जयपुर की हेरिटेज विरासत पर UNESCO की नजर, अब सरकार की होगी अग्निपरीक्षा
अब राजस्थान सरकार ने इस दिशा में कदम तेज किए हैं। सरकार सोमवार को जयपुर की चारदीवारी के लिए तैयार स्पेशल एरिया हेरिटेज डेवलपमेंट प्लान (SAHDP) का ड्राफ्ट और वर्ष 2026-27 की स्टेट ऑफ कंजर्वेशन (SOC) रिपोर्ट भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) को सौंपने जा रही है। यह कदम 2 दिसंबर की तय समयसीमा से पहले उठाया जा रहा है।
शनिवार की बैठक में रिपोर्ट को मंजूरी
अधिकारियों के मुताबिक, SAHDP का ड्राफ्ट नवंबर की शुरुआत में कंसल्टेंट एजेंसी PD Core ने जमा कराया था। इसके बाद जयपुर नगर निगम के हेरिटेज सेल ने इसकी जांच की। शनिवार को स्वायत्त शासन विभाग के शासन सचिव रवि जैन की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। इसमें SOC रिपोर्ट विभाग के सामने रखी गई और उसे मंजूरी दी गई।
अब दोनों दस्तावेज ASI को भेजे जाएंगे। इसके बाद ASI इनकी जांच करेगा। अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल ड्राफ्ट पर आम लोगों और अन्य संबंधित पक्षों से आपत्तियां और सुझाव लेने की प्रक्रिया नहीं की जा रही है। उनका तर्क है कि ASI भी इस प्रक्रिया का महत्वपूर्ण पक्ष है और वह ड्राफ्ट की समीक्षा करेगा।
UNESCO ने किन बातों पर जताई थी नाराजगी?
UNESCO ने अपनी 2025-26 की स्टेट ऑफ कंजर्वेशन समीक्षा में जयपुर की विरासत के संरक्षण पर गंभीर सवाल उठाए थे। रिपोर्ट में विश्व धरोहर क्षेत्र के भीतर बड़े पैमाने पर पुराने निर्माण तोड़े जाने का मुद्दा उठाया गया। इसे हेरिटेज संरक्षण नियमों के कमजोर पालन का संकेत बताया गया।
इसके अलावा चारदीवारी और उसके बफर जोन में बंद पड़ी बावड़ियों का संरक्षण नहीं होने पर भी सवाल उठाए गए। UNESCO ने हेरिटेज सेल की सीमित कार्यक्षमता को भी चिंता का विषय माना था।
सबसे अहम सवाल जयपुर मेट्रो की लाइन 1C को लेकर उठा था। यह रूट बड़ी चौपड़ से ट्रांसपोर्ट नगर तक प्रस्तावित है। UNESCO ने चिंता जताई थी कि हेरिटेज इम्पैक्ट असेसमेंट (HIA) रिपोर्ट पूरी होने से पहले ही इस क्षेत्र में काम शुरू करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई। नवंबर 2025 में UNESCO ने TOI को बताया था कि ऐसे काम जयपुर की विश्व धरोहर पहचान को नुकसान पहुंचा सकते हैं।
सरकार अपनी रिपोर्ट में क्या बताएगी?
इस बार राज्य सरकार अपनी रिपोर्ट में संरक्षण के लिए किए गए प्रयासों का ब्योरा देगी। सरकार का कहना है कि हेरिटेज सेल को दोबारा व्यवस्थित किया गया है और अब वह पूरी क्षमता के साथ काम कर रहा है।
जयपुर नगर निगम ने बफर जोन की चार बावड़ियों के संरक्षण का काम शुरू किया है। इनके जीर्णोद्धार का काम फरवरी 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
मेट्रो निर्माण को लेकर सरकार का पक्ष है कि चारदीवारी के भीतर अभी कोई निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ है। केवल यूटिलिटी लाइनों को हटाया गया है। सरकार का कहना है कि निर्माण शुरू होने से पहले जरूरी आकलन किए जाएंगे।
अब ASI की जांच पर टिकी निगाहें
SAHDP में संरक्षित क्षेत्र के लिए नियम, संरक्षण और विकास से जुड़े उपाय तय किए जाने हैं। इसका उद्देश्य यह है कि चारदीवारी में विकास कार्य हों, लेकिन ऐतिहासिक इमारतों और शहर की मूल पहचान को नुकसान न पहुंचे।
ASI की जांच के बाद ही योजना को आगे बढ़ाने और लागू करने की प्रक्रिया होगी। सरकार को उम्मीद है कि उसकी कोशिशों से UNESCO संतुष्ट होगा।
गौरतलब है कि जयपुर ने 18 नवंबर को अपनी स्थापना के 299 साल पूरे किए हैं। ऐसे में शहर के 300वें स्थापना वर्ष से पहले उसकी विश्व धरोहर पहचान बचाने की चुनौती और अहम हो गई है। अब देखना होगा कि सरकार की रिपोर्ट और प्रस्तावित योजना UNESCO की चिंताओं को दूर कर पाती है या नहीं।