यूथ कांग्रेस प्रवक्ता दिव्यानी कटारा ने पार्टी नेताओं पर FIR कराई, पूर्व मंत्री के बेटे से हुआ था विवाद
समझें क्या है पूरा मामला
- उदयपुर में कांग्रेस के भीतर आंतरिक विवाद खुलकर सामने आया।
- यूथ कांग्रेस प्रवक्ता दिव्यानी कटारा ने अपनी ही पार्टी वालों पर कराई FIR।
- पूर्व मंत्री के बेटे विवेक कटारा के समर्थकों पर लगाया धमकाने का आरोप।
- इस मामले की जांच डिप्टी एसपी गिर्वा छगन राजपुरोहित को सौंपी गई।
- विवेक कटारा के साथ दिव्यानी की बातचीत का ऑडियो हुआ था वायरल।
यूथ कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. दिव्यानी कटारा ने अपनी ही पार्टी से जुड़े लोगों पर धमकी देने का आरोप लगाया। उन्होंने उदयपुर के गोवर्धन विलास थाने में FIR दर्ज कराई है। आरोप है कि फोन पर अभद्र भाषा और धमकी दी गई। दूसरे पक्ष ने इसे पार्टी हित में की गई बातचीत बताया।
रिपोर्ट में दिव्यानी कटारा ने पूर्व मंत्री खेमराज कटारा के बेटे विवेक के समर्थकों पर उन्हें धमकाने का आरोप लगाया है। शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।मामले की जांच डिप्टी एसपी गिर्वा छगन राजपुरोहित को सौंपी गई। उन्होंने बताया कि दिव्यानी की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया और इसकी जांच की जा रही।
यूथ कांग्रेस प्रवक्ता ने पार्टी नेताओं पर दर्ज कराई एफआईआर
डॉ. दिव्यानी कटारा की तरफ से दर्ज रिपोर्ट में किशन डांगी, भरत रामानुज और अविनाश खराड़ी के नाम दर्ज किए गए। रिपोर्ट के मुताबिक घटना 4 सितंबर की रात करीब 10:30 बजे की है। यूथ कांग्रेस नेता दिव्यानी ने पुलिस को बताया कि किशन ने उनके टीम मेंबर को फोन किया था। इस दौरान वे खुद भी कॉन्फ्रेंस कॉल पर जुड़ी हुई थीं। आरोप है कि बातचीत के दौरान अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए कपड़े फाड़ने और गंभीर अंजाम भुगतने की धमकी दी गई।
दिव्यानी ने अपनी जान को बताया खतरा
रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि दोनों पक्षों के बीच फोन पर हुई बातचीत का ऑडियो सामने आया था। डॉ. दिव्यानी ने अपनी शिकायत में इस पूरे घटनाक्रम को अपनी जान-माल के लिए गंभीर खतरा बताया है। इसके बाद पूर्व मंत्री खेमराज कटारा के बेटे विवेक से जुड़े सोशल मीडिया अकाउंट्स पर जातिगत गालियां और भद्दी टिप्पणियां किए जाने का भी आरोप लगाया गया
कांग्रेस नेता विवेक कटारा का इस विवाद पर क्या कहना है?
FIR दर्ज होने के बाद प्रदेश कांग्रेस के पदाधिकारियों में भी हलचल मच गई। पूरे मामले पर विवेक कटारा ने अपना पक्ष रखा। उन्होंने दिव्यानी कटारा से बातचीत के वायरल ऑडियो को लेकर कहा कि उनका मकसद यह कहना था कि चुनाव में कहीं भी जाना हो तो पार्टी के लोगों के साथ जाएं।
उन्होंने बताया कि उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से लेकर ब्लॉक अध्यक्ष तक यह जानने की कोशिश की कि आखिर क्या चल रहा। इसी सिलसिले में उन्होंने फोन किया था और उनका कहना है कि यह बातचीत पार्टी के हित में ही की गई थी।
कांग्रेस नेताओं के बीच क्या विवाद हुआ था?
बता दें कि बीते दिनों यूथ कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉक्टर दिव्यानी कटारा और पूर्व मंत्री खेमराज कटारा के बेटे विवेक के बीच फोन पर बहस का ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इस ऑडियो में विवेक कटारा ने कथित तौर पर दिव्यानी से ये पूछा था कि वो किस हैसियत से वार्ड में जा रही। जवाब में दिव्यानी को कहते सुना गया था कि वो उदयपुर ग्रामीण और उदयपुर शहर दोनों विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव को लेकर काम कर रही और कांग्रेस उनके लिए सिर्फ संगठन नहीं, बल्कि उनकी पहचान का हिस्सा है।
ऑडियो में उदयपुर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र को लेकर भी दोनों के बीच बहस हुई थी। विवेक कटारा कथित तौर पर इसे अपना क्षेत्र बताते सुनाई दिए थे। इस पर दिव्यानी कटारा ने जवाब दिया था कि उदयपुर उनकी भी जन्मभूमि है। यह पूरा विवाद पार्टी संगठन तक भी पहुंचा था। विवेक कटारा की ओर से कथित तौर पर यह सवाल उठाया गया था कि अगर उन्हें (दिव्यानी) उदयपुर ग्रामीण में काम करना है तो संगठन के लोगों के साथ मिलकर काम करना चाहिए।
FAQ
- यूथ कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता दिव्यानी कटारा ने किन लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कराई?
उन्होंने पूर्व मंत्री खेमराज कटारा के बेटे विवेक कटारा के समर्थकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। शिकायत गोवर्धन विलास थाने में दर्ज कराई गई है। - दिव्यानी कटारा ने क्या आरोप लगाया है?
उनका आरोप है कि कांग्रेस नेता विवेकट कटारा के समर्थनों के फोन पर बातचीत के दौरान अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए कपड़े फाड़ने और गंभीर अंजाम भुगतने की धमकी दी गई। उन्होंने इसे अपनी जान के लिए खतरा बताया। - पूर्व मंत्री खेमराज कटारा के बेटे विवेक ने इन आरोपों पर क्या कहा है?
उन्होंने कहा कि यह बातचीत पार्टी हित में की गई थी और उनका मकसद सिर्फ चुनाव में साथ जाने की बात कहना था। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से स्थिति जानने के लिए फोन किया था।
यह खबरें भी पढ़ें...
राजस्थान कांग्रेस के भीष्म पितामह महेंद्र शास्त्री का निधन, 95 साल की उम्र में ली अंतिम सांस
जयपुर निगम चुनाव: 99 उम्मीदवार करोड़पति, जानें उम्मीदवारों की संपत्ति का लेखा-जोखा
जयपुर नगर निगम चुनाव: कांग्रेस प्रत्याशी का नामांकन हुआ खारिज, BJP उम्मीदवार ने नहीं भरा फॉर्म