Weather Update: MP-CG में मानसून की रफ्तार थमी, राजस्थान के 26 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट!

Amresh Kushwaha | Sept 16, 2026, 08:56 IST
mp-cg-weather-update-yellow-alert-rajasthan
Weather Update: मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ में मानसून की गति धीमी पड़ी है, जबकि राजस्थान के 26 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। 19 सितंबर से मध्य प्रदेश में बारिश का नया दौर और राजस्थान से मानसून की विदाई संभव है। thesootr पर पढ़ें मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान की पूरी मौसम रिपोर्ट...

Weather Update: मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में मानसून अब अलग-अलग रंग दिखा रहा है। मध्य प्रदेश में 19 सितंबर बाद भारी बारिश का दौर आ सकता है। मजबूत सिस्टम से प्रदेश का बारिश कोटा भी पूरा हो सकता है।



छत्तीसगढ़ में अगले चार दिनों तक बारिश की तीव्रता कम रहने का अनुमान है। राजस्थान के 26 जिलों में आज बारिश का यलो अलर्ट जारी हुआ है। 19 सितंबर से पश्चिमी छोर से मानसून की विदाई शुरू हो सकती है।



मध्यप्रदेश मौसम रिपोर्ट - 16 सितंबर 2026 - $$$

MP Weather update: (मध्यप्रदेश का मौसम): मध्य प्रदेश में मानसून की विदाई से पहले भारी बारिश का एक और दौर आ सकता है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक 19 सितंबर के बाद नया सिस्टम एक्टिव होगा। सिस्टम मजबूत रहा तो प्रदेश की बारिश का कोटा पूरा हो सकता है। प्रदेश में सामान्य तौर पर औसत 37.3 इंच बारिश होती है। अब तक 33 इंच पानी गिर चुका है। बारिश का कोटा पूरा होने के लिए 4.3 इंच पानी और चाहिए।



30 सितंबर तक माना जाता है मानसूनी सीजन

मौसम विभाग के अनुसार मानसून का सीजन 1 जून से 30 सितंबर तक रहता है। इस दौरान होने वाली बारिश मानसून के रिकॉर्ड में शामिल की जाती है। कई बार मानसून अक्टूबर के पहले या दूसरे सप्ताह में विदा होता है। इस बार सितंबर के आखिरी दिनों में मानसून की विदाई शुरू हो सकती है। इससे पहले प्रदेश में भारी बारिश होने की संभावना है।



पश्चिमी मध्य प्रदेश में बढ़ेगी बारिश

मौसम विशेषज्ञ शैलेंद्र कुमार नायक ने बताया कि 17 से 19 सितंबर के बीच पश्चिमी मध्य प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। इस दौरान कई इलाकों में व्यापक बारिश होने की संभावना है।



पूर्वी हिस्से में भी बरसेंगे बादल

पूर्वी मध्य प्रदेश में 18 से 21 सितंबर तक बारिश का दौर देखने को मिल सकता है। इस दौरान कुछ इलाकों में तेज बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है।



अब तक कोटे की 88.5 प्रतिशत बारिश

मानसूनी सीजन खत्म होने में अब 14 दिन बाकी हैं। मंगलवार तक प्रदेश में 33 इंच बारिश दर्ज की गई। यह सामान्य बारिश के कोटे का 88.5 प्रतिशत है।



भोपाल और ग्वालियर समेत प्रदेश के 18 जिलों में सामान्य से ज्यादा बारिश हो चुकी है। इन जिलों में अब होने वाली बारिश को बोनस माना जाएगा।



छत्तीसगढ़ मौसम रिपोर्ट - 16 सितंबर 2026

CG Weather update: (छत्तीसगढ़ का मौसम): छत्तीसगढ़ में आने वाले दिनों में मानसून की गतिविधियां कम होंगी। मौसम विभाग के मुताबिक अगले चार दिनों तक प्रदेश में बारिश की तीव्रता कम रहेगी।



बारिश कम होने के बावजूद प्रदेश में मौसम पूरी तरह साफ नहीं होगा। आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। कुछ जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। गरज-चमक के साथ बौछारें भी पड़ सकती हैं।



बस्तर संभाग में बरस सकते हैं बादल

मौसम विभाग के अनुसार बस्तर संभाग में बारिश की संभावना बनी हुई है। बस्तर दंतेवाड़ा बीजापुर सुकमा नारायणपुर और कोंडागांव में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।



तेज हवा के साथ चमक सकती है बिजली

बस्तर संभाग के कुछ इलाकों में बिजली चमकने की संभावना है। यहां 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा भी चल सकती है। प्रदेश के बाकी हिस्सों में मौसम सामान्य रहने का अनुमान है।



कमजोर पड़ रहा बारिश वाला सिस्टम

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक बंगाल की खाड़ी और आसपास बने सिस्टम का असर कमजोर हो रहा है। इसके कारण छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां अब सीमित रहेंगी।



अचानक हो सकती है स्थानीय बारिश

प्रदेश के कुछ जिलों में स्थानीय स्तर पर अचानक बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने गरज-चमक के दौरान लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है।



छत्तीसगढ़ के तापमान में ज्यादा बदलाव होने की संभावना नहीं है। प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक तापमान लगभग सामान्य बना रह सकता है।



रायपुर में छाए रह सकते हैं बादल

राजधानी रायपुर में आसमान आंशिक रूप से बादलों से ढका रह सकता है। यहां अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। न्यूनतम तापमान करीब 25 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।



मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक कुछ जिलों में हल्की बारिश जारी रह सकती है। इसके बाद बारिश की गतिविधियों में और कमी आने की संभावना है।



छत्तीसगढ़ में अगले कुछ दिनों तक हल्की बारिश और बादलों वाला मौसम बना रहेगा। प्रदेश में तेज बारिश की संभावना फिलहाल कम है।



राजस्थान मौसम रिपोर्ट - 16 सितंबर 2026

Rajsthan weather update: (राजस्थान का मौसम): राजस्थान में मानसून अब अपने अंतिम चरण में पहुंच गया है। आज प्रदेश के 26 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। मंगलवार को अजमेर और पाली समेत कुछ जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हुई।



बारिश और हवा से मौसम हुआ सुहाना

बारिश और हल्की हवा के कारण मंगलवार को कई शहरों का तापमान गिर गया। सिरोही डूंगरपुर उदयपुर और अजमेर में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया।



19 सितंबर से शुरू हो सकती है विदाई

मौसम विभाग ने राजस्थान से मानसून की विदाई का अनुमान जताया है। प्रदेश में 19 सितंबर से मानसून की वापसी शुरू हो सकती है।



देसुरी में बरसा करीब एक इंच पानी

पिछले 24 घंटे के दौरान पाली के देसुरी में सबसे ज्यादा बारिश हुई। यहां 24 मिलीमीटर यानी करीब एक इंच पानी बरसा।



अजमेर भरतपुर कोटा धौलपुर चित्तौड़गढ़ उदयपुर और माउंट आबू में हल्की बारिश हुई। डूंगरपुर जालौर राजसमंद और नागौर के कुछ इलाकों में भी बादल बरसे।



कच्छ के पास पहुंचा बारिश वाला सिस्टम

मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक बंगाल की खाड़ी से आया लो-प्रेशर सिस्टम अब गुजरात के कच्छ के आसपास पहुंच गया है। इसी सिस्टम के कारण राजस्थान में बारिश का दौर बना हुआ है।



आज और कल भी बरस सकते हैं बादल

लो-प्रेशर सिस्टम के असर से राजस्थान में आज और कल भी बारिश हो सकती है। इस दौरान कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।



पश्चिमी राजस्थान से लौटेगा मानसून

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 19 सितंबर से राजस्थान के पश्चिमी छोर से मानसून की विदाई शुरू होने की संभावना है। मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां भी अनुकूल होने लगी हैं।



ये खबरें भी पढ़िए...



Tags:
  • Weather Update
  • मध्यप्रदेश का मौसम
  • छत्तीसगढ़ का मौसम
  • राजस्थान का मौसम
  • मौसम रिपोर्ट