व सीएम अशोक गहलोत और सीएम भजनलाल शर्मा आमने-सामने हैं। दोनों ही एक-दूसरे पर निशाना साध रहे हैं।



बयानों का दौर पूर्व सीएम अशोक गहलोत की उस नसीहत से शुरू हुआ, जिसमें उन्होंने सीएम, मंत्रियों और भाजपा विधायकों को अपने बेटों को सत्ता से दूर रहने की सलाह दी दी। गहलोत का कहना है कि सत्ता के करीब आने से बेटे बिगड़ सकते हैं। कब बदनामी करवा देंगे, पता भी नहीं चलेगा। बाद में भजनलाल ने पलटवार किया।



लेकिन, राजनीति का आईना बड़ा बेरहम है। उसका रंग एक जैसा दिखता है। जब अतीत और वर्तमान के पन्नों को पलटते हैं तो साफ दिखता है कि सत्ता में चाहे भाजपा हो या कांग्रेस, दोनों ही पार्टियों के शासन में नेताओं के बेटों और रिश्तेदारों की करतूतों के किस्से किसी से कम नहीं हैं।



जब विधायक पुत्र ने बुलडोजर से मकान गिराए

हालिया विवाद राजसमंद के भीम क्षेत्र से जुड़ा है। यहां भाजपा विधायक हरि सिंह रावत के बेटे रणजीत सिंह रावत पर आरोप है कि उन्होंने बुलडोजर चलवा कर तीन गरीब परिवार के पक्के मकान जमींदोज कर दिए। 10 साल पुराने आशियाने उजड़ गए, सामान बर्बाद हो गया और अब पुलिस की चुप्पी पर सवाल उठ रहे हैं। आरोप है कि विधायक पुत्र की नजर इन परिवारों की जमीन पर है।



टेंडर दिलाने के नाम पर ठगी

इससे पहले भीलवाड़ा में मांडलगढ़ के भाजपा विधायक गोपाल खंडेलवाल के पुत्र मुकेश खंडेलवाल का मामला सामने आया था। आरोप है कि विधायक पुत्र मुकेश ने असम सरकार का वर्दी टेंडर दिलाने के नाम पर गुजरात के एक कपड़ा कारोबारी से 4.81 करोड़ रुपये ठग लिए। पीड़ित का दावा है कि उसे मामले को सही दिखाने के लिए विधायक से भी मिलवाया गया था।



मंत्री के बेटे पर जमीन कब्जाने का आरोप

जुलाई 2025 में कैबिनेट मंत्री बाबूलाल खराड़ी के बेटे देवेंद्र खराड़ी पर 52 बीघा जमीन धोखाधड़ी से खरीदने के आरोप लगे। ग्रामीणों का कहना है कि यह उनके पूर्वजों की जमीन थी, जिसे रसूख के दम पर हथियाने की कोशिश की गई। उधर, मंत्री खराड़ी का दावा था कि मेरे बेटे ने राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज जमीन को नियमों के तहत खरीदा है।



कोटपुतली में विधायक पुत्र की गुंडागर्दी

भाजपा विधायक हंसराज पटेल के बेटे पंकज पटेल पर पुलिस थाने में तोड़फोड़ करने और अपराधी को छुड़ाने का आरोप लगा। यही नहीं, बिजली विभाग के अधिकारी को जान से मारने की धमकी देने और सरकारी कार्यालय में तोड़फोड़ के मामले ने भी खूब तूल पकड़ा।



घोटाले भी शामिल रहे लाड़ले

इसी साल जनवरी महीने में 2000 करोड़ रुपये के मिड-डे मील घोटाले में पूर्व मंत्री राजेंद्र सिंह यादव के बेटों मधुर और त्रिभुवन यादव के खिलाफ एसीबी ने केस दर्ज किया है। भाजपा की पिछली वसुंधरा राजे सरकार में मंत्री रहे हेम सिंह भढ़ाना के बेटों ने अलवर में एक लॉ स्टूडेंट को बंदूक की नोक पर अगवा कर बुरी तरह पीटा। रसूख का आलम यह था कि निजी अस्पतालों ने डर के मारे घायल को भर्ती करने तक से मना कर दिया था। यह घटना दिसंबर 2017 की है।



कांग्रेस शासन में भी करतूत कम नहीं

अशोक गहलोत आज नसीहत दे रहे हैं, लेकिन उनके कार्यकाल में भी मंत्रियों के बेटों ने कानून की जमकर धज्जियां उड़ाईं। रसूख का नशा ऐसा था कि खाकी भी उनके आगे बौनी नजर आती थी।



अपहरण और 50 लाख की फिरौती

गहलोत सरकार में वन मंत्री रहे सुखराम विश्नोई के बेटे भूपेंद्र विश्नोई पर जुलाई 2021 में एक युवक के अपहरण और फिरौती मांगने के गंभीर आरोप लगे। पीड़ित का आरोप था कि उसे बंधक बनाकर पीटा गया और रिहाई के बदले 50 लाख रुपए मांगे गए।



पुलिस गार्ड के साथ टशन

जुलाई 2023 में पूर्व मंत्री टीकाराम जूली के बेटे रोहित जूली का एक वीडियो वायरल हुआ था। इसमें वे सरकारी सुरक्षाकर्मियों के साथ पूरे टशन में 'रील' बनवाते नजर आए। सवाल उठा कि क्या सरकारी सुरक्षा परिवार के मनोरंजन के लिए है?



बलात्कार के गंभीर आरोप

राजस्थान की राजनीति तब शर्मसार हुई, जब 9 मई 2022 को तत्कालीन जल संसाधन मंत्री महेश जोशी के बेटे रोहित जोशी पर दिल्ली में रेप का केस दर्ज हुआ। एक महिला एंकर ने उन पर शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण और प्रताड़ना के आरोप लगाए।



विधायक पुत्र और गैंगरेप

कांग्रेस विधायक रहे विधायक जौहरी लाल मीणा के बेटे दीपक मीणा पर 10वीं की छात्रा से गैंगरेप करने का गंभीर आरोप लगा। उसके खिलाफ मार्च 2022 में दौसा के मंडावर थाने में मामला दर्ज हुआ। शुरुआती जांच में पुलिस ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन कोर्ट के कड़े रुख के बाद गिरफ्तारी वारंट जारी हुआ।



ये भी पढे़:-

मैंने कहा बेटों को सत्ता से दूर रखो, यह नहीं कहा कि राजनीति से दूर रखो, गहलोत ने भजनलाल पर फिर साधा निशाना



आईपीएस अंशिका जीवन में पहली बार दिखी सोने से इतनी लकदक, जानिए शादी में क्या-क्या पहने गहने



IPS केके बिश्नोई ने दहेज में लिया एक रुपये का शगुन, विदाई में मां के गले लग रोई आईपीएस अंशिका वर्मा



यूडी टैक्स जमा नहीं करने पर रमाडा और मैरियट होटल सील, कुछ ही समय बाद फिर खोला





Tags:
  • सीएम भजनलाल शर्मा
  • पूर्व सीएम अशोक गहलोत
  • महेश जोशी
  • टीकाराम जूली
  • भाजपा विधायक गोपाल खंडेलवाल
  • बाबूलाल खराड़ी
  • भाजपा विधायक हंसराज पटेल
  • हेम सिंह भढ़ाना
  • जौहरी लाल मीणा