खेल-खेल में टीले में बना ली सुरंग, मिट्टी ढ़हने से तीन बच्चों की मौत
News In Short
- सीकर के गनेड़ी गांव में खेल-खेल में तीन मासूमों की मौत।
- मिट्टी के टीले में सुरंग बना कर खेल रहे थे, टीला ढहने से हुआ हादसा।
- बच्चों को जब तक बाहर निकाला गया, तब तक दम घुटने से मौत हो चुकी थी।
- पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के बाद तीन बच्चों के शव परिजनों को सौंपे दिए।
- पुलिस के मुताबिक हादसा दुर्घटनावश, किसी के खिलाफ मामला दर्ज नहीं।
News In Detail
राजस्थान के सीकर जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसमें तीन मासूम बच्चों की मौत हो गई। नेछवा थाना इलाके के गनेड़ी गांव में चार बच्चे रेत के टीले में सुरंग खोदकर खेल रहे थे। अचानक सुरंग ढह गई और तीन बच्चे इसमें दब गए। एक बच्चे की जान किसी तरह बच गई।
सुरंग खोदी और फिर मिट्टी में दब गए
घटना 30 मार्च 2026 की की है। गनेड़ी गांव में एक खेत के पास करीब 3-4 फीट ऊंचा टीला था। होलश मेघवाल (10), गौतम सैनी (14), दीपेश नायक (12) और कृष्ण वहां खेल रहे थे। उन्होंने टीले के नीचे एक सुरंग बना रखी थी। खेल-खेल में तीन दोस्त सुरंग के अंदर घुस गए, जबकि चौथा दोस्त कृष्ण मुहाने पर खड़ा रहा।
तभी अचानक मिट्टी का बड़ा हिस्सा ढह गया। तीनों दोस्त अंदर दब गए। कृष्ण के पैर भी मिट्टी में फंस गए, लेकिन उसने हिम्मत नहीं खोई और खुद को बचाया। उसने खुद के दोस्तों को निकालने की भी कोशिश की, जब असफल रहा फिर मदद के लिए शोर मचाया।
देर से पहुंची ग्रामीणों की मदद
ग्रामीणों ने जैसे ही मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू शुरू किया, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। तीनों बच्चों को मिट्टी से बाहर निकाला गया, लेकिन दम घुटने से उनकी सांसें थम चुकी थीं। घटना के बाद गांव में एक ही घर में नहीं, बल्कि तीन घरों में मातम पसर गया। होलश, गौतम और दीपेश के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बचा हुआ कृष्ण सदमे में है – वह बस इतना कह पाता है, “हम खेल रहे थे, अचानक हादसा हो गया।”
पुलिस ने शव परिजनों को सौंपे
नेछवा थाना पुलिस ने तीनों शवों का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस के मुताबिक यह हादसा पूरी तरह से दुर्घटनावश हुआ। फिलहाल किसी के खिलाफ कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है। घटना के बाद से पूरे गांव में शोक की लहर है।
ये भी पढे़:-
मदन राठौड़ ने गहलोत से क्यों कहा, इंतजार शास्त्र सीरीज छोड़कर संतोष शास्त्र अपना लेना चाहिए
मजदूर की बेटी ने गाड़े झंड़े, 12वीं साइंस में प्राप्त किए 99% अंक, सिविल सेवा में जाने की इच्छा
1520 स्कूलों में व्यावसायिक शिक्षकों का कार्यकाल 3 माह बढ़ा, शिक्षा परिषद ने जारी किए आदेश
आईआईटी में फेल, आईआईएम में गोल्ड मेडल, फिर यूपीएससी टॉपर, यह है आईएएस गौरव अग्रवाल की कहानी