नकिता को 12वीं में मिले 93.80% अंक, बेटी की मौत के 11 दिन बाद पिता की आंखों में झलके गर्व और गम के आंसू
News In Short
- RBSE ने मंगलवार सुबह जारी किया 12वीं का रिजल्ट।
- शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने इन परिणामों की घोषणा की।
- साइंस में 99.80%, आर्ट्स में 99.60%, कॉमर्स में 99.20% वालों ने किया टॉप।
- श्रीगंगानगर की नकिता को मिले 93.80% अंक; लेकिन 11 दिन पहले मौत।
News In Detail
राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के नतीजों पर जब लोग खुशियां मना रहे थे, तब श्रीगंगानगर के एक मजदूर परिवार के घर में सन्नाटा पसरा हुआ था। सरकारी स्कूल की छात्रा नकिता ने 12वीं आर्ट्स में 93.80 प्रतिशत अंक हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया, लेकिन अफसोस कि अपनी इस मेहनत का परिणाम देखने के लिए नकिता आज इस दुनिया में नहीं है।
बुखार और पीलिया ने छीनी जिंदगी
नकिता बेहद होनहार छात्रा थी। परीक्षाओं के दौरान उसने दिन-रात एक कर दिया था, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। कुछ दिनों पहले नकिता को पहले तेज बुखार आया, जो बाद में पीलिया में बदल गया। हालत बिगड़ने पर उसे बीकानेर में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान 20 मार्च को नकिता ने आखिरी सांस ली।
रिजल्ट आया तो पिता का सीना गर्व से चौड़ा, पर आंखें नम
नकिता के पिता मंगल सिंह और उसकी मां मजदूरी कर परिवार का गुजारा चलाते हैं। तंगहाली के बावजूद उन्होंने अपनी बेटी की पढ़ाई में कोई कमी नहीं आने दी थी। नम आंखों से मंगल सिंह ने बताया, हमें अपनी बेटी पर बहुत गर्व है। उसने पढ़ाई के लिए बहुत संघर्ष किया था। आज उसके नंबर देखकर दिल खुश भी है और उसकी कमी के कारण दुखी भी है। काश! वह अपनी यह कामयाबी देखने के लिए हमारे साथ होती।
स्कूल में गमी का माहौल
गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल 7 केएन (श्रीगंगानगर) के शिक्षकों और सहपाठियों के लिए नकिता एक मिसाल थी। स्कूल स्टाफ का कहना है कि नकिता की मेहनत और लगन को देखते हुए उन्हें यकीन था कि वह अच्छा करेगी, लेकिन उसका इस तरह चले जाना पूरे क्षेत्र के लिए एक बड़ी क्षति है।
RBSE ने मंगलवार सुबह जारी किया 12वीं का रिजल्ट
राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (RBSE) ने मंगलवार सुबह 12वीं के आर्ट्स, कॉमर्स और साइंस स्ट्रीम के परिणाम घोषित किए। शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने इन परिणामों की घोषणा की और टॉपर्स को फोन पर बधाई दी।
साइंस स्ट्रीम में 5 संयुक्त टॉपर्स ने 99.80% अंक प्राप्त किए। आर्ट्स स्ट्रीम में 3 छात्रों ने 99.60% अंक हासिल किए। वहीं, कॉमर्स स्ट्रीम में एक लड़की ने 99.20% अंक के साथ टॉप किया।
ये भी पढे़:-
कोई किसी से कम नहीं, दोनों ही सरकारों में 'सत्ता पुत्रों' के लिए कानून ठेंगे पर
आईपीएस अंशिका जीवन में पहली बार दिखी सोने से इतनी लकदक, जानिए शादी में क्या-क्या पहने गहने
IPS केके बिश्नोई ने दहेज में लिया एक रुपये का शगुन, विदाई में मां के गले लग रोई आईपीएस अंशिका वर्मा