आयुष्मान भारत योजना में बड़े बदलाव की तैयारी, 112 तरह के इलाज सिर्फ सरकारी अस्पतालों में कराने का प्रस्ताव
अभी इनकी संख्या 23 है। सरकार ने राज्यों से इस पर सुझाव मांगे हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय 25 नवंबर तक मिले सुझावों पर विचार कर रहा है। प्रस्ताव के मुताबिक, नई व्यवस्था 1 दिसंबर से लागू हो सकती है। लेकिन सवाल यह है कि क्या सरकारी अस्पताल इतने मरीजों का इलाज करने के लिए तैयार हैं?
46% सरकारी अस्पताल तय स्तर तक नहीं पहुंचे
स्वास्थ्य मंत्रालय की 2024-25 की रिपोर्ट के मुताबिक, देश के 89% सरकारी अस्पतालों ने अपनी सुविधाओं का खुद मूल्यांकन किया था। इनमें से सिर्फ 54% अस्पताल ही इंडियन पब्लिक हेल्थ स्टैंडर्ड्स (IPHS) के तहत 50% से अधिक अंक हासिल कर सके। बाकी 46% अस्पताल इस स्तर तक नहीं पहुंच पाए।
हालांकि, सरकार ने इस साल सभी अस्पतालों के मूल्यांकन के बाद 64% अस्पतालों का स्कोर 50% से अधिक होने का दावा किया है। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि सरकारी अस्पताल इलाज के 89 अतिरिक्त पैकेज का दबाव कैसे संभालेंगे।
बड़े सरकारी अस्पतालों पर पहले से क्षमता से ज्यादा दबाव
- 16% ज्यादा दबाव: बड़े सरकारी और रेफरल अस्पतालों पर उनकी क्षमता से 16% अधिक बोझ है।
- 53% आरोग्य मंदिर शुरू नहीं: शहरी आरोग्य मंदिरों के नए लक्षित ढांचे का आधे से ज्यादा हिस्सा अभी चालू नहीं हुआ है।
- 19% मेडिकल कॉलेजों में सेवाएं शुरू नहीं: स्वीकृत जिला मेडिकल कॉलेजों में से 19% में मरीजों को इलाज की सुविधा मिलना बाकी है।
- 73% एम्स पूरी तरह शुरू नहीं: देश के 22 एम्स में से केवल 6 ही पूरी तरह चालू हैं।
- 80% हेल्थ यूनिट्स का निर्माण अधूरा: स्वीकृत ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट्स में से 80% का निर्माण कार्य अटका हुआ है।
112 पैकेज में किन बीमारियों का इलाज होगा?
आयुष्मान भारत योजना के प्रस्तावित बदलाव में कई सामान्य बीमारियों, लंबे समय तक चलने वाले रोगों और ऑपरेशन से जुड़े इलाज को शामिल किया गया है।
सामान्य और लंबे समय तक चलने वाली बीमारियां:
- गंभीर खून की कमी (एनीमिया), अनियंत्रित या अचानक बढ़ा हाई ब्लड प्रेशर, एक्यूट ब्रोंकाइटिस, दस्त, गैस्ट्रोएंटेराइटिस, पेशाब में संक्रमण, किडनी स्टोन का दर्द, डायबिटिक फुट, रेटिनोपैथी और ग्लूकोमा की जांच।
ऑपरेशन और अन्य चिकित्सकीय प्रक्रियाएं:
- बवासीर और फिशर का ऑपरेशन, हाइड्रोसील, बायोप्सी, स्तन की गांठ, सिस्ट और लिपोमा हटाने के साथ गर्भाशय और फाइब्रॉइड से जुड़ी चिकित्सकीय प्रक्रियाएं।
सरकारी अस्पतालों के सामने ये चार बड़ी चुनौतियां
आबादी के हिसाब से पर्याप्त बेड नहीं
- मानकों के मुताबिक, हर जिले में एक हजार लोगों पर कम से कम एक अस्पताल बेड होना जरूरी है, जबकि दो बेड होना बेहतर माना गया है। जिला अस्पतालों में बिस्तरों की कमी के कारण मेडिकल कॉलेजों पर मरीजों का दबाव बढ़ रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में किडनी और लिवर से जुड़ी बीमारियों के मरीज बढ़ रहे हैं, लेकिन जिला स्तर पर उनके लिए जरूरी वार्ड और बेड की कमी बनी हुई है।
करीब 99% क्रिटिकल केयर ब्लॉक अधूरे
- गंभीर मरीजों के इलाज के लिए जिला अस्पतालों में 577 क्रिटिकल केयर ब्लॉक (Critical Care Blocks) बनाने की मंजूरी दी गई थी। इनमें से अभी तक केवल 6 ही बन पाए हैं। नेशनल हेल्थ प्रोफाइल 2023 के मुताबिक, देश में औसत जीवन प्रत्याशा 70 साल हो गई है। बुजुर्गों की बढ़ती आबादी के साथ दिल और सांस से जुड़ी गंभीर बीमारियां भी बढ़ रही हैं। ये बीमारियां देश में मौत के प्रमुख कारणों में शामिल हैं।
विशेषज्ञ डॉक्टरों की भारी कमी
- प्रस्तावित इलाज के पैकेज के लिए हृदय रोग, न्यूरोलॉजी, कैंसर और किडनी रोग से जुड़े विशेषज्ञ डॉक्टरों की जरूरत होगी। वार्षिक रिपोर्ट के मुताबिक, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के तहत 3.89 लाख कर्मचारी संविदा पर काम कर रहे हैं। इनमें सिर्फ पांच हजार 62 विशेषज्ञ डॉक्टर हैं। वहीं, एक हजार 243 शहरों में कुल 374 विशेषज्ञ ही कार्यरत हैं।
निजी अस्पतालों पर बढ़ सकती है निर्भरता
- आयुष्मान भारत योजना से जुड़े 30 हजार 72 अस्पतालों में से 48% निजी अस्पताल हैं। कई सरकारी अस्पतालों में सीटी स्कैन, एमआरआई, डायलिसिस और विशेषज्ञ डॉक्टरों की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। ऐसे में 89 नए पैकेज लागू होने के बाद जटिल बीमारियों से पीड़ित मरीजों को दूसरे अस्पतालों में भेजने की जरूरत पड़ सकती है। इससे निजी अस्पतालों के बीमा क्लेम बढ़ने की आशंका भी है।
विशेषज्ञ बोलीं- पहल अच्छी, लेकिन डॉक्टरों के बिना कैसे होगा इलाज?
NHSRC की पूर्व कंसलटेंट और जेएनयू की रिटायर्ड प्रोफेसर रितु प्रिया के मुताबिक, आयुष्मान योजना में प्रस्तावित बदलाव से लोगों को अपने घर के नजदीक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और जिला अस्पतालों में इलाज मिलने का अवसर मिल सकता है। हालांकि, इसके लिए सरकारी स्वास्थ्य ढांचे (Healthcare Infrastructure) को मजबूत करना जरूरी है।
उनके मुताबिक, सरकारी अस्पतालों में सर्जन, एनेस्थीसियोलॉजिस्ट यानी बेहोशी देने वाले डॉक्टर और अन्य विशेषज्ञों के करीब 70% पद खाली हैं। बड़े शहरों में नई व्यवस्था को संभालना संभव हो सकता है, लेकिन गांवों में डॉक्टरों और जरूरी चिकित्सा सुविधाओं की कमी परेशानी बढ़ा सकती है।
इमरजेंसी में मरीजों की बढ़ सकती है परेशानी
प्रो. रितु प्रिया के मुताबिक, सरकारी अस्पतालों में मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति भी कमजोर है। आपातकालीन मामलों में नए नियमों के कारण इलाज मिलने में देरी की आशंका है। उन्होंने सिजेरियन डिलीवरी का उदाहरण देते हुए बताया कि मरीज को दूसरे अस्पताल में भेजने से पहले अस्पताल की क्षमता से जुड़े प्रमाण देने की प्रक्रिया में देरी हो सकती है।
ऐसी स्थिति में मरीज की जान भी खतरे में पड़ सकती है। उन्होंने सरकार को सलाह दी है कि शुरुआत में नियमों में कुछ छूट दी जाए और विशेषज्ञ डॉक्टरों के खाली पदों को समय पर भरा जाए। इससे आम लोगों को नई व्यवस्था का लाभ मिलने में आसानी होगी।
FAQs:
- आयुष्मान भारत योजना में क्या बदलाव होने वाला है?
केंद्र सरकार ने सिर्फ सरकारी अस्पतालों के लिए आरक्षित इलाज के पैकेज की संख्या 23 से बढ़ाकर 112 करने का प्रस्ताव रखा है। - आयुष्मान भारत योजना के नए नियम कब लागू होंगे?
प्रस्ताव के मुताबिक, नई व्यवस्था 1 दिसंबर से लागू हो सकती है। हालांकि, इस पर अंतिम फैसला होना बाकी है। - आयुष्मान योजना के 112 पैकेज में कौन-कौन से इलाज शामिल हैं?
इनमें गंभीर एनीमिया, हाई ब्लड प्रेशर, किडनी स्टोन का दर्द, पेशाब में संक्रमण, बवासीर का ऑपरेशन, हाइड्रोसील और गर्भाशय से जुड़ी चिकित्सकीय प्रक्रियाएं समेत कई इलाज शामिल हैं।