युवक ने गर्लफ्रेंड पर लुटाए 3 लाख, अगले ही दिन ब्रेकअप; अब मांग रहा कानूनी सलाह
ब्रिटेन के एक 21 वर्षीय युवक ने अपनी तीन साल पुरानी गर्लफ्रेंड को जन्मदिन पर करीब 2,500 पाउंड यानी 3.1 लाख रुपए का महंगा गेमिंग PC दिया। अगले ही दिन उसकी गर्लफ्रेंड ने उससे रिश्ता खत्म कर दिया। युवक को बाद में पता चला कि लड़की पहले से ब्रेकअप की योजना बना चुकी थी।
जन्मदिन तक का इंतजार सिर्फ महंगा गिफ्ट लेने के लिए किया था। परेशान युवक ने सोशल मीडिया मंच Reddit पर अपनी कहानी साझा की और पूछा कि क्या वह गेमिंग PC वापस ले सकता है। यह पोस्ट वायरल हो गई और दुनियाभर में बहस छिड़ गई।
तीन साल का रिश्ता, एक दिन में खत्म
युवक ने Reddit के r/LegalAdviceUK (लीगल एडवाइस यूके) पेज पर यह पोस्ट की है। उसने लिखा कि वह अपनी गर्लफ्रेंड के साथ तीन साल से रिश्ते में था। लड़की काफी समय से एक हाई-एंड गेमिंग कंप्यूटर चाहती थी। उसने उसके जन्मदिन को खास बनाने के लिए करीब 2,500 पाउंड यानी करीबन 3.1 लाख रुपए का गेमिंग PC खरीदकर उपहार में दिया।
लेकिन अगले ही दिन उसकी गर्लफ्रेंड ने एक झटके में रिश्ता खत्म कर दिया। युवक के लिए यह पूरी तरह अप्रत्याशित था। वह न सिर्फ दिल से टूट गया, बल्कि 3 लाख रुपए का नुकसान भी उसे सता रहा था।
कैसे सामने आई असली सच्चाई
मामला तब और चौंकाने वाला बन गया जब दोनों के परिचित ने युवक को बताया कि उसकी गर्लफ्रेंड कई महीनों से ब्रेकअप की योजना बना रही थी। लेकिन वह जन्मदिन तक इसलिए रुकी रही ताकि महंगा गिफ्ट मिल सके।
युवक का दावा है कि उसे कुछ स्क्रीनशॉट भी मिले हैं, जिनमें लड़की कथित रूप से यह बात कबूल कर रही थी कि, वह गिफ्ट लेने के बाद रिश्ता तोड़ने वाली थी। हालांकि इन दावों और स्क्रीनशॉट की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। Daily Dot ने भी स्वीकार किया कि Reddit पोस्ट में किए गए दावों को वे वेरिफाई नहीं कर सके।
Reddit पर मांगी कानूनी सलाह
युवक का मन मान नहीं रहा था। उसने पोस्ट में लिखा कि अगर पहले से पता होता कि रिश्ता खत्म होने वाला है, तो वह कभी इतनी बड़ी रकम खर्च नहीं करता। उसने पूछा कि क्या कानूनी तौर पर वह गेमिंग PC वापस मांग सकता है।
कानून क्या कहता है
Reddit पर कई कानूनी जानकारों ने जवाब दिया। उन्होंने बताया कि ब्रिटेन के कानून में एक बार दिया गया उपहार आमतौर पर प्राप्तकर्ता की संपत्ति मानी जाती है। सिर्फ रिश्ता टूट जाने से उपहार वापस मांगने का कोई स्वाभाविक कानूनी अधिकार नहीं मिल जाता।
एक यूजर ने यह भी बताया कि PC के साथ आने वाली वारंटी और उपभोक्ता अधिकार (Consumer Rights) खरीदार के नाम पर हैं। यानी अगर PC में कोई खराबी आई, तो लड़की को वारंटी क्लेम के लिए युवक के पास ही आना पड़ेगा।
सोशल मीडिया पर बहस
यह पोस्ट देखते-देखते वायरल हो गई। हजारों लोगों ने टिप्पणियां की। एक तरफ लोगों ने युवक के साथ हमदर्दी जताई। दूसरी तरफ कुछ लोगों ने कहा कि कानूनी लड़ाई में जाने से ज्यादा नुकसान होगा और इसे जीवन का एक कड़वा सबक मानकर आगे बढ़ना चाहिए।
भरोसे और तोहफे का सवाल
इस पूरी घटना ने एक बड़ा सवाल खड़ा किया। रिश्तों में महंगे उपहार, भावनात्मक भरोसा और आर्थिक अपेक्षाएं कहां तक जायज हैं? कई लोगों ने सोशल मीडिया पर लिखा कि किसी रिश्ते की सबसे बड़ी नींव विश्वास होता है। जब वही टूट जाए तो आर्थिक नुकसान से ज्यादा दिल को चोट लगती है।
युवक के लिए अब 3.1 लाख रुपए वापस मिलना मुश्किल लग रहा है। लेकिन उसकी कहानी ने दुनियाभर के लोगों को रिश्तों में भरोसे के बारे में सोचने पर मजबूर कर दिया।
ये खबरें भी पढ़ें....
सरकारी कंपनी REC का PFC में विलय, राष्ट्रपति की मंजूरी मिली
सेंट्रल जीएसटी की बड़ी कार्रवाई : 17 करोड़ के फर्जीवाड़े में एमपी का कारोबारी गिरफ्तार
घटिया सामग्री से बनीं सड़कें, निरीक्षण में खुली पोल, 8 कंपनी होंगी ब्लैकलिस्ट
बिजली का बिल 4.80% महंगा, विद्युत नियामक आयोग ने जारी किया टैरिफ