पति के 13 लाख गेमिंग में लगाए, चोरी का ड्रामा किया, फिर गिरफ्तार हुई
समझें क्या है पूरा मामला
- भीलवाड़ा में पत्नी ने ऑनलाइन गेमिंग की लत में पति के 13 लाख चुराए।
- घर में चोरी का ड्रामा रचा, सामान बिखेरा, गेट खुला छोड़ दिया।
- CCTV फुटेज से हुआ खुलासा, 1 घंटे तक कोई अंदर-बाहर नहीं हुआ।
- पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो पत्नी ने कबूला जुर्म, अब रिमांड पर।
- शादी से पहले भी थी गेमिंग की लत, 4.5 लाख जीतने के बाद बढ़ा गया था लालच।
राजस्थान के भीलवाड़ा में एक MBA पास महिला ने ऑनलाइन गेमिंग की लत में पति के 13 लाख रुपए चुरा लिए। रकम चोरी होने की बात छिपाने के लिए उसने घर में चोरी होने का नाटक रचा।
पुलिस ने जब सीसीटीवी (Closed Circuit Television) फुटेज खंगाले तो पाया कि उस दौरान घर के बाहर से कोई अंदर नहीं आया था। पूछताछ में पत्नी क्षिप्रा जैन (30) ने रोते हुए जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर कोर्ट से 2 दिन की रिमांड ली है।
चोरी का नाटक कैसे रचा?
22 जून की शाम पति संदीप कुमार और क्षिप्रा शाम 8 बजे बाजार गए थे। रात 9:30 बजे घर लौटे तो मेन गेट खुला मिला। अंदर सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी में रखे बैग से 13 लाख रुपए गायब थे।
क्षिप्रा ने खुद कहा कि पीछे से किसी ने बैग से रुपए निकाले हैं। यहां तक कि उसने ही पुलिस में एफआईआर (First Information Report) दर्ज कराने की सलाह दी। पति ने 23 जून को भीमगंज थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
CCTV ने खोली पोल
भीमगंज थाना SHO (Station House Officer) सुनील चौधरी ने बताया कि पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। घर के आमने-सामने संदीप की मां का मकान है। फुटेज में साफ दिखा कि डेढ़ घंटे में से करीब एक घंटे तक सास बाहर ही बैठी रही।
बाकी आधे घंटे में भी मुख्य द्वार से कोई बाहरी व्यक्ति घर में दाखिल नहीं हुआ था। इससे पुलिस को शक हुआ कि वारदात में घर का ही कोई सदस्य शामिल है।
पूछताछ में टूटी क्षिप्रा
पुलिस ने पति, सास और क्षिप्रा तीनों से पूछताछ की। क्षिप्रा पर सबसे ज्यादा चोरी का शकथा। सख्ती से पूछताछ करने पर वह रोने लगी और उसने पूरी बात बता दी।
जनवरी में 4.5 लाख जीते, फिर लालच में सब हारा
पूछताछ में सामने आया कि क्षिप्रा शादी से पहले से ऑनलाइन गेमिंग में पैसे लगा रही थी। जनवरी 2026 में उसने ड्रैगन गेम में 4.5 लाख रुपए जीते। जीत से लालच और बढ़ा।
उसने बड़ी रकम लगाने की सोची। लेकिन इस बार वह 4.5 लाख और अपनी जमा पूंजी भी हार गई। रिकवरी के लालच में फंसती चली गई।
महीनेभर में धीरे-धीरे निकाले 13 लाख
रिकवरी की उम्मीद में क्षिप्रा ने पति की अलमारी में रखे 13 लाख रुपए पर नजर डाली। ये रकम संदीप को किसी ग्राहक का प्लॉट बेचने पर मिली थी और दूसरी पार्टी को देनी थी।
क्षिप्रा ने एक झटके में नहीं, बल्कि करीब एक महीने में धीरे-धीरे पूरी रकम निकाल ली। शक न हो इसलिए चोरी का ड्रामा रचा।
MBA पास, नौकरी भी छोड़ी
पूछताछ में यह भी सामने आया कि क्षिप्रा ने MBA किया है और एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी भी करती थी, जिसे कुछ महीने पहले ही छोड़ दिया था। संदीप से उसकी शादी 2 साल पहले हुई थी।
पुलिस खंगाल रही है बैंक खाता
पुलिस अब क्षिप्रा के बैंक खातों की जानकारी और ट्रांजैक्शन हिस्ट्री खंगाल रही है। जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि रकम किसी को नकद दी गई थी या सीधे अकाउंट से गेमिंग में लगाई गई थी। 13 लाख रुपए की बरामदगी के प्रयास जारी हैं।
ये भी पढ़ें:-
ट्रेन से जेवरात से भरा बैग चुराया, गोल्ड लोन लेकर जमा कराई कॉलेज की फीस
मोदी का मास्क पहनकर चोरी, शॉप से 40 स्मार्टफोन चुराए
ट्रांसफर के लिए बना फर्जी डिप्टी CM, अधिकारियों को घुमाया फोन, जांच में खुली पोल
RE-NEET: परीक्षा हॉल में मोबाइल लेकर बैठी रही छात्रा, एआई से ढूंढ रही थी जवाब