AI से पांच साल में 2.4 करोड़ नौकरियों पर पड़ सकता है असर, क्या कम हो जाएंगे रोजगार के अवसर, नई भर्तियों को लेकर रिपोर्ट में बड़ा दावा

Kaushiki | Published:
​AI बदलेगा नौकरियों की दुनिया, हर साल 1.3 फीसदी नॉलेज वर्कफोर्स पर असर पड़ने का अनुमान​
Artificial intelligence could impact nearly 24 million office and knowledge-worker jobs worldwide over the next five years, according to a JPMorgan Wealth Management report.
AI Impact on Jobs: क्या आपने कभी सोचा है कि जिस लैपटॉप पर आप रोजाना घंटों काम करते हैं, वही आने वाले समय में आपकी जगह ले सकता है ? आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (Artificial Intelligence - AI) की बढ़ती रफ्तार ने अब ऑफिस में बैठकर दिमाग लगाने वाले लोगों की चिंता बढ़ा दी है। लीडिंग फाइनेंसियल इंस्टीटूशन JP मॉर्गन वेल्थ मैनेजमेंट की एक ताजा रिपोर्ट सामने आई है, जिसने पूरी दुनिया के कामकाजी लोगों का ध्यान खींचा है।

इस रिपोर्ट में बताया गया है कि अगले पांच साल में दुनियाभर में करीब 2.4 करोड़ ऑफिस और नॉलेज-वर्कर नौकरियों पर बड़ा असर पड़ने वाला है। कंपनियां अब अपने काम को ऑटोमेट करने और AI का इस्तेमाल बढ़ाने पर पूरा जोर दे रही हैं।



हर साल 1.3% वर्कफोर्स पर पड़ेगा सीधा असर

इस रिपोर्ट में आने वाले पांच सालों का पूरा गणित समझाया गया है। अनुमान है कि अगले 5 साल तक हर साल दुनिया के नॉलेज वर्कफोर्स का करीब 1.3% हिस्सा इस बदलाव से प्रभावित होगा। इसके पीछे सबसे बड़ा कारण कंपनियों का मुनाफा और बचत है।



कंपनियां अब नए लोगों को नौकरी पर रखने के बजाय AI तकनीक पर खर्च बढ़ा सकती हैं। इसकी सीधी वजह यह है कि AI पर होने वाला खर्च नए कर्मचारियों की सैलरी और अन्य सुविधाओं की लागत के मुकाबले लगभग आधा पड़ता है।



छंटनी से ज्यादा खाली पद न भरने का है अंदेशा

अक्सर AI का नाम सुनते ही लोगों के मन में बड़े पैमाने पर छंटनी का डर बैठ जाता है। लेकिन रिपोर्ट में एक राहत भरी बात भी कही गई है। इसके मुताबिक, AI से आने वाला ज्यादातर बदलाव लोगों को अचानक नौकरी से निकालने के बजाय खाली पद न भरने के तौर पर दिख सकता है।



यानी जो पद खाली होंगे, उन पर नई भर्ती नहीं की जाएगी। इसके साथ ही रिपोर्ट में यह चेतावनी भी दी गई है कि अगर किसी खास काम या किसी विशेष इलाके में यह असर बहुत ज्यादा हुआ, तो वहां आर्थिक और राजनीतिक दबाव बढ़ सकता है।



अमेरिका में दिख सकता है सबसे बड़ा बदलाव

अगर देश के हिसाब से देखें, तो अमेरिका में इस बदलाव का सबसे गहरा असर देखने को मिल सकता है। रिपोर्ट के आंकड़ों के मुताबिक-



अगर दुनियाभर की प्रभावित होने वाली नौकरियों का दो-तिहाई हिस्सा अमेरिका में आता है, तो वहां पांच साल में करीब 1.6 करोड़ लोग प्रभावित होंगे। इसका मतलब यह हुआ कि अमेरिका में हर साल औसतन करीब 30 लाख कामों पर सीधा असर पड़ेगा।



यह आंकड़ा वहां के कुल वर्कफोर्स का हर साल करीब 2% होगा। जॉब जाने की यह रफ्तार साल 2000 के दशक में मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में हुई जॉब लॉस की रफ्तार से चार गुना से भी ज्यादा है। यह असर साल 2008 की बड़ी आर्थिक मंदी या ग्रेट रिसेशन के दौरान नौकरी जाने की दर के करीब पहुंच सकता है, बस फर्क इतना होगा कि यह दौर दो साल के बजाय पांच साल तक चलेगा।



नौकरी खत्म नहीं होगी, काम करने का तरीका बदलेगा

JP मॉर्गन की रिपोर्ट इस बात पर जोर देती है कि पूरी की पूरी नौकरी खत्म होने के बजाय काम के भीतर बदलाव आने की संभावना ज्यादा है। रिपोर्ट बताती है कि आज के समय में AI का इस्तेमाल अभी अपने शुरुआती दौर में ही है। अमेरिका के आंकड़ों से इस बात को आसानी से समझा जा सकता है। यहां फिलहाल सिर्फ 6% काम के घंटे ही AI की मदद से पूरे हो रहे हैं। जबकि दो-तिहाई काम ऐसे हैं जिन्हें AI के दायरे में लाया जा सकता है। अलग-अलग सेक्टर में AI अपनाने की यह रफ्तार धीमी और असमान रहने वाली है, जिसकी वजह से अचानक एक साथ बड़ी संख्या में नौकरी जाने का खतरा थोड़ा कम रह सकता है।



हर नौकरी कई छोटे-छोटे कामों का समूह है

रिपोर्ट में ये भी बताया गया है कि AI के असली असर को जानने के लिए यह देखना जरूरी है कि ऑफिस में कोई काम किस तरह पूरा होता है। असल में हर नौकरी कई अलग-अलग कामों का एक ग्रुप होती है। अब तक AI तकनीक उनमें से सिर्फ एक हिस्से को ही ऑटोमेट या आसान बनाने में कामयाब हुई है।



इससे यह बात बिल्कुल साफ हो जाती है कि हर काम को पूरी तरह से AI के भरोसे छोड़ना अभी आसान नहीं है। आने वाले समय में कई जगहों पर यह तकनीक इंसान की जगह लेने के बजाय उसके साथ मिलकर काम करती हुई नजर आएगी।



बड़े स्तर पर इस्तेमाल और नई स्किल्स की जरूरत

रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनियां AI में जो भारी पैसा खर्च कर रही हैं, उसका सही फायदा पाने के लिए इसका इस्तेमाल सिर्फ टेक सेक्टर तक सीमित नहीं रखा जा सकता। इसे दूसरे क्षेत्रों में भी तेजी से बढ़ाना होगा। कंपनियों को अब शुरुआती ट्रायल से आगे बढ़कर काम की रफ्तार और प्रोडक्टिविटी बढ़ाने के लिए AI का बड़े स्तर पर इस्तेमाल करना होगा।



आने वाले समय में यह देखना बहुत अहम रहेगा कि कंपनियां और अलग-अलग देश अपने कर्मचारियों को नई स्किल्स सिखाकर और काम के तरीके बदलकर इस बड़े बदलाव को किस तरह संभालते हैं। इस खबर का सीधा असर दुनियाभर के ऑफिस कर्मचारियों, युवाओं और नई नौकरी की तलाश कर रहे लोगों पर पड़ेगा। लोगों को अपनी नौकरी बचाने और आगे बढ़ने के लिए ट्रेडिशनल वर्क करने के तरीकों को छोड़कर नई टेक्नोलॉजी स्किल्स सीखनी होंगी, जिससे सोसाइटी में कौशल विकास और खुद को लगातार अपडेट रखने की कल्चर को बढ़ावा मिलेगा।



FAQs:



  1. AI की वजह से अगले पांच साल में कितनी नौकरियां प्रभावित हो सकती हैं?
    जेपी मॉर्गन वेल्थ मैनेजमेंट की रिपोर्ट के मुताबिक, अगले पांच साल में दुनियाभर में करीब 2.4 करोड़ ऑफिस और नॉलेज वर्कर नौकरियां प्रभावित हो सकती हैं।
  2. कंपनियां कर्मचारियों की जगह AI का इस्तेमाल क्यों बढ़ा सकती हैं?
    रिपोर्ट के मुताबिक, AI के इस्तेमाल की लागत कर्मचारियों पर होने वाले खर्च के मुकाबले करीब आधी पड़ सकती है। इससे कंपनियों को खर्च कम करने में मदद मिल सकती है।
Tags:
  • AI Technology
  • AI impact on jobs
  • एआई का नौकरियों पर असर
  • Automation in workplace
  • ऑटोमेशन और वर्कफोर्स
  • Artificial Intelligence
  • आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस
  • AI Job Crisis
  • नौकरियों पर खतरा