जब सोनिया गांधी ने ठुकराई PM की कुर्सी, उस ऐतिहासिक पल का मैं गवाह था- अशोक गहलोत

Ashish Bhardwaj | Nov 10, 2026, 15:23 IST
सोनिया के ऐतिहासिक फैसले को गहलोत ने किया याद
पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने 2004 के उस घटनाक्रम को याद जिसमें सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री बनने से इनकार किया था। गहलोत ने कहा कि सोनिया गांधी ने सत्ता से ऊपर रखा देश और पार्टी का हित रखा था। गहलोत ने उनकी तारीफ की है। गहलोत ने कहा कि वे उस ऐतिहासिक पल के खुद गवाह रहे हैं।

सोनिया गांधी की यह किताब ऐसे समय आई है, जब 2004 के उस फैसले को लेकर एक बार फिर राजनीतिक बहस शुरू हो गई है। उस समय कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूपीए गठबंधन ने लोकसभा चुनाव में जीत दर्ज की थी। गठबंधन के नेताओं और कांग्रेस सांसदों की इच्छा थी कि सोनिया गांधी प्रधानमंत्री बनें। लेकिन उन्होंने यह पद स्वीकार नहीं किया और डॉ. मनमोहन सिंह को प्रधानमंत्री बनाने का फैसला किया।



गहलोत बोले- मैं उस ऐतिहासिक पल का गवाह

राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर सोनिया गांधी के फैसले को याद किया। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी का जीवन त्याग, तपस्या, संघर्ष और राजनीतिक प्रतिबद्धता का उदाहरण है। जिस पद पर देश की जनता, कांग्रेस पार्टी और यूपीए के नेता उन्हें देखना चाहते थे, उसे उन्होंने विनम्रता से ठुकरा दिया।



गहलोत ने लिखा कि वे उस दिन संसद के सेंट्रल हॉल में मौजूद थे। वहां यूपीए के सभी सांसद चाहते थे कि सोनिया गांधी देश की प्रधानमंत्री बनें। कांग्रेस और गठबंधन के नेताओं की भी यही भावना थी। गहलोत के मुताबिक, उस समय सोनिया गांधी ने सत्ता के बजाय पार्टी और देश के व्यापक हित को प्राथमिकता दी।



उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी के फैसले के पीछे उनकी राजनीतिक सोच और वैचारिक प्रतिबद्धता थी। गहलोत ने इसे संगठन के प्रति समर्पण और राजनीतिक दृढ़ता का उदाहरण बताया।



किताब में सोनिया ने बताई फैसले के पीछे की उलझन

सोनिया गांधी ने अपनी आत्मकथा में 2004 के घटनाक्रम को अपने नजरिए से विस्तार से लिखा है। उनके मुताबिक, लोकसभा चुनाव से कुछ महीने पहले ही उन्होंने अपने बच्चों राहुल और प्रियंका गांधी से कह दिया था कि वे प्रधानमंत्री नहीं बनेंगी। दोनों बच्चे भी इसके पक्ष में नहीं थे। परिवार पहले ही इंदिरा गांधी और राजीव गांधी की हत्या का दर्द झेल चुका था। उन्हें डर था कि प्रधानमंत्री पद संभालने से सोनिया की सुरक्षा को लेकर खतरे बढ़ सकते हैं।



किताब में सोनिया ने लिखा है कि चुनाव में जीत के बाद गठबंधन के नेता उन्हें प्रधानमंत्री बनने के लिए मनाने पहुंचे। उन्होंने काफी देर तक सोनिया से आग्रह किया। उस बातचीत के दौरान सोनिया ने दबाव में हल्के स्वर में ‘ठीक है’ कह दिया था। लेकिन बाद में राहुल और प्रियंका को इसकी जानकारी मिली तो उन्होंने अपनी मां से बात की।



सोनिया ने लिखा कि उस रात उनके मन में पार्टी के प्रति जिम्मेदारी और प्रधानमंत्री पद स्वीकार नहीं करने के अपने फैसले के बीच संघर्ष चलता रहा। आखिरकार उन्होंने अपने मूल निर्णय पर कायम रहने का फैसला किया। अगले दिन संसद के सेंट्रल हॉल में उन्होंने साफ कहा कि प्रधानमंत्री पद उनका लक्ष्य नहीं है और वे अपनी अंतरात्मा की आवाज के अनुसार इस पद को विनम्रता से अस्वीकार करती हैं।



मनमोहन सिंह को क्यों चुना?

सोनिया गांधी ने किताब में यह भी बताया है कि उन्होंने डॉ. मनमोहन सिंह को प्रधानमंत्री बनाने का फैसला क्यों किया। उनके मुताबिक, मनमोहन सिंह के पास सरकार चलाने का लंबा अनुभव था और उनकी ईमानदारी पर सवाल नहीं उठाया जा सकता था। सोनिया ने उन्हें ऐसा नेता माना, जिनके हाथों में देश सुरक्षित रहेगा और जो गठबंधन सरकार को आगे ले जा सकते हैं।



गहलोत ने भाजपा-आरएसएस पर भी साधा निशाना

गहलोत ने अपने बयान में भाजपा और आरएसएस की विचारधारा पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि गांधी परिवार को लगातार राजनीतिक चुनौतियों और व्यक्तिगत हमलों का सामना करना पड़ा है। इसके बावजूद परिवार ने संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों, सामाजिक सद्भाव और देश की एकता के लिए संघर्ष जारी रखा।



गहलोत ने कहा कि सोनिया गांधी का फैसला बताता है कि राजनीति सिर्फ सत्ता हासिल करने का माध्यम नहीं है। विचारधारा और सिद्धांतों के लिए पद छोड़ना भी राजनीतिक जीवन का हिस्सा हो सकता है।



किताब को लेकर पहले भी हुआ था विवाद

सोनिया गांधी की आत्मकथा की भारतीय प्रकाशन व्यवस्था भी पहले चर्चा में रही। शुरुआत में किताब के प्रकाशन को लेकर पेंगुइन रैंडम हाउस इंडिया का नाम सामने आया था, लेकिन बाद में यह समझौता आगे नहीं बढ़ा। इसके बाद हार्परकॉलिन्स इंडिया ने किताब को भारत में प्रकाशित करने की घोषणा की। प्रकाशक के मुताबिक, किताब 10 नवंबर को भारत और अंतरराष्ट्रीय बाजार में जारी होनी थी।



किताब में सोनिया गांधी के इटली में बचपन, राजीव गांधी से मुलाकात और विवाह, इंदिरा और राजीव गांधी की हत्या, भारतीय राजनीति में उनकी भूमिका और कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में उनके लंबे कार्यकाल का जिक्र है। सोनिया गांधी ने इसे राजनीतिक दस्तावेज के बजाय अपने परिवार, रिश्तों, नुकसान और भारत में अपनी पहचान की निजी कहानी बताया है। यही वजह है कि किताब के लॉन्च के साथ उनका 2004 का फैसला एक बार फिर सुर्खियों में है।



Tags:
  • सोनिया गांधी आत्मकथा
  • बिलॉन्गिंग किताब लॉन्च
  • 2004 प्रधानमंत्री पद
  • अशोक गहलोत सोनिया
  • मनमोहन सिंह प्रधानमंत्री 2004
  • सोनिया गांधी किताब विवाद
  • राहुल प्रियंका सोनिया
  • Sonia Gandhi memoir Belonging
  • Belonging A Journey of Love