अविमुक्तेश्वरानंद ने मोहन भागवत पर कसा तंज, बोले- पहले खुद बच्चें पैदा करें, फिर दूसरों को दें नसीहत
News in short
- स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने मोहन भागवत के बच्चों को लेकर बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया दी।
- शंकराचार्य ने कहा कि भागवत जी को खुद शादी कर बच्चों को जन्म देना चाहिए।
- अविमुक्तेश्वरानंद ने नेताओं को अपने आचरण पर ध्यान देने की सलाह दी।
- स्वामी जी ने प्रधानमंत्री मोदी के मौन पर सवाल उठाया।
- गो-माता की रक्षा के लिए कानून बनाने की अपील की।
News in detail
यूपी के बरेली में देवभूमि इंडस्ट्रियल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट में पहुंचे शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती बड़ा बयान दिया है। उन्होंने RSS प्रमुख मोहन भागवत के तीन बच्चों को पैदा करने के बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया दी। शंकराचार्य ने कहा कि अगर मोहन भागवत को जनसंख्या बढ़ानी है तो उन्हें खुद शादी करके बच्चे पैदा करने चाहिए। अगर जनसंख्या इतनी जरूरी है, तो दूसरों पर दबाव बनाने से पहले मोहन भागवत और उनके प्रचारक खुद यह कार्य क्यों नहीं करते?
भागवत जी को बच्चे पैदा करने चाहिए
शंकराचार्य ने कहा कि समाज को दिशा देने वाले व्यक्तियों को अपनी सलाहों को अपने जीवन में लागू करना चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर किसी को हिंदू धर्म और जनसंख्या बढ़ाने का शौक है, तो पहले उन्हें खुद इस दिशा में काम करना चाहिए। तंज करते हुए उन्होंने कहा, हिंदुओं की संख्या बढ़ाने की चिंता है, तो मोहन भागवत जी को भी शादी करके बच्चे पैदा करने चाहिए।
नेताओं को आचरण पर ध्यान देना चाहिए
स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने धर्म और जनसंख्या जैसे संवेदनशील मुद्दों पर नेताओं की बयानबाजी को लेकर भी चिंता जताई। उनका कहना था कि नेताओं को पहले अपने आचरण पर ध्यान देना चाहिए, फिर समाज को मार्गदर्शन देना चाहिए। उन्होंने अपील की कि समाज में संतुलन और सद्भाव बनाए रखने के लिए नेता सकारात्मक कदम उठाएं।
प्रधानमंत्री मोदी के मौन पर सवाल
स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने अमेरिका-इजराइल युद्ध पर भी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि युद्ध में हमेशा दो पक्ष होते हैं, और उसमें एक पक्ष न्यायपूर्ण और दूसरा अन्यायपूर्ण होता है। उन्होंने यह भी कहा कि युद्ध के दौरान पूरी दुनिया के विद्वान मौन हैं, जबकि यह मानवता के खिलाफ अपराध है। स्वामी जी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मौन पर भी सवाल उठाए और कहा कि भारत को कभी भी युद्ध में किसी के साथ खड़ा नहीं होना चाहिए।
गो-माता की रक्षा के लिए कानून की अपील
स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने गो-माता की रक्षा के लिए कानून बनाने की मांग की। उन्होंने कहा कि वे विपक्ष के नेताओं से कहेंगे कि वे गो-माता के मुद्दे पर वोट करें। उनका कहना था कि जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आएंगे, लव जिहाद और धर्मांतरण जैसे मुद्दे उठाए जाएंगे। लेकिन जनता को ध्यान भटकाने से बचना चाहिए और सिर्फ अपने मुख्य मुद्दों पर वोट करना चाहिए।
क्या कहा था मोहन भागवत ने
हाल ही में मोहन भागवत ने लखनऊ के सरस्वती शिशु मंदिर में बैठक को संबोधित किया था। इस दौरान उन्होंने हिंदुओं से तीन बच्चे पैदा करने की अपील की। मोहन भागवत ने कहा कि हिंदू समाज को संगठित और सशक्त होना चाहिए। उन्होंने कहा कि हमें किसी से खतरा नहीं है, लेकिन सावधान रहना चाहिए।
काशी से शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद का ऐलान- बनेगी चतुरंगिणी सेना
अविमुक्तेश्वरानंद विवाद: आशुतोष महाराज पर चलती ट्रेन में हमला, टॉयलेट में छिपकर बचाई जान
शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद को इलाहाबाद हाईकोर्ट से बड़ी राहत, गिरफ्तारी पर रोक