कैसे सोशल मीडिया भारत का नया डिजिटल बाजार बन गया

Rajesh Lahoti | May 13, 2026, 17:56 IST
social-media-digital-market-india
सोशल मीडिया अब भारत में सिर्फ मनोरंजन का माध्यम नहीं रहा, बल्कि डिजिटल बाजार बन गया है। इंस्टाग्राम, यूट्यूब रील्स और क्रिएटर्स के कंटेंट से खरीदारी की आदतें बदल रही हैं। उपभोक्ता ऑनलाइन रिव्यू और क्रिएटर अनुभव देखकर प्रोडक्ट खरीद रहे हैं।

सुबह आंख खुलते ही मोबाइल हाथ में आता है। कोई इंस्टाग्राम खोलता है, कोई फेसबुक, कोई यूट्यूब। कुछ मिनट के लिए शुरू हुई स्क्रॉलिंग कब आधे घंटे में बदल जाती है, पता ही नहीं चलता। इसी दौरान कोई लड़की स्किनकेयर रूटीन दिखा रही होती है, कोई ट्रैवल ब्लॉगर नया बैग इस्तेमाल कर रहा होता है तो कोई फैशन क्रिएटर कपड़ों की वीडियो बना रहा होता है। देखने वाला सोचता है कि वह सिर्फ मनोरंजन कर रहा है, लेकिन असल में उसी समय उसके दिमाग में खरीदारी का एक नया बीज बोया जा चुका होता है। यही आज के भारत का नया बाजार है। अब ग्राहक सिर्फ मॉल या दुकान में जाकर प्रोडक्ट नहीं खोजता, बल्कि उसकी खरीदारी की शुरुआत मोबाइल स्क्रीन से होती है। सोशल मीडिया अब महज फोटो और वीडियो शेयर करने का प्लेटफॉर्म नहीं रहा, बल्कि एक ऐसा डिजिटल बाजार बन चुका है जहां हर स्क्रॉल के साथ कोई न कोई चीज बिक रही है।



कुछ साल पहले तक कंपनियों का पूरा फोकस टीवी विज्ञापनों, बड़े-बड़े होर्डिंग्स और अखबारों पर होता था। ब्रांड्स मानते थे कि जितना बड़ा स्टार, उतनी बड़ी बिक्री। अब सोशल मीडिया ने इस फॉर्मूले को पूरी तरह बदल दिया। अब लोग किसी फिल्म स्टार की चमकदार एड फिल्म से ज्यादा भरोसा उस छोटे क्रिएटर पर कर रहे हैं जो अपने कमरे में बैठकर मोबाइल कैमरे से कोई प्रोडक्ट इस्तेमाल करते हुए दिखाता है।



बदलती खरीदारी की आदतें

भारत में इंटरनेट और सस्ते डेटा ने उपभोक्ताओं की आदतें पूरी तरह बदल दी हैं। पहले खरीदारी का मतलब होता था बाजार जाना, दुकानों में घूमना, दुकानदार की सलाह सुनना और फिर फैसला लेना। अब यह पूरी प्रक्रिया मोबाइल स्क्रीन में सिमट चुकी है। आज कोई भी व्यक्ति नया फोन खरीदने से पहले यूट्यूब रिव्यू देखता है। कपड़े खरीदने से पहले इंस्टाग्राम रील्स में फैशन ट्रेंड्स चेक करता है। स्किनकेयर प्रोडक्ट लेने से पहले वीडियो देखता है। यानी अब ग्राहक सीधे विज्ञापन पर भरोसा नहीं करता, वह रियल एक्सपीरियंस देखना चाहता है। यही वजह है कि सोशल मीडिया कंपनियों के लिए अब सबसे बड़ा सेलिंग प्लेटफॉर्म बन गया है। यहां ग्राहक को सिर्फ प्रोडक्ट नहीं दिखाया जाता, बल्कि उसे यह एहसास कराया जाता है कि यह प्रोडक्ट उसकी जिंदगी बेहतर बना देगा। दरअसल सोशल मीडिया की ताकत सिर्फ दिखाने में नहीं, बल्कि प्रभावित करने में है। जब कोई पसंदीदा क्रिएटर किसी चीज का इस्तेमाल करता है, तो दर्शकों को लगता है कि यह सिफारिश असली है, स्क्रिप्टेड नहीं। यही भरोसा कंपनियों के लिए सबसे बड़ा हथियार बन चुका है।



social media


अब विज्ञापन नहीं, स्टोरी बेचती है चीजें

पुराने दौर के विज्ञापन सीधे बोलते थे यह खरीदिए। अब सोशल मीडिया का दौर अलग है। यहां ब्रांड्स सीधे बेचने की कोशिश नहीं करते। वे पहले कहानी सुनाते हैं, भावना पैदा करते हैं और फिर उसी कहानी के बीच प्रोडक्ट को फिट कर देते हैं। अगर कोई फिटनेस इन्फ्लुएंसर सुबह की रूटीन दिखा रहा है, तो उसके हाथ में मौजूद प्रोटीन शेक अपने आप प्रमोट हो जाता है। अगर कोई ट्रैवल ब्लागर पहाड़ों की यात्रा दिखा रहा है, तो उसके जूते, बैग और जैकेट भी लोगों की नजर में आ जाते हैं। यानी अब प्रोडक्ट को विज्ञापन की तरह नहीं, बल्कि लाइफस्टाइल की तरह पेश किया जा रहा है। और यही मॉडल सबसे ज्यादा काम कर रहा है।कई कंपनियां अब मान चुकी हैं कि सोशल मीडिया सिर्फ ब्रांडिंग का जरिया नहीं, बल्कि सीधे बिक्री बढ़ाने का माध्यम बन चुका है। पहले इन्फ्लुएंसर्स का काम सिर्फ जागरूकता बढ़ाना माना जाता था, लेकिन अब वे ग्राहकों को खरीदारी तक पहुंचाने का काम कर रहे हैं।



रील्स ने बाजार की भाषा बदल दी

रील्स ने पूरे डिजिटल बाजार (digital marketing) का खेल बदल दिया है। छोटी, तेज और आकर्षक वीडियो आज के उपभोक्ता का ध्यान सबसे तेजी से पकड़ती हैं। पहले किसी प्रोडक्ट के बारे में जानकारी लेने के लिए ग्राहक लंबा लेख पढ़ता था या दुकान जाकर पूछताछ करता था। अब 30 सेकंड की एक रील वही काम कर देती है। उसमें समस्या भी दिखाई जाती है, समाधान भी और प्रोडक्ट का उपयोग भी। सबसे बड़ी बात यह है कि रील्स इमोशनल कनेक्शन बनाती हैं। बैकग्राउंड म्यूजिक, एक्सप्रेशन, एडिटिंग और कहानी। सब मिलकर ऐसा माहौल बनाते हैं कि दर्शक सिर्फ जानकारी नहीं लेता, बल्कि खुद को उस अनुभव का हिस्सा महसूस करने लगता है। यही कारण है कि फैशन, ब्यूटी और स्किनकेयर इंडस्ट्री सोशल मीडिया पर सबसे ज्यादा तेजी से बढ़ी हैं। ये ऐसे सेक्टर हैं जिन्हें विजुअली बहुत आसानी से बेचा जा सकता है। एक लड़की जब कैमरे पर मेकअप ट्रांसफॉर्मेशन दिखाती है या कोई युवक अपनी फिटनेस जर्नी शेयर करता है, तो दर्शकों को लगता है कि वे सिर्फ प्रोडक्ट नहीं, बल्कि एक बेहतर जीवनशैली खरीद रहे हैं।



माइक्रो इन्फ्लुएंसर्स का बढ़ता साम्राज्य

दिलचस्प बात यह है कि सोशल मीडिया की दुनिया में सिर्फ बड़े सेलिब्रिटी ही ताकतवर नहीं हैं। कई बार 20 हजार फॉलोअर्स वाला छोटा क्रिएटर लाखों फॉलोअर्स वाले स्टार से ज्यादा असर डाल देता है। इन्हें माइक्रो इन्फ्लुएंसर्स कहा जाता है और आज ब्रांड्स इन पर सबसे ज्यादा भरोसा कर रहे हैं। वजह है विश्वास। बड़े सेलिब्रिटी के प्रमोशन में लोगों को एडवर्टाइजमेंट नजर आता है, लेकिन छोटे क्रिएटर्स के कंटेंट में रियलिटी दिखाई देती है। उनके फॉलोअर्स उन्हें अपने जैसा मानते हैं। इसलिए उनकी सलाह ज्यादा असर करती है। यही कारण है कि अब कंपनियां करोड़ों रुपए एक बड़े स्टार पर खर्च करने के बजाय सैकड़ों छोटे क्रिएटर्स के साथ काम कर रही हैं। इससे उन्हें अलग-अलग तरह की ऑडियंस तक पहुंचने का मौका मिलता है।



छोटे शहरों में भी बदल रहा बाजार

सोशल कॉमर्स का असर सिर्फ मुंबई, दिल्ली या बेंगलुरु जैसे शहरों तक सीमित नहीं है। छोटे शहरों और कस्बों में भी यह तेजी से फैल रहा है। पहले छोटे शहरों के ग्राहकों के पास सीमित विकल्प होते थे। वे वही खरीदते थे जो स्थानीय बाजार में उपलब्ध होता था।अब इंस्टाग्राम और यूट्यूब ने उनके सामने पूरी दुनिया खोल दी है। रायपुर, बिलासपुर, ग्वालियर, कोटा या धनबाद जैसे शहरों में रहने वाले युवा भी अब वही ट्रेंड फॉलो कर रहे हैं जो मुंबई या दिल्ली में चल रहा है। वे रील्स देखकर फैशन चुन रहे हैं, यूट्यूब देखकर गैजेट खरीद रहे हैं और इन्फ्लुएंसर्स की सलाह पर स्किनकेयर रूटीन बना रहे हैं। इससे छोटे व्यापारियों के लिए भी बड़ा मौका पैदा हुआ है। अब किसी लोकल बिजनेस को बड़ा बनने के लिए भारी विज्ञापन बजट की जरूरत नहीं है। एक वायरल वीडियो उसकी किस्मत बदल सकता है। आज हजारों छोटे व्यापारी सिर्फ इंस्टाग्राम पेज के जरिए लाखों रुपए का कारोबार कर रहे हैं। कोई घर से केक बेच रहा है, कोई हैंडमेड ज्वेलरी, कोई साड़ी, कोई होम डेकोर आइटम। सोशल मीडिया ने बाजार की दीवारें तोड़ दी हैं।



ऑफलाइन बाजार खत्म नहीं हुआ

हालांकि सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव के बीच यह मान लेना गलत होगा कि पारंपरिक बाजार खत्म हो रहा है। असल में दोनों के बीच नया रिश्ता बन रहा है।आज ग्राहक पहले ऑनलाइन रिसर्च करता है, फिर दुकान जाकर खरीदारी करता है। खासकर महंगे प्रोडक्ट्स में यह ट्रेंड तेजी से बढ़ा है। ज्वेलरी, लगेज, इलेक्ट्रॉनिक्स और प्रीमियम फैशन में लोग पहले सोशल मीडिया पर जानकारी लेते हैं, रिव्यू देखते हैं, फिर स्टोर में जाकर अंतिम फैसला करते हैं। यानी सोशल मीडिया अब दुकानों का प्रतिस्पर्धी नहीं, बल्कि डिजिटल सेल्समैन बन चुका है। कई कंपनियां मानती हैं कि उनकी दुकान में आने वाले ग्राहकों का बड़ा हिस्सा पहले सोशल मीडिया पर ब्रांड देख चुका होता है। यानी ग्राहक की यात्रा अब ऑनलाइन शुरू होकर ऑफलाइन खत्म हो रही है।



एआई और एल्गोरिदम का नया खेल

सोशल मीडिया की असली ताकत सिर्फ कंटेंट में नहीं, बल्कि उसके एल्गोरिदम में छिपी है। प्लेटफॉर्म यह समझ चुके हैं कि कौन व्यक्ति किस तरह का कंटेंट पसंद करता है, किस चीज पर ज्यादा रुकता है और क्या खरीद सकता है। इसी डेटा के आधार पर यूजर को लगातार वैसा ही कंटेंट दिखाया जाता है। अगर कोई व्यक्ति बार-बार स्किनकेयर वीडियो देखता है, तो उसके फीड में ब्यूटी ब्रांड्स की भरमार होने लगती है। अगर कोई फिटनेस कंटेंट देखता है, तो उसे सप्लीमेंट्स और जिम प्रोडक्ट्स दिखने लगते हैं।आने वाले समय में एआई इस सिस्टम को और ज्यादा ताकतवर बना देगा। कंपनियां ऐसे विज्ञापन तैयार करेंगी जो हर व्यक्ति के लिए अलग होंगे। यानी दो लोगों को एक ही ब्रांड का बिल्कुल अलग प्रचार दिखाई देगा। हालांकि इससे प्राइवेसी और डेटा सुरक्षा को लेकर सवाल भी बढ़ रहे हैं। डिजिटल बाजार जितना सुविधाजनक है, उतना ही निगरानी आधारित भी।



चमक के पीछे खतरे भी

सोशल कॉमर्स की चमकदार दुनिया के पीछे कई खतरे भी छिपे हैं। सबसे बड़ी समस्या है फेक प्रमोशन। आज कई इन्फ्लुएंसर्स पैसे लेकर ऐसे प्रोडक्ट्स की तारीफ कर देते हैं जिनका इस्तेमाल उन्होंने खुद कभी नहीं किया होता। कई बार घटिया क्वालिटी वाले सामान को मस्ट बाय बताकर बेचा जाता है। इसके अलावा इम्पल्स बाइंग यानी बिना जरुरत खरीदारी की आदत तेजी से बढ़ रही है। लगातार रील्स और ऑफर्स देखकर लोग ऐसी चीजें खरीद लेते हैं जिनकी उन्हें वास्तव में जरूरत नहीं होती। यानी सोशल मीडिया सिर्फ बाजार नहीं बदल रहा, बल्कि लोगों की मानसिकता और खर्च करने की आदतें भी बदल रहा है।



क्या कहते हैं एक्सपर्ट

मार्केट रिसर्च फर्मों के अनुसार भारत में 60 प्रतिशत से ज्यादा इंटरनेट उपभोक्ता किसी न किसी रूप में क्रिएटर कंटेंट से प्रभावित होते हैं। इनमें बड़ी संख्या ऐसे लोगों की है जो रील्स, रिव्यू वीडियो और इन्फ्लुएंसर कंटेंट देखकर खरीदारी का फैसला लेते हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि यह बदलाव सिर्फ शहरी युवाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि छोटे शहरों और कस्बों तक पहुंच चुका है।



भविष्य का बाजार स्क्रीन पर सजेगा

जिस तेजी से भारत में सोशल मीडिया का प्रभाव बढ़ रहा है, उसे देखते हुए साफ है कि आने वाले वर्षों में यही डिजिटल प्लेटफॉर्म सबसे बड़े बाजार बन जाएंगे।भविष्य में कंपनियों की सफलता इस बात से तय होगी कि वे लोगों का ध्यान कितनी देर तक रोक पाती हैं। आज की दुनिया में सबसे कीमती चीज पैसा नहीं, बल्कि अटेंशन है। अब बाजार की सबसे महत्वपूर्ण जगह किसी मॉल की शेल्फ नहीं, बल्कि मोबाइल की स्क्रीन है। जहां कभी दुकानदार ग्राहकों को आवाज लगाकर बुलाते थे, अब वही काम इंस्टाग्राम रील्स, यूट्यूब शॉर्ट्स और फेसबुक फीड कर रहे हैं। शायद आने वाले समय में खरीदारी का मतलब सिर्फ दुकान जाना नहीं, बल्कि स्क्रॉल करना रह जाएगा।



ये खबरें भी पढ़ें...

ऑनलाइन शॉपिंग में धोखाधड़ी होने पर कंज्यूमर का क्या करे, जानें सब कुछ



Mothers Day Special: दिखावा या लगाव? सोशल मीडिया के दौर में कितना बदला मां का प्यार



🔴 सोशल मीडिया पर जबरदस्त एक्टिव कांग्रेस, जमीन पर गायब, क्या ऐसे लड़ेगी आदिवासी, किसानों की लड़ाई ?



ऑनलाइन गेमिंग और ठगी से सुरक्षित रहेंगे बच्चे, MP के स्कूलों में साइबर सिक्योरिटी कोर्स अनिवार्य



Tags:
  • यूट्यूब
  • इंस्टाग्राम
  • सोशल मीडिया
  • फेसबुक
  • ऑनलाइन शॉपिंग
  • digital marketing
  • इन्फ्लुएंसर