दो गांवों में भड़का दंगा, 10 से ज्यादा घर फूंके, युवक की हत्या का मामला

Jageshwar prasad | Apr 27, 2026, 12:19 IST
Photograph: (the sootr)
राजस्थान में बांसवाड़ा के टामटिया में प्रेमिका से मिलने पहुंचे युवक की कुल्हाड़ी से गर्दन काटकर हत्या कर दी गई। इसके बाद दो गांवों में दंगा भड़क उठा। उग्र भीड़ ने 10 से ज्यादा घर और गाड़ियां फूंक दीं। पुलिस पर पथराव किया और रास्ते जाम कर दिए।

News In Short

बांसवाड़ा में प्रेमिका से मिलने गए युवक की गर्दन काटकर हत्या।


दो गांवों (टामटिया और बस्सी आड़ा) के बीच खूनी संघर्ष और पथराव।


आक्रोशित भीड़ ने टामटिया गांव के 10 से अधिक घरों को फूंका।


बचाव कार्य में जुटी पुलिस टीम और फायर ब्रिगेड पर भी हुआ पथराव।


एसपी सुधीर जोशी के नेतृत्व में भारी पुलिस जाब्ता तैनात, स्थिति तनावपूर्ण।



News In Detail

Banswara: राजस्थान के बांसवाड़ा जिले से हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है। यहां टामटिया और बस्सी आड़ा गांवों के बीच रविवार रात हिंसा भड़क उठी। एक युवक की हत्या के बाद शुरू हुई हिंसा में लोगों ने न केवल 10 से ज्यादा घरों और गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया, बल्कि मौके पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम को भी बंधक जैसी स्थिति में डाल दिया।



लड़की से मिलने पहुंचा था युवक, कुल्हाड़ी के वार से उतारा मौत के घाट

पुलिस के अनुसार, मामला बस्सी आड़ा गांव के एक युवक से जुड़ा है। रविवार रात करीब 8 बजे वह अपने कुछ दोस्तों के साथ टामटिया गांव में एक लड़की से मिलने पहुंचा था। लड़की के परिजनों और ग्रामीणों ने युवक को पकड़ लिया। पहले उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई और फिर लड़की के परिवार ने कुल्हाड़ी मारकर युवक की हत्या कर दी। युवक के साथ आए दोस्तों ने किसी तरह भागकर परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद गुस्साए ग्रामीणों का सैलाब उमड़ पड़ा।



घरों में आगजनी और पथराव

हत्या की खबर मिलते ही बस्सी आड़ा गांव के लोगों ने टामटिया गांव पर धावा बोल दिया।उग्र भीड़ ने टामटिया गांव में 10 से ज्यादा घरों को आग लगा दी। घर के बाहर खड़ी बाइकों और अन्य वाहनों को फूंक दिया गया। हिंसा यहीं नहीं रुकी। रात 11 बजे टामटिया गांव के लोगों ने भी पलटवार करते हुए बस्सी आड़ा गांव में तोड़फोड़ और मारपीट शुरू कर दी।



पुलिस और प्रशासन को 'नो एंट्री'

हालात इतने बेकाबू थे कि उपद्रवियों ने कानून को ठेंगा दिखा दिया। ग्रामीणों ने रास्ता जाम कर दिया। सूचना पर पहुंचे थानाधिकारी और पुलिस टीम पर जमकर पथराव किया गया। फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को गांव में घुसने तक नहीं दिया गया, जिससे आग धधकती रही।



स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसपी सुधीर जोशी भारी पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। देर रात तक आला अधिकारी गांव में ही डटे रहे।



पुरानी रंजिश और प्रेम प्रसंग का मेल

मोटा गांव थानाधिकारी के अनुसार, यह मामला पूरी तरह प्रेम प्रसंग से जुड़ा है, लेकिन इसके पीछे दोनों पक्षों की पुरानी रंजिश भी बताई जा रही है। दोनों पक्षों के खिलाफ पहले भी कानूनी मामले दर्ज हो चुके थे।



फिलहाल दोनों गांवों में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है। भारी पुलिस फोर्स तैनात है और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए चप्पे-चप्पे पर निगरानी रखी जा रही है। प्रशासन उपद्रवियों और हत्या के आरोपियों की पहचान में जुटा है।



ये भी पढ़ें:-

जलदाय मंत्री का अजीबो गरीब बयान, भ्रष्ट कर्मचारियों पर कार्रवाई से हो जाएगा डिपार्टमेंट खाली



राजस्थान में कागजी जंगलों से 100 करोड़ का गबन; न गड्ढे खोदे, न पौधे लगे, बस बजट डकार गए



सट्टा बाजार में 'कमल' को बढ़त, फलौदी से कोलकाता तक आंकड़ों ने बढ़ाई धड़कनें



कांच व्यापारी का दिनदहाड़े अपहरण, 10 घंटे तक बनाया बंधक, 14 लाख की फिरौती वसूल कर छोड़ा



Tags:
  • राजस्थान
  • कुल्हाड़ी के वार से उतारा मौत के घाट
  • कुल्हाड़ी मारकर युवक की हत्या
  • खूनी संघर्ष
  • प्रेम प्रसंग
  • बांसवाड़ा