सुप्रीम कोर्ट का गोपालपुरा बाईपास के कोचिंग संस्थानों को राहत देने से इंकार, मकानों में दुकानें भी करनी होगी बंद
लेकिन अदालत ने कहा कि एजेंसियां कानून के अनुसार ही काम कर रही हैं। कोर्ट ने सभी प्रार्थना पत्रों का निपटारा करते हुए कोचिंग संस्थानों को जेडीए की कार्रवाई के खिलाफ हाईकोर्ट या जेडीए ट्रिब्यूनल में जाने की छूट दी है।
प्रताप नगर कोचिंग हब खाली, गोपालपुरा में अवैध संचालन
सुनवाई के दौरान 10-बी स्कीम विकास समिति की ओर से सीनियर एडवोकेट राजदीपक रस्तौगी, सार्थक रस्तौगी और देवेश यादव ने पक्ष रखा। उन्होंने अदालत को जमीनी स्थिति से अवगत कराया:
- कार्रवाई में ढिलाई: एडवोकेट रस्तौगी ने बताया कि जेडीए कमिश्नर ने 10, 15 सितंबर और 15 नवंबर को शपथ पत्र दिया था। इसमें गोपालपुरा बाईपास पर अवैध रूप से चल रहे 134 कोचिंग संस्थानों को नोटिस देने और करीब 57 संस्थानों को सील करने की बात कही गई थी। लेकिन इसके बाद आगे की कार्रवाई नहीं की जा रही है।
- 350 करोड़ का हब खाली: अदालत को बताया गया कि राजस्थान हाउसिंग बोर्ड ने 350 करोड़ रुपए की लागत से प्रताप नगर में कोचिंग हब बनाया है, लेकिन वह अब तक खाली पड़ा है।
सुप्रीम कोर्ट की 5 बड़ी और सख्त टिप्पणियां
अदालत ने देशभर के आवासीय क्षेत्रों में बढ़ रहे अवैध निर्माण और व्यावसायिक गतिविधियों पर गंभीर चिंता जताई है:
| प्रमुख मुद्दा | सुप्रीम कोर्ट का सख्त रुख और टिप्पणी |
| 1. आज मकान, कल होटल कैसे? | कोर्ट ने नाराजगी जताते हुए पूछा कि आज कोई भवन आवासीय मकान है, तो अगले दिन होटल या दुकान कैसे बन जाता है? इसके पीछे भ्रष्टाचार और राजनीतिक हस्तक्षेप की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता। |
| 2. जिम्मेदार अफसरों पर सवाल | अदालत ने पूछा कि वे कौन अधिकारी हैं, जिनके संरक्षण या अनुमति से अवैध निर्माण बढ़ रहे हैं? नियमों के विरुद्ध निर्माण चलने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय होनी चाहिए। |
| 3. वोट के लिए अवैध निर्माण को शह | बेंच ने कहा कि राज्य सरकारें चुनाव के दौरान वोट के लिए अवैध निर्माण नियमित करने की योजनाएं लाती हैं। इससे नियमों का पालन करने वाले आम नागरिक खुद को ठगा हुआ महसूस करते हैं। |
| 4. हाईकोर्ट की भूमिका भी जरूरी | कोर्ट ने कहा कि आवासीय भूमि के अवैध व्यावसायिक इस्तेमाल की सुनवाई राज्यों के हाईकोर्ट में भी होनी चाहिए। यह समस्या अब किसी एक शहर की नहीं, बल्कि देशव्यापी चिंता बन चुकी है। |
| 5. एजेंसियों व नागरिकों का दायित्व | संविधान और कानून का हवाला देते हुए कोर्ट ने कहा कि अवैध निर्माण पर तुरंत कार्रवाई करना एजेंसियों का दायित्व है, साथ ही नागरिकों को भी अवैध निर्माण नहीं करना चाहिए। |
आवासीय इलाकों में चल रहीं दुकानों पर भी गिरेगी गाज
सुप्रीम कोर्ट के इस कड़े रुख के बाद अब केवल कोचिंग संस्थानों पर ही नहीं, बल्कि आवासीय मकानों में चल रही दुकानों, होटलों और अन्य कमर्शियल गतिविधियों पर भी तलवार लटक गई है।
अदालत ने स्पष्ट कर दिया है कि आवासीय क्षेत्रों के मूल स्वरूप को बिगाड़ने वाले अनधिकृत निर्माणों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
सभी राज्यों के नगर निगमों से मांगी पालना रिपोर्ट
सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले का दायरा बढ़ाते हुए देशभर के लिए निर्देश जारी किए हैं। अदालत ने सभी राज्यों के संबंधित नगर निगमों को अदालती आदेश की पालना में की गई कार्रवाई की रिपोर्ट पेश करने को कहा है। इस मामले में अगली सुनवाई 6 जनवरी, 2027 को तय की गई है।