SMS अस्पताल में 70 लाख का क्यू सिस्टम बेअसर, पर्ची पर QR कोड, मरीज कतार में और जिम्मेदारों ने साधी चुप्पी
ग्राउंड पड़ताल: स्क्रीन पर नंबर कुछ और, डॉक्टर के पास जा रहा कोई और
The Sootr ने अस्पताल की अलग-अलग ओपीडी में क्यू मैनेजमेंट सिस्टम के संचालन का जायजा लिया। डॉक्टरों के कक्षों के बाहर एलईडी स्क्रीन लगी मिलीं। स्क्रीन चालू थीं और उन पर नंबर भी दिखाई दे रहे थे।
लेकिन स्क्रीन पर दिखाई देने वाले नंबर के अनुसार मरीजों को डॉक्टर के पास नहीं बुलाया जा रहा था। मरीजों की पर्ची और स्क्रीन पर चल रहे नंबरों के बीच भी कोई व्यावहारिक तालमेल नहीं मिला।
जिन ओपीडी का जायजा लिया गया, वहां एलईडी स्क्रीन केवल सामान्य डिस्प्ले की तरह चलती नजर आईं। मरीजों को अपनी बारी जानने के लिए कतार में खड़ा रहना पड़ रहा था।
पर्ची पर QR कोड, लेकिन कतार प्रबंधन में इस्तेमाल नहीं
अस्पताल में मरीजों को जारी की जा रही ओपीडी पर्ची पर QR कोड भी मौजूद है। लेकिन पड़ताल के दौरान कतार के संचालन में इसका उपयोग होते नहीं देखा गया।
क्यू मैनेजमेंट सिस्टम का उद्देश्य था कि मरीज पर्ची बनवाने के बाद आराम से बैठकर अपनी बारी का इंतजार करें। स्क्रीन पर नंबर आने के बाद डॉक्टर के पास जाएं। इससे डॉक्टरों के कक्षों के बाहर भीड़ कम होनी थी। लेकिन अस्पताल में उपकरण लगाने और उनका प्रभावी इस्तेमाल करने के बीच बड़ा अंतर नजर आ रहा है।
सरकारी दस्तावेज में इंतजार का समय रिकॉर्ड करने का प्रावधान
राजस्थान सरकार की इंटीग्रेटेड हेल्थ मैनेजमेंट सिस्टम (IHMS 2.0) परियोजना के सितंबर 2024 के टेंडर दस्तावेज में डिजिटल कतार प्रबंधन की कार्यप्रणाली बताई गई है।
इसके तहत कई सुविधाओं का प्रावधान किया गया है।
- मरीजों को डिजिटल टोकन जारी करना।
- मरीज की बारी आने पर मोबाइल ऐप पर सूचना देना।
- टोकन जारी करने और मरीज को बुलाने का समय रिकॉर्ड करना।
- एक टोकन से अलग-अलग सेवाएं लेने की सुविधा।
- डिजिटल डैशबोर्ड के जरिए इंतजार के समय की समीक्षा करना।
बजट में 25 करोड़ रुपए खर्च करने की घोषणा
राजस्थान सरकार ने 10 जुलाई 2024 को बजट में राजस्थान डिजिटल हेल्थ मिशन शुरू करने की घोषणा की थी। इसका एक प्रमुख उद्देश्य अस्पतालों में मरीजों की कतार और इंतजार का समय कम करना था।
इसके बाद 19 फरवरी 2025 को पेश बजट में क्यू मैनेजमेंट सिस्टम, मरीजों का मेडिकल रिकॉर्ड, ऑनलाइन रेफरल और मोबाइल ऐप से अपॉइंटमेंट जैसी सुविधाओं के लिए 25 करोड़ रुपए खर्च करने की घोषणा की गई। लेकिन प्रदेश के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल में ही डिजिटल कतार प्रबंधन का प्रभावी संचालन नहीं होना इस योजना के अमल पर सवाल खड़े करता है।
अधिकारियों के निर्देश भी धरातल पर बेअसर
तत्कालीन चिकित्सा शिक्षा सचिव अंबरीष कुमार ने SMS अस्पताल में टोकन आधारित व्यवस्था लागू करने के निर्देश दिए थे। चिकित्सा शिक्षा विभाग की प्रमुख सचिव गायत्री राठौड़ ने अस्पताल का निरीक्षण किया था। इस दौरान मरीजों की भीड़ और इंतजार कम करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद मौजूदा स्थिति बताती है कि उपकरण लगाने के बाद उनके प्रभावी संचालन और निगरानी पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया।
जनता के 70 लाख रुपए का हिसाब कौन देगा?
सिस्टम लगाने के बाद मरीजों के इंतजार में कितनी कमी आई? कंपनी को भुगतान करने से पहले क्या पूरे सिस्टम की जांच की गई? डॉक्टरों और कर्मचारियों को इसके संचालन का प्रशिक्षण दिया गया या नहीं?
इन सवालों के जवाब जरूरी हैं। केवल एलईडी स्क्रीन लगाने को व्यवस्था की सफलता नहीं माना जा सकता। मरीजों को राहत नहीं मिलने से सरकारी पैसे की उपयोगिता पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
जवाब देने से बच रहे जिम्मेदार
The Sootr ने क्यू मैनेजमेंट सिस्टम की मौजूदा स्थिति, खर्च और संचालन को लेकर जिम्मेदार अधिकारियों का पक्ष जानने की कोशिश की। लेकिन खबर लिखे जाने तक किसी भी अधिकारी से स्पष्ट जवाब नहीं मिला।
सवाल है कि जब मरीजों की सुविधा के लिए लाखों रुपए खर्च किए गए हैं, तो व्यवस्था की निगरानी और उसकी उपयोगिता सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी किसकी है?