जमानत के बाद भी आजादी नहीं मिली, तो कोर्ट ने माना जेल, राजस्थान हाईकोर्ट का बड़ा फैसला

Mukesh Sharma | Published:
जमानत के बाद भी डिटेंशन सेंटर में कैद रहा कैदी
Prisoner remained confined in a detention center even after being granted bail
आमतौर पर किसी आरोपी को जमानत मिलने का मतलब होता है कि वह जेल से बाहर आकर आजाद जिंदगी जी सकेगा। लेकिन राजस्थान में एक ऐसा मामला सामने आया, जहां जमानत मिलने के बाद भी आरोपी को आजादी नहीं मिली। उसे जेल से निकालकर अलवर सेंट्रल जेल परिसर में बने डिटेंशन सेंटर में रखा गया। अब राजस्थान हाईकोर्ट ने इस अवधि को उसकी सजा में समायोजित करने का आदेश दिया है।

जस्टिस अशोक कुमार जैन की एकलपीठ ने स्पष्ट किया कि जब किसी व्यक्ति को जमानत मिलने के बावजूद प्रशासनिक पाबंदियों के कारण आजादी नहीं मिलती, तो परिस्थितियों को देखते हुए डिटेंशन सेंटर में बिताए समय को भी सजा में छूट के लिए गिना जा सकता है। अदालत ने 25 नवंबर 2026 को यह महत्वपूर्ण आदेश दिया।



ईरानी नागरिक से जुड़ा है पूरा मामला



यह मामला ईरान के रहने वाले 28 वर्षीय होशियार मोहम्मद नियान का है। उसके खिलाफ भारत में वैध दस्तावेजों के बिना रहने का मामला दर्ज था। इसी मामले में उसे दो अन्य ईरानी नागरिकों के साथ दोषी ठहराया गया था।



अदालत ने 29 सितंबर 2026 को अपील पर फैसला सुनाते हुए विदेशी अधिनियम, 1946 की धारा 14 के तहत तीनों को दोषी माना। पहले दी गई पांच साल की सजा घटाकर तीन साल कर दी गई। साथ ही प्रत्येक पर 1 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया।



होशियार मोहम्मद को NDPS एक्ट के तहत भी एक महीने की सजा सुनाई गई थी। हालांकि, उसकी अलग-अलग सजाएं एक साथ चलाने का आदेश दिया गया था।



जमानत मिली, लेकिन डिटेंशन सेंटर भेज दिया



मुकदमे की सुनवाई के दौरान होशियार मोहम्मद को हाईकोर्ट से जमानत मिल गई थी। जमानत की औपचारिकताएं पूरी होने के बाद उसे रिहा किया जाना था। लेकिन उसके पास ईरान लौटने के लिए वैध यात्रा दस्तावेज नहीं थे। भारत में रहने के भी वैध कागजात नहीं थे।



ऐसे में जेल प्रशासन ने उसे पूरी तरह रिहा करने के बजाय अलवर सेंट्रल जेल परिसर में बने डिटेंशन सेंटर भेज दिया। वहां उसकी आवाजाही पर पाबंदी रही। वह न तो अपने देश लौट सकता था और न ही भारत में स्वतंत्र रूप से रह सकता था।



होशियार मोहम्मद की ओर से अधिवक्ता विकास के. बिश्नोई ने हाईकोर्ट में दलील दी कि जमानत मिलने के बाद भी उसे वास्तविक आजादी नहीं मिली। ऐसे में डिटेंशन सेंटर में बिताए गए समय को उसकी सजा में समायोजित किया जाना चाहिए।



सरकारी वकील ने भी माना, डिटेंशन में रहा



सुनवाई के दौरान सरकार की ओर से पैरवी कर रहे लोक अभियोजक नरेंद्र गेहलोत ने भी माना कि होशियार मोहम्मद 8 जुलाई 2023 से अलवर डिटेंशन सेंटर में रहा था। बाद में उसे शेष सजा भुगतने के लिए बीकानेर सेंट्रल जेल भेजा गया। सरकारी पक्ष ने यह भी स्वीकार किया कि इस अवधि में उसके खिलाफ कोई दूसरा आपराधिक मामला दर्ज नहीं था।



अदालत के सामने जेल प्रशासन का प्रमाण पत्र भी पेश किया गया। इसमें 8 जुलाई 2023 से बीकानेर जेल भेजे जाने तक उसके डिटेंशन सेंटर में रहने की पुष्टि हुई।




BNSS की धारा 468 पर कोर्ट ने क्या कहा?



इस मामले में सबसे अहम सवाल था कि क्या जमानत के बाद डिटेंशन सेंटर में बिताया समय सजा में छूट के लिए गिना जा सकता है?



भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 468 के तहत किसी आरोपी को उसी मामले की जांच, पूछताछ या ट्रायल के दौरान हिरासत में बिताई अवधि का लाभ उसकी अंतिम सजा में मिलता है। यह व्यवस्था पहले CrPC की धारा 428 में थी।



हाईकोर्ट ने कहा कि होशियार मोहम्मद को किसी निवारक हिरासत कानून के तहत नहीं रखा गया था। वह उसी मामले के दौरान डिटेंशन सेंटर में बंद था। इसलिए इस अवधि को उसकी सजा में समायोजित करने से इनकार नहीं किया जा सकता।




जेल प्रशासन को ई-मेल से भेजा जाएगा आदेश

अदालत ने होशियार मोहम्मद की अर्जी स्वीकार कर ली। उसे अलवर डिटेंशन सेंटर में बिताई अवधि का सजा में सेट-ऑफ देने का आदेश दिया। साथ ही रजिस्ट्री को आदेश की प्रति संबंधित जेल प्रशासन को तुरंत ई-मेल से भेजने के निर्देश दिए।



इस फैसले का महत्व यह है कि केवल जेल की सलाखों के पीछे बिताया समय ही नहीं, बल्कि कानूनी और प्रशासनिक पाबंदियों के कारण डिटेंशन सेंटर में गुजारी गई अवधि भी कुछ परिस्थितियों में सजा में गिनी जा सकती है। हालांकि, यह राहत हर मामले में अपने आप लागू नहीं होगी। अदालत ने साफ किया कि हिरासत उसी मुकदमे से जुड़ी होनी चाहिए और निवारक हिरासत के तहत नहीं होनी चाहिए।



Tags:
  • राजस्थान हाई कोर्ट
  • जमानत के बाद भी आजादी नहीं
  • डिटेंशन सेंटर की अवधि सजा में गिनी जाएगी
  • BNSS की धारा 468
  • विदेशी नागरिक डिटेंशन सेंटर अलवर
  • सजा में समायोजन सेट-ऑफ
  • Section 468 BNSS set-off
  • Rajasthan High Court detention centre judgment