राष्ट्रपति चुनाव : कहां है, विपक्षी एकता ?

author-image
The Sootr CG
एडिट
New Update
राष्ट्रपति चुनाव : कहां है, विपक्षी एकता ?

डॉ. वेदप्रताप वैदिक. उद्धव ठाकरे की शिवसेना ने भी राष्ट्रपति पद के लिए द्रौपदी मुर्मू का समर्थन करने का ऐलान किया है। यह अपने आप में एक खबर है, क्योंकि इसका अर्थ यह हुआ कि जिसके चलते ठाकरे की सरकार चलती बनी, उसी बीजेपी के उम्मीदवार का समर्थन उन्हें करना पड़ रहा है। वे कहते हैं कि यह समर्थन उन्होंने मजबूरी में नहीं किया है। पहले भी उन्होंने प्रतिभा पाटिल और प्रणब मुखर्जी का समर्थन किया था, जबकि ये दोनों कांग्रेस के उम्मीदवार थे और शिवसेना बीजेपी के साथ गठबंधन में थी।





उद्धव ठाकरे का यह तर्क मजबूत दिखाई पड़ता है लेकिन इस बार दो कारण से जो पहले आजादी थी, वह अब शर्मनाक मजबूरी बन गई है। पहला तो यह है कि इस बार बीजेपी ने आपको अपदस्थ कर दिया है। फिर भी आप उसके उम्मीदवार का समर्थन कर रहे हैं। दूसरा आपके सांसदों में से ज्यादातर ने साफ-साफ कह दिया है कि वे मुर्मू का समर्थन करेंगे। यदि ठाकरे अपने सांसदों की बात नहीं मानते तो उन्हें पता था कि वे सब दल-बदल करके बीजेपी में शामिल हो जाते। अपनी बची-खुची पार्टी को बचाए रखने के लिए यही व्यावहारिक कदम था।





अब यह स्पष्ट होता जा रहा है कि मुर्मू जीतेंगी और यशवंत सिन्हा हारेंगे। सिर्फ ठाकरे की शिवसेना ही नहीं कई राज्यों की प्रांतीय पार्टियां भी अब खुलकर मुर्मू के समर्थन में आ गई हैं। बहुजन समाज पार्टी, देवेगौड़ा का जनता दल, अकाली दल और झारखंड की जेएमएम भी बीजेपी के उम्मीदवार का समर्थन करेगी। तेलंगाना राष्ट्र समिति ने सिन्हा के समर्थन की घोषणा की है लेकिन ओडिशा की पटनायक सरकार मुर्मू का समर्थन करेंगी। कोई आश्चर्य नहीं कि आप पार्टी के नेता भी मुर्मू का समर्थन कर दें, क्योंकि कांग्रेस के साथ उनकी पंजाब और दिल्ली में तगड़ी लड़ाई है।





जहां तक ममता बैनर्जी की तृणमूल कांग्रेस का सवाल है, यशवंत सिन्हा उसी के पदाधिकारी थे और ममता ने ही सिन्हा को राष्ट्रपति पद के लिए आगे बढ़ाया था लेकिन उनकी टक्कर में एक आदिवासी और वह भी एक महिला को देखकर उनकी उलझन ज्यादा बढ़ गई हैं, क्योंकि एक तो वे खुद महिला हैं और दूसरा तृणमूल कांग्रेस के पांच सांसद आदिवासी हैं। प. बंगाल की लगभग 40 सीटें ऐसी हैं, जिनमें आदिवासी मतदाताओं के थोक वोट ही उम्मीदवारों को विजयी बनाते हैं। ऐसे में ममता बैनर्जी का ढीला पड़ना समझ में आता है। इसलिए वे यशवंत सिन्हा से बंगाल-यात्रा का आग्रह भी नहीं कर रही हैं।





ममता के इस बयान से भी उनकी दुविधा झलकती है कि यदि बीजेपी चाहती तो द्रौपदी मुर्मू के नाम पर सर्वदलीय सहमति हो सकती थी। यशवंत सिन्हा भी जानते हैं कि वे विपक्ष के उम्मीदवार के तौर पर राष्ट्रपति का चुनाव नहीं जीत पाएंगे लेकिन इतने सुयोग्य उम्मीदवार के बहाने विपक्ष जो अपनी एकता स्थापित करना चाहता है, अब वह भी दूर की कौड़ी मालूम पड़ रही है।



शिवसेना BJP बीजेपी vichar manthan विचार मंथन उद्धव ठाकरे Draupadi Murmu द्रौपदी मुर्मू Yashwant Sinha यशवंत सिन्हा राष्ट्रपति चुनाव Uddhav Thackerey ShivSena Opposition विपक्ष President Election dr. VedPratap Vaidik डॉ. वेदप्रताप वैदिक