क्या आप भी अकेले हैं? इन्हें सुनाएं अपने दुखड़े, मामूली दुख के 250 और रोने देने होंगे एक हजार
News in Short
- मुंबई के बीच पर शख्स बोर्ड लगाकर लोगों का दुख सुन रहा है।
- मामूली दुख सुनने के लिए वह 250 रुपए की फीस लेता है।
- बड़ा दुख सुनने की कीमत बोर्ड पर 500 रुपए लिखी है।
- ग्राहक के साथ बैठकर रोने के लिए 1000 रुपए चार्ज है।
- वीडियो वायरल होने के बाद लोग अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
News In Detail
आज की भागदौड़ भरी जिंदगी और सोशल मीडिया की चकाचौंध के बीच इंसान अंदर से कितना खोखला हो चुका है, इसका एक उदाहरण मुंबई के एक बीच पर देखने को मिला है। वायरल हो रहे एक वीडियो (वायरल वीडियो) में एक शख्स बोर्ड लगाकर बैठा है।
हैरानी की बात ये है कि वो शख्स कोई सामान नहीं बेच रहा, बल्कि आपके दुख खरीदने का दावा कर रहा है। मुंबई के इस शख्स ने इसी मानवीय जरूरत को अपना बिजनेस बना लिया है। इंटरनेट पर इस इमोशनल बिजनेस ने तहलका मचा दिया है।
रेट कार्ड पर लगी आंसुओं की बोली
हैरान कर देने वाली बात यह है कि इस शख्स ने दुख की शिद्दत के हिसाब से अपनी फीस तय की है।
- मामूली दुख 250 रुपए
- बड़ा दुख 500 रुपए
- साथ बैठकर रोने के लिए एक हजार रुपए लगेंगे
सुनने में यह शायद किसी फिल्म का सीन या कोई मजाक लग रहा होगा, लेकिन देखा जाए तो इसके पीछे छिपा दर्द बहुत गहरा है। यह बोर्ड बताता है कि आज के दौर में किसी अपने की मदद मिलना कितना मुश्किल हो गया है।
जब दोस्त और परिवार के पास वक्त नहीं होता...
लोगों ने यह कभी नहीं सोचा होगा कि एक दिन दुख को बांटने के लिए भी इंसान को अपनी जेब ढीली करनी पड़ेगी। आज का युवा जो दिन भर हजारों लोगों से चैट करता है। वहीं रात को अक्सर खुद को बिल्कुल अकेला पाता है।
अक्सर लोग अपने मन की बात अपनों से इसलिए नहीं कह पाते क्योंकि उन्हें जज किए जाने का डर होता है। लोग डरते हैं कि उनकी कमजोरी का मजाक न उड़ाया जाए। इसी डर और अकेलेपन का नतीजा है कि कई बार युवा आत्महत्या करने जैसा कदम उठा लेते हैं। उन्हें बस कोई ऐसा चाहिए होता है जो बिना टोके बस उनकी बात सुन ले।
क्या हम भावनाओं का व्यापार कर रहे हैं?
यह कॉन्सेप्ट विदेशों में (जैसे अमेरिका के कडलिस्ट डॉट कॉम) पहले से ही करोड़ों का बिजनेस बन चुका है। वहां लोग प्रोफेशनल लिसनर्स को घंटों के हिसाब से डॉलर देते हैं। भारत में मुंबई के बीच पर दिखा यह नजारा इशारा कर रहा है कि, अब हमारे देश में भी अकेलापन बढ़ रहा है।
ये खबरें भी पढ़िए...
मुरैना मर्डर केस: जिससे शादी करने के लिए परिवार से लड़ा उसी ने प्रेमी संग मिलकर उतारा मौत के घाट
350 किमी दूर प्रेमी-प्रेमिका की दर्दनाक कहानी, कॉल के बाद दोनों ने की आत्महत्या
देश दुनिया न्यूज: दुनियाभर में गहराएगा खाद संकट: मिडिल ईस्ट की जंग का खेती पर होगा असर
गैस सिलेंडर बुकिंग के नियम बदले, अब 21 नहीं इतने दिन बाद होगा सिलेंडर बुक