कोटा में प्रसूताओं की मौतों का सिलसिला जारी, 35 दिन में 7 महिलाओं समेत 8 की गई जान, ज्यादातर केस रेफरल के
शॉक में थी महिला, बीपी और पल्स भी नहीं मिले
अस्पताल के कार्यवाहक अधीक्षक डॉ. अमित जोशी ने पूरी स्थिति बताई। उन्होंने कहा कि मृतका मध्यप्रदेश के श्योपुर की रहने वाली थी। उसका नाम आरती (29) था। उसके पति का नाम बूंदीलाल है। श्योपुर जिला अस्पताल से गुरुवार सुबह करीब 10 बजे उसे रेफर किया गया। वह दोपहर करीब 2:45 बजे कोटा पहुंची।
अस्पताल आते ही वह शॉक में जा चुकी थी। उसका बीपी और पल्स तक रिकॉर्ड नहीं हो पा रहा था। शरीर में हीमोग्लोबिन घटकर करीब 6 रह गया था। यूरिन आना भी बंद हो गया था। श्योपुर से ही उसे डोपामिन दवा और ऑक्सीजन पर रखा गया था। कोटा पहुंचते ही स्थिति बहुत नाजुक थी।
कोख में ही हो चुकी थी शिशु की मौत, नॉर्मल डिलीवरी की कोशिश
अस्पताल में जांच के बाद भी डॉक्टरों को बड़ा झटका लगा। पता चला कि गर्भ में ही बच्चे की मौत हो चुकी है।
डॉक्टरों की टीम ने तुरंत नॉर्मल डिलीवरी से शिशु को निकालने की कोशिश की। इसी दौरान महिला की हालत और बिगड़ गई। स्टाफ ने तुरंत सीपीआर दिया। फिर उसे वेंटिलेटर सपोर्ट पर लिया गया।
6 यूनिट खून चढ़ाया, 8 यूनिट और का इंतजाम किया
डॉ. अमित जोशी ने आगे की जानकारी दी। यूनिट हेड डॉ. ममता शर्मा की देखरेख में विशेषज्ञ टीम जुटी रही। मेडिसिन, नेफ्रोलॉजी और एनेस्थीसिया के वरिष्ठ डॉक्टरों को भी बुलाया गया।
खून की कमी पूरी करने के लिए 6 यूनिट ब्लड चढ़ाया गया। ऑपरेशन से मृत शिशु को निकालने की तैयारी भी हुई। इसके लिए 8 यूनिट अतिरिक्त ब्लड का इंतजाम भी किया गया। लेकिन हालत सुधरने के बजाय बिगड़ती गई। मल्टी ऑर्गन फेलियर हो गया। रात 10:15 बजे महिला ने आखिरी सांस ली।
चौथी डिलीवरी होनी थी, घर में हैं तीन बेटियां
डॉक्टरों ने बताया कि यह आरती की चौथी डिलीवरी थी। पहले उसकी तीन नॉर्मल डिलीवरी हो चुकी थीं। उसके पहले से तीन बेटियां हैं।
मौत के बाद अस्पताल ने शव पुलिस को सौंपा। परिवार वालों ने पोस्टमार्टम नहीं कराया। वे बिना पोस्टमार्टम के ही शव श्योपुर ले गए। परिजनों ने अस्पताल के इलाज पर संतोष जताया है।
35 दिन में इन 7 महिलाओं की भी गई जान
जेके लोन और मेडिकल कॉलेज के नए अस्पताल में 35 दिन में 7 अन्य मौतें भी हुई हैं। इनमें से कई बारां और पास के जिलों से रेफर होकर आई थीं। 16 अक्टूबर से 20 नवंबर के बीच की घटनाएं इस प्रकार हैं:
- 16 अक्टूबर: कोटा की छावनी निवासी रेशमा (40) की नए अस्पताल में मौत हुई।
- 17 अक्टूबर: बारां से आई रोशन बैरवा ने इलाज के दौरान दम तोड़ा।
- 24 अक्टूबर: बारां के छबड़ा से आई शबनम (26) की मौत हुई।
- 27 अक्टूबर: शाहाबाद के हाड़ौता गांव की रेशु भील (25) ने दम तोड़ा।
- 9 नवंबर: अटरू के मेरमाचाह गांव की पुष्पा बैरवा (28) की मौत हुई।
- 10 नवंबर: बूंदी के इंद्रगढ़ निवासी प्रीति महावर (36) ने दम तोड़ा।
- 12 नवंबर: बारां के मुसाई गुजरान निवासी फूलाबाई मेहता (31) की मौत हुई।
कुल मिलाकर 16 अक्टूबर से 20 नवंबर तक 8 मौतें दर्ज हुई हैं। बार-बार हो रही इन मौतों से रेफरल सिस्टम पर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं।