इस रविवार देशभर में खुले रहेंगे बैंक, 3 दिन की लगातार हड़ताल से पहले RBI का फैसला

Sumit Kumar | Sept 23, 2026, 15:44 IST
27 सितंबर 2026 को रविवार होने के बावजूद देश के सभी सरकारी बैंक और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक खुले रहेंगे। Photograph: (The sootr)
27 सितंबर को रविवार होने के बावजूद देश के सभी सरकारी बैंक खुले रहेंगे। RBI ने बैंकिंग सेवाएं सुचारू रखने के लिए रविवार को बैंक शाखाओं, कार्यालयों और अन्य जरूरी सेवाओं के संचालन की मंजूरी दी है।

Banks open on sunday: बैंक ग्राहकों के लिए राहत की खबर है। इस बार रविवार को भी सरकारी बैंक खुले रहेंगे। 27 सितंबर 2026 को देशभर की सरकारी बैंक शाखाओं में सामान्य दिनों की तरह कामकाज होगा।



RBI ने बैंकिंग सेवाएं जारी रखने के लिए रविवार को बैंक खोलने की अनुमति दी है। यह फैसला 28 सितंबर से शुरू होने वाली तीन दिन की प्रस्तावित बैंक हड़ताल को देखते हुए लिया गया है, ताकि ग्राहकों को परेशानी का सामना न करना पड़े।



क्यों खुल रहे रविवार को बैंक?

दरअसल, 26 और 27 सितंबर को बैंकों की छुट्टी (Bank holiday) है। इसके बाद 28 से 30 सितंबर तक बैंक यूनियनों ने देशभर में हड़ताल का ऐलान किया है।



अगर रविवार को भी बैंक बंद रहते तो ग्राहकों को लगातार कई दिनों तक बैंकिंग सेवाओं के लिए परेशानी उठानी पड़ सकती थी। इसी को देखते हुए सरकार और RBI ने 27 सितंबर को बैंक खुले रखने का फैसला लिया है।



बता दें कि बैंकों में हर महीने के दूसरे और चौथे शनिवार को छुट्टी रहती है। 26 को शनिवार है।



किन बैंकों में होगा काम?

27 सितंबर को सभी सरकारी बैंक और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक सामान्य दिनों की तरह खुले रहेंगे। इसमें SBI, बैंक ऑफ बड़ौदा, पंजाब नेशनल बैंक, केनरा बैंक, यूनियन बैंक समेत अन्य सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक शामिल हैं।



इस दिन बैंक शाखाओं के साथ बैंक कार्यालय, ATM से जुड़े कामकाज और करेंसी चेस्ट भी सामान्य रूप से संचालित होंगे। इससे ग्राहकों को बैंकिंग सेवाएं लेने में आसानी होगी।



ग्राहकों को मिलेगी ये सुविधा

रविवार को बैंक (Bank) खुले रहने से ग्राहक जरूरी बैंकिंग काम निपटा सकेंगे। कैश जमा-निकासी, बैंकिंग से जुड़े जरूरी काम और अन्य सेवाओं में राहत मिलेगी।



वित्त मंत्रालय ने कहा है कि ग्राहकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह व्यवस्था की गई है। सरकार ने बैंक संगठनों से हड़ताल वापस लेने की अपील भी की है।



बैंक कर्मचारी क्यों कर रहे हैं हड़ताल?

बैंक कर्मचारी 28 से 30 सितंबर तक अपनी मांगों को लेकर देशभर में हड़ताल करने वाले हैं। कर्मचारियों की पहली बड़ी मांग पेंशन नियमों में बदलाव की है। उनका कहना है कि पुराने और नए पेंशनधारकों के बीच का अंतर कम किया जाना चाहिए। कई पुराने कर्मचारियों की पेंशन पुराने वेतनमान के आधार पर तय है, जबकि समय के साथ वेतन में कई बदलाव हो चुके हैं।



कर्मचारियों की दूसरी बड़ी मांग पांच दिन का बैंकिंग वीक लागू करने की है। बैंक संगठन चाहते हैं कि बैंक सिर्फ सोमवार से शुक्रवार तक काम करें और शनिवार-रविवार को छुट्टी रहे। उनका कहना है कि केंद्र सरकार, RBI और बीमा क्षेत्र में पहले से पांच दिन कामकाज की व्यवस्था लागू है, इसलिए बैंकिंग सेक्टर में भी इसे लागू किया जाना चाहिए।



कर्मचारी संगठनों का तर्क है कि अब बैंकिंग सेवाएं काफी हद तक डिजिटल हो चुकी हैं। मोबाइल बैंकिंग, UPI, इंटरनेट बैंकिंग और ATM जैसी सुविधाओं से ग्राहक कई काम घर बैठे कर लेते हैं। ऐसे में पांच दिन के कार्य सप्ताह से बैंकिंग सेवाओं पर ज्यादा असर नहीं पड़ेगा।



ये भी पढ़ें...

एलपीजी से लेकर बैंक एफडी तक, 1 अक्टूबर से बदल जाएंगे ये जरूरी नियम



ED इंदौर ने 307 करोड़ के बैंक लोन घोटाले में 3.91 करोड़ की संपत्ति की अटैच



730 से कम है सिबिल स्कोर, तो नहीं मिलेगा लोन, आरबीआई लाया नया ECL फ्रेमवर्क



छत्तीसगढ़ में बैंक बंद : 5-डे वर्किंग की मांग को लेकर सड़कों पर हजारों कर्मचारी



Tags:
  • RBI
  • आरबीआई
  • Bank holiday
  • Bank
  • बैंक
  • बैंक हड़ताल