श्रीगंगानगर रेलवे ट्रैक ब्लास्ट केस में नया मोड़: ट्रैक के पास मिले दो बमनुमा बॉक्स, 13 दिन पहले यहीं हुआ था IED विस्फोट
इसी दौरान रेलवे ट्रैक से महज 10 से 20 मीटर की दूरी पर खाली जगह में दो बमनुमा बॉक्स बरामद हुए। इनमें से एक बॉक्स टूटा हुआ है, जबकि दूसरे बॉक्स में कुछ भरा हुआ है और वह पूरी तरह पैक है। पुलिस को प्रबल आशंका है कि ये जिंदा बम या विस्फोटक हो सकते हैं।
3 नवंबर को हुआ था IED विस्फोट, आधे घंटे पहले गुजरी थी ट्रेन
इस पूरी साजिश की शुरुआत 3 नवंबर की रात को हुई थी। उस रात अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलवे ट्रैक पर गांव 50 जीबी के पास तेज IED विस्फोट हुआ था। इस धमाके से रेलवे ट्रैक के नीचे लगे दो सीमेंट के स्लीपर टूट गए थे। आसपास के कई स्लीपरों के लॉक भी उखड़ गए थे और पटरियों के बीच गहरा गड्ढा बन गया था।
राहत की बात यह रही कि इस धमाके से ठीक आधे घंटे पहले ही एक पैसेंजर ट्रेन वहां से गुजरी थी, जिससे एक बड़ा रेल हादसा टल गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए राजस्थान एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS) ने जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर 14 नवंबर को पंजाब के गुरदासपुर से एक महिला महकदीप कौर और उसके साथी देवेंद्र सिंह को गिरफ्तार किया।
रामसिंहपुर स्टेशन से 300 मीटर पहले मिले दो संदिग्ध बॉक्स
जांच अधिकारी आईपीएस नितिन चौधरी दोनों आरोपियों को लेकर घटनास्थल (गांव 50 जीबी) से करीब 7 किलोमीटर पहले रेलवे ट्रैक पर पहुंचे। वहां से उन्हें रामसिंहपुर स्टेशन से 300 मीटर पहले पीर की मजार के पास ले जाया गया। यहीं ट्रैक के पास दो संदिग्ध बॉक्स पड़े मिले।
- बम निरोधक दस्ता और FSL बुलाया: संदिग्ध बॉक्स में बम होने की आशंका के चलते श्रीगंगानगर जिला मुख्यालय से तुरंत बम निरोधक दस्ते (BDS) और फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम को मौके पर बुलाया गया है।
- रेलवे को अलर्ट, क्षेत्र सील: एहतियात के तौर पर रेलवे प्रशासन को तुरंत सूचना दे दी गई है ताकि ट्रेनों के आवागमन को नियंत्रित किया जा सके। पूरे इलाके की घेराबंदी कर आम लोगों के जाने पर सख्त रोक लगा दी गई है।
- अक्टूबर में लगाया था IED: पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया है कि वे 12-13 अक्टूबर को दूसरी बार इस क्षेत्र में आए थे और उसी दौरान यहां IED प्लांट किया था।
पाकिस्तान कनेक्शन और फंडिंग की जांच में जुटी एजेंसियां
राजस्थान ATS और पुलिस ने दोनों आरोपियों महकदीप कौर और देवेंद्र सिंह को अदालत में पेश कर 10 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। शुरुआती पूछताछ और जांच में बेहद चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं।
जांच अधिकारियों के अनुसार, आरोपी महिला महकदीप कौर सोशल मीडिया के माध्यम से पाकिस्तान में बैठे एक एजेंट के सीधे संपर्क में थी। पाकिस्तानी हैंडलर के निर्देश पर ही दोनों आरोपियों ने सीमावर्ती श्रीगंगानगर जिले में रेलवे ट्रैक को निशाना बनाने की साजिश रची थी।
पहले भी दो बार कर चुके थे ब्लास्ट की कोशिश
पुलिस की जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि आरोपी इससे पहले भी दो बार ब्लास्ट को अंजाम देने का प्रयास कर चुके थे। लेकिन तकनीकी कारणों से वे सफल नहीं हो सके थे। तीसरी बार 3 नवंबर को वे विस्फोट करने में कामयाब रहे।
फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां दोनों आरोपियों के मोबाइल फोन, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), सोशल मीडिया चैट की पड़ताल कर रही हैं। साथ ही पाकिस्तान से हुई संदिग्ध पैसों के लेन-देन की गहनता से जांच कर रही हैं।